Tuesday, June 23, 2026
Homeदेशपुलिस की अपील : फर्जी ट्रेडिंग ऐप, व्हाट्सएप इन्वेस्टमेंट ग्रुप, डिजिटल अरेस्ट...

पुलिस की अपील : फर्जी ट्रेडिंग ऐप, व्हाट्सएप इन्वेस्टमेंट ग्रुप, डिजिटल अरेस्ट और AI आधारित साइबर ठगी से रहें सतर्क

पुलिस ने नागरिकों को साइबर अपराधियों द्वारा अपनाए जा रहे नए और आधुनिक ठगी के तरीकों के प्रति सतर्क रहने की अपील की है। वर्तमान समय में साइबर ठग आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI), फर्जी ट्रेडिंग प्लेटफॉर्म, व्हाट्सएप इन्वेस्टमेंट ग्रुप, डिजिटल अरेस्ट, ऑनलाइन लोन ऐप, फर्जी कूरियर पार्सल, सोशल मीडिया अकाउंट हैकिंग तथा QR कोड स्कैम के माध्यम से लोगों को अपना शिकार बना रहे हैं।

हिसार के पुलिस अधीक्षक सिद्धांत जैन ने बताया कि साइबर अपराधी स्वयं को पुलिस अधिकारी, सीबीआई, ईडी, आयकर विभाग, बैंक अधिकारी या किसी प्रतिष्ठित कंपनी का प्रतिनिधि बताकर लोगों को डराते, लालच देते अथवा भ्रमित करते हैं। कई मामलों में अपराधी AI तकनीक का उपयोग कर परिचित व्यक्ति की आवाज की नकल करके भी पैसे मांग रहे हैं। नागरिकों को ऐसे किसी भी कॉल, वीडियो कॉल या संदेश पर बिना सत्यापन विश्वास नहीं करना चाहिए।

साइबर अपराध होने पर क्या करें 

यदि किसी व्यक्ति के साथ साइबर धोखाधड़ी होती है तो वह तुरंत राष्ट्रीय साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 पर कॉल करें तथा www.cybercrime.gov.in पोर्टल पर शिकायत दर्ज करवाएं। साइबर अपराध की सूचना जितनी जल्दी दी जाएगी, ठगी गई राशि को होल्ड या रिकवर करने की संभावना उतनी अधिक होगी।

एसपी हिसार ने नागरिकों से अपील की है कि किसी भी अनजान कॉल, लिंक, निवेश प्रस्ताव या ऑनलाइन ऑफर पर आंख मूंदकर भरोसा न करें। जागरूकता, सतर्कता और समय पर शिकायत ही साइबर अपराधों से बचाव का सबसे प्रभावी उपाय है।

साइबर सुरक्षा के लिए महत्वपूर्ण सावधानियां 

  •  किसी भी व्यक्ति के साथ OTP, CVV, UPI PIN, नेट बैंकिंग पासवर्ड या बैंक संबंधी गोपनीय जानकारी साझा न करें।
  • व्हाट्सएप, टेलीग्राम या सोशल मीडिया पर निवेश संबंधी ग्रुपों में दिए गए मुनाफे के झूठे दावों से सावधान रहें।
  • किसी भी अनजान लिंक, APK फाइल या मोबाइल एप्लीकेशन को डाउनलोड न करें।
  • QR कोड स्कैन करते समय सावधानी बरतें। QR कोड स्कैन करने से पैसा प्राप्त नहीं बल्कि आपके खाते से पैसा कट भी सकता है।
  •  सोशल मीडिया अकाउंट पर टू-फैक्टर ऑथेंटिकेशन (2FA) अवश्य सक्रिय करें।
  • ऑनलाइन लोन, पार्ट टाइम जॉब, वर्क फ्रॉम होम और टास्क आधारित कमाई के झांसे में न आएं।
  •  किसी भी वीडियो कॉल पर पुलिस, जांच एजेंसी या बैंक अधिकारी बनकर पैसे मांगने वालों से सतर्क रहें।
  •  किसी भी संदिग्ध कॉल या संदेश की स्वतंत्र रूप से पुष्टि करें और जल्दबाजी में कोई वित्तीय लेन-देन न करें।
    अपने मोबाइल और कंप्यूटर में नियमित रूप से सुरक्षा अपडेट इंस्टॉल करें।
RELATED NEWS

Most Popular