रोहतक : पेडों की महिमों को हमारे पुराणों में भी बताया गया है, इसीलिए हमारे ऋषि मुनी भी हमेशा ध्यान और तप करने के लिए घने जंगलों में जाते थे क्योंकि पेड की छाया मे ही हमें आत्मा, परमात्मा, सुख शांति से साक्षात्कार होता है। वहीं आज की आधुनिक दुनिया में पेड़ों को बचाना बहुत जरुरी है जहां शहरीकरण, औद्योगिकीकरण और ग्लोबल वार्मिंग तेजी से बढ़ रहा है। ऐसे तकनीकी दुनिया में, जहाँ लोग अपने लिये केवल कार्य कर रहे है,वहीं केवल पेड़ दूसरों के लिये जीते हैं। यह कहना है पंडित भगवत दयाल शर्मा स्वास्थ्य विज्ञान विश्वविद्यालय के कुलपति डाॅ.एच.के. अग्रवाल का। वें बुधवार को विश्वविद्यालय के संघटक महाविद्यालयों के अधिकारियों को ऑनलाइन माध्यम से संबोधित कर रहे थे।
सभी कॉलेजों के निदेशकों एवं प्राचार्यों को संबोधित करते हुए कुलपति डाॅ.एच.के. अग्रवाल ने कहा कि भारत सरकार द्वारा एक पेड़ मां के नाम 2.0 मुहिम शुरू की गई है। यह मुहिम हमारे लिए है, हमारे देश के पर्यावरण को बचाने के लिए है तो ऐसे में हम इस मुहिम में अपनी अधिक से अधिक भागीदारी दिखाते हुए अधिक से अधिक पेड़ लगाते हुए सघन वन क्षेत्र बनाने के लिए वचनबद्ध होना चाहिए। उन्होंने कहा कि छात्रों के लिए यह मुहिम एक भावनात्मक, वैज्ञानिक तथा स्थिरता ट्रेनिंग मॉड्यूल है।
डाॅ. अग्रवाल ने कहा कि इस अभियान से हम नेट जीरो 2070 गोल के लक्ष्य को प्राप्त कर पाएंगे। उन्होंने कहा कि मियां वाकी तकनीक के माध्यम से सघन वन के लिए क्षेत्र चुनें और उसे विकसित करें।
डाॅ. अग्रवाल ने बताया कि यदि किसी भी कॉलेज को अपने सघन वन क्षेत्र अभियान में कोई समस्या आती है तो वह निस्कोंच विश्वविद्यालय के संपदा कार्यालय से संपर्क कर सकता है। उन्होंने बताया कि जिन कालेजों की उपलब्धि उत्कृष्ट होगी, उन्हें विश्वविद्यालय द्वारा सम्मानित किया जाएगा। उन्होंने सभी मौजूद विश्वविद्यालय के अधिकारियों, कर्मचारियों तथा ऑनलाइन मौजूद सभी कॉलेजों के प्रतिनिधियों को एक पेड़ मां के नाम लगाने के लिए शपथ भी दिलाई। उन्होंने कहा कि इसके संबंध में जल्द ही एक और मीटिंग ली जाएगी। इस अवसर पर निदेशक डाॅ.एस.के. सिंघल, डीन पीजीआईएमएस डाॅ. अशोक चौहान, जनसंपर्क विभाग के इंचार्ज डाॅ. वरूण अरोड़ा, डाॅ. रोहित, डाॅ. विनोद मेहरा, संपदा अधिकारी इंजीनियर दुष्यंत, डाॅ. जसबीर सिंह, सिक्योरिटी अधिकारी संजय कादियान सहित संबंधित कॉलेजों के प्राचार्य उपस्थित रहे।
कपल हाॅस्टल के पास बनेगा सघन वन क्षेत्र
पीजीआईएमएस में पौधारोपण एवं सघन वन क्षेत्र बनाने के लिए संपदा अधिकारी दुष्यंत शर्मा और डाॅ. विनोद मेहरा को संयुक्त जिम्मेदारी सौंपी गई है। इसके अंतर्गत 8 एफएम के मकानों के पीछे कपल हाॅस्टल के पास खाली जमीन का चयन किया गया है, जिस पर फैकल्टी, स्टाफ व छात्रों के साथ मिलकर एक सघन वन क्षेत्र विकसित किया जाएगा।