Tuesday, July 15, 2025
Homeस्वास्थ्यPGIMS रोहतक ने कलाकार गजेंद्र फौगाट को ब्रांड एम्बेसडर बनाया, लोगों को...

PGIMS रोहतक ने कलाकार गजेंद्र फौगाट को ब्रांड एम्बेसडर बनाया, लोगों को अंगदान के लिए प्रेरित करेंगे

रोहतक: अब समय की मांग है कि अंगदान के प्रति हर घर तक जागरूकता फैलाई जाए क्योंकि जिस हिसाब से लोगों के जीवन को बचाने के लिए विभिन्न अंगों की जरूरत पड रही है उसके अनुसार अंगदान बहुत कम है। इसके चलते हर साल लाखों लोगों को अपना जीवन अंगों के अभाव में खोना पड रहा है। प्रदेश में लोगों को अंगदान के प्रति जागरूक करने के लिए विख्यात कलाकार गजेंद्र फौगाट को अंगदान जागरूकता का ब्रांड एंबेसडर बनाया गया है। यह कहना है पंडित भगवत दयाल शर्मा स्वास्थ्य विज्ञान विश्वविद्यालय के कुलपति डाॅ.एच.के. अग्रवाल का। वें इस संबंध में मंगलवार को एक पत्रकार वार्ता को संबोधित कर रहे थे।

डाॅ.एच.के. अग्रवाल ने कहा कि पीजीआईएमएस रोहतक में स्थित स्टेट ऑर्गन एंड टिशु ट्रांसप्लांट ऑर्गेनाइजेशन सोटो ने अंगदान के प्रति जागरूकता बढ़ाने के लिए एक महत्वपूर्ण पहल की है। उन्होंने प्रमुख गायक गजेंद्र फौगाट को ब्रांड एंबेसडर बनाया है, जिसका उद्देश्य प्रदेश में अंगदान के बारे में लोगों को जागरूक करना है। डाॅ.एच.के. अग्रवाल ने कहा कि अंगदान एक ऐसा कार्य है जिससे एक व्यक्ति की मृत्यु के बाद भी कई लोगों की जिंदगी बचाई जा सकती है। ब्रेन डेड होने पर अंगदान करने वाला व्यक्ति अपने अंगों के जरिए 8 लोगों का जीवन बचा सकता है। लेकिन देश में अंगदान की कमी के कारण लाखों लोग मौत के मुंह में चले जाते हैं।

निदेशक डाॅ.एस.के. सिंघल ने कहा कि अंगदान के प्रति जागरूकता बढ़ाने के लिए कलाकार और मीडिया महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकते हैं। कलाकारों को लोग सुनते हैं और उनके गानों से प्रेरित भी होते हैं ऐसे में कलाकार लोगों को जागरूक करने में मदद कर सकता है। इसी उद्देश्य से पीजीआईएमएस रोहतक और स्टेट ऑर्गन एंड टिशु ट्रांसप्लांट ऑर्गेनाइजेशन ने गजेंद्र फोगाट को ब्रांड एंबेसडर बनाया है। डाॅ. सिंघल ने कहा कि जुलाई माह को अंगदान जागरूकता माह के तौर पर मनाया जाता है, ऐसे में हमारा प्रयास रहेगा कि विभिन्न कार्यक्रमों के माध्यम से प्रदेश में अंगदान के प्रति शहरों और गांवों में लोगों को जागरूक किया जाए। चिकित्सा अधीक्षक डॉ. कुंदन मित्तल ने बताया कि वर्ष अंगदान दिवस की थीम अंगदान-जीवन संजीवनी अभियान रखी गई है।

मुख्यमंत्री के ओएसडी व विख्यात कलाकार गजेंद्र फौगाट ने उन्हें इस अभियान का ब्राण्ड अम्बेसडर बनाने पर सोटो टीम का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि इस अभियान से जुड़ने के व्यक्तिगत कारण भी हैं। उन्होंने कहा कि मेरे जीवन में कई ऐसी घटनाएं हुई जिनके कारण ऑर्गन ट्रांसप्लांट की आवश्यकता महसूस हुई पर उस समय ऐसी सुविधा हरियाणा में नहीं थी। आज यहाँ पर ऐसी सुविधा के होने के कारण बहुत सी जानें बचेंगी। गजेंद्र फौगाट ने बताया कि वे जल्द ही इस विषय पर एक ऑडियो विजुअल गीत भी बनाएंगे। इसके अलावा एक शार्ट फिल्म भी बनाने पर विचार किया जा रहा है जिनमे वास्तविक मरीजों व उनसे जुड़े अनुभवों को चित्रित किया जाएगा।इसके अलावा 3 अगस्त को राष्ट्रीय ऑर्गन ट्रांसप्लांट डे के अवसर पर एक बड़ा कार्यक्रम भी आयोजित करने पर विचार हुआ है, जिसे जल्द ही मूर्तरूप देकर आयोजन को तैयारी करेंगे।

सोटो के नोडल अधिकारी डाॅ. सुखबीर सिंह ने कहा कि इन प्रयासों से प्रदेश में अंगदान के प्रति जागरूकता बढ़ाने और लोगों को इसके महत्व के बारे में जानकारी देने में मदद मिलेगी। गजेंद्र फोगाट की भागीदारी से इस अभियान को और अधिक प्रभावी बनाने में मदद मिलेगी और लोगों को अंगदान के महत्व के बारे में जागरूक करने में सफलता मिलेगी।

मंच का संचालन जनसंपर्क विभाग के इंचार्ज डाॅ. वरुण अरोड़ा ने बताया कि अंगदान के लिए कोई भी व्यक्ति चिकित्सा अधीक्षक कार्यालय में स्थित सोटो कार्यालय में संपर्क कर सकता है। ट्रांसप्लांट कोऑर्डिनेटर दीप्ति ने बताया कि नोटो द्वारा अंगदान जागरूकता के लिए एक हेल्पलाइन 1800114770 भी चलाई जा रही है।

- Advertisment -
RELATED NEWS
- Advertisment -

Most Popular