Thursday, September 19, 2024
HomeGT एक्सक्लूसिवसंसद धुआं-धुआं, लोकसभा संसद में हमले की बरसी के दिन फिर हुई...

संसद धुआं-धुआं, लोकसभा संसद में हमले की बरसी के दिन फिर हुई सुरक्षा में भारी चूक, 4 गिरफ्तार

इस घटना को लेकर अध्यक्ष ओम बिरला ने कहा कि घटना की जांच हो रही है। दोनों आरोपी पकड़े गए हैं और इनके पास से सभी तरह की सामग्री को जब्त कर लिया गया है।

नई दिल्ली। संसद में हुए आतंकी हमले की आज 22वीं बरसी है। लेकिन आज ही एक दिन संसद की सुरक्षा में बड़ी चूक देखने को मिली है। दरअसल, बुधवार दोपहर करीब एक बजे दो लोग लोकसभा में दर्शक दीर्घा से सदन के भीतर कूद पड़े और पीली गैस का स्प्रे करने लगे। इसके बाद इनमें से एक शख्स लोकसभा स्पीकर की कुर्सी की तरफ दौड़ने लगा। इन आरोपियों के सदन में कूदने के बाद वहां मौजूद सांसदों ने हिम्मत दिखाते हुए दोनों आरोपियों को सदन के अंदर ही पकड़ लिया। इस घटना को लेकर अध्यक्ष ओम बिरला ने कहा कि घटना की जांच हो रही है। दोनों आरोपी पकड़े गए हैं और इनके पास से सभी तरह की सामग्री को जब्त कर लिया गया है।

दर्शक दीर्घा से कूदते हुए आरोपी

वहीं, संसद के बाहर नारेबाजी कर रही हिसार की एक महिला और शख्स को भी पुलिस ने हिरासत में ले लिया है। हालांकि, बाद में इन सभी चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है। इस घटना के बाद दर्शक दीर्घा को अगले आदेश तक के लिए बंद कर दिया गया है। दरअसल, दोनों युवकों ने दर्शक दीर्घा के जरिए ही घटना को अंजाम दिया। लोकसभा की सुरक्षा में भारी चूक कई तरह के सवाल खड़े कर रही है। कई सांसदों ने इस घटना की जांच की मांग की है।

संसद के बाहर नारेबाजी करती हुई महिला

बता दें कि आरोपी शख्स ने सदन के अंदर फ्लोरोसेंट गैस का छिड़काव भी किया। खास बात ये है कि हमला करने वाले लोग दो अलग-अलग ग्रुप में आए थे। एक ग्रुप संसद के अंदर गया जबकि दूसरा ग्रुप संसद भवन की इमारत के बाहर ही रुका रहा। दिल्ली पुलिस ने बाहर मौजूद आरोपियों को पकड़ा लिया है जबकि अंदर घुसे शख्स को संसद भवन के अंदर ही पकड़ लिया गया है। संसद के अंदर जो 2 लोग पकड़े हैं ,उनमें एक नाम सागर शर्मा है और दूसरे का नाम मनोरंजन डी है। ये दोनों कर्नाटक के हैं।

आरोपी युवक

उसी वक्त सदन के बाहर भी सुरक्षाकर्मियों ने दो लोगों को गिरफ्तार किया है। ये दोनों सदन के बाहर प्रदर्शन कर रहे थे और वैसा ही कलर स्प्रे उनके पास से भी मिला है। इनमें एक महिला भी थी। जिसका नाम नीलम बताया जा रहा था। वहीं, दूसरे शख्स का नाम अनमोल शिंदे है। दोनों भारत माता की जय, जय भीम, तानाशाही नहीं चलेगी, जैसे नारे लगा रहे थे। जब पुलिस ने दोनों को हिरासत में लिया, तो दोनों चिल्ला रहे थे कि उनकी बात नहीं सुनी जा रही है। दोनों से सुरक्षा एजेंसियां पूछताछ कर रही हैं।

आरोपी महिला

लोकसभा में शून्यकाल की कार्यवाही के दौरान अचानक दो लड़के विजिटर्स गैलरी से नीचे कूद गए, उन्होंने पीले रंग की गैस भी छोड़ी। यह सिक्योरिटी लैप्स का मामला है। लोकसभा की सिक्योरिटी ब्रीच हुई है। हालांकि सांसदों ने तुरंत उन लड़कों को पकड़ लिया। वहीं कांग्रेस सांसद कार्ति चिदंबरम ने कहा कि अचानक करीब 20 साल के दो युवक दर्शक दीर्घा से सदन में कूद पड़े और उनके हाथ में टिन के डिब्बे थे, जिनसे पीला धुआं निकल रहा था। उनमें से एक अध्यक्ष की कुर्सी की ओर भागने की कोशिश कर रहा था। उन्होंने नारे लगाए। यह धुआं जहरीला हो सकता था। संसद हमले की बरसी के दिन यह सुरक्षा का गंभीर उल्लंघन है। इस घटना के बाद स्पीकर ओम बिरला ने विजिटर गैलरी के पास बनाने पर रोक लगा दी है।

संसद के अंदर कूदे दोनों युवक

इस पूरे मामले पर आश्चर्य जताते हुए कई संसद सदस्यों ने कहा कि सदन में प्रवेश करने से पांच लेवल की सुरक्षा से गुजरना पड़ता है और विजिटर गैलरी में जाने के लिए एक सांसद के कार्यालय से हस्ताक्षर की आवश्यकता होती है। जानकारी में सामने आया है कि इन चारों को प्रवेश पास बीजेपी सांसद प्रताप सिम्हा ने जारी किया था। प्रताप सिम्हा कर्नाटक के मैसूर से सांसद हैं और सूत्रों के मुताबिक चैंबर में कूदने वाले कम से कम एक शख्स का संबंध उनके निर्वाचन क्षेत्र से है। सांसद सिम्हा ने 2014-2019 में मैसूर निर्वाचन क्षेत्र से बीजेपी के टिकट पर जीत हासिल की थी। उन्होंने 2007 में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की जीवनी भी लिखी थी।

इस घटना का एक वीडियो भी सामने आया है, जिसमें एक शख्स हाथ में कुछ लिए लोकसभा के अंदर बने टेबल पर कूदता हुआ दिख रहा है। लोकसभा स्पीकर ओम बिरला ने कहा, इस घटना की सुरक्षा एजेंसियां जांच कर रही है। दिल्ली पुलिस को भी आदेश दे दिए गए हैं। हम सबकी चिंता थी कि धुआं क्या था, प्रारंभिक जांच में पता चला है कि ये धुआं साधारण था। इसकी जांच कर ली गई है। बता दें संसद की सुरक्षा में चूक ऐसे ही हुई थी, जब 13 दिसंबर 2001 में आतंकियों ने संसद भवन पर हमला किया था। इस हमले में 9 जवान शहीद हुए थे, जबकि 5 आतंकी मारे गए थे।

- Advertisment -
RELATED NEWS
- Advertisment -

Most Popular