Saturday, May 11, 2024
Homeहरियाणाहरियाणा में भारी बारिश-ओलावृष्टि का ऑरेंज अलर्ट, आज रात से बदलेगा मौसम...

हरियाणा में भारी बारिश-ओलावृष्टि का ऑरेंज अलर्ट, आज रात से बदलेगा मौसम जानें अपने इलाके के मौसम का हाल

- Advertisment -

हरियाणा में 1 और 2 मार्च को मौसम ज्यादा खराब रहने के आसार हैं। इस दौरान 30 से 40 किलोमीटर की स्पीड से सतही हवाएं चलने से लोगों की मुश्किलें बढ़ सकती हैं।

- Advertisment -

हिसार। हरियाणा में एक बार फिर आज रात से मौसम करवट लेने वाला है। कल यानी 1 से 3 मार्च तक गरज-चमक के साथ बारिश के आसार बने हुए हैं। मौसम विभाग ने इसको देखते हुए ऑरेंज और यलो अलर्ट जारी किया है। 1 और 2 मार्च को मौसम ज्यादा खराब रहने के आसार हैं। इस दौरान 30 से 40 किलोमीटर की स्पीड से सतही हवाएं चलने से लोगों की मुश्किलें बढ़ सकती हैं। सबसे अहम बात यह है कि बारिश के साथ कुछ स्थानों पर ओलावृष्टि की भी संभावना बनी हुई है।

पश्चिमी विक्षोभ उत्तरी पर्वतीय क्षेत्रों में सक्रिय

मौसम विशेषज्ञ डॉ. चंद्रमोहन ने बताया कि हरियाणा में वीरवार रात से मौसम में फिर से बदलाव आएगा। इसके साथ ही 1 से 3 मार्च के दौरान प्रदेश में बारिश के साथ ओलावृष्टि की भी संभावना रहेगी। बारिश से तापमान में फिर से गिरावट आएगी। वीरवार रात को एक मजबूत श्रेणी का पश्चिमी विक्षोभ उत्तरी पर्वतीय क्षेत्रों पर सक्रिय होगा। विक्षोभ के असर से दक्षिणी पंजाब व उत्तरी राजस्थान पर एक कम दबाव का क्षेत्र बनेगा। चूंकि बंगाल की खाड़ी में भी एक कम दबाव का क्षेत्र बना हुआ है तो इसे अरब सागर और बंगाल की खाड़ी दोनों जगहों से पूरी नमी मिलेगी। इसके असर से 1 से 3 मार्च के दौरान पंजाब, राजस्थान, हरियाणा, एनसीआर, दिल्ली, उत्तर प्रदेश और मध्यप्रदेश में तेज हवाओं के साथ हल्की से मध्यम बारिश होगी।

12 जिलों में ओलावृष्टि की संभावना

इस दौरान हवाओं की गति से 30-40 किलोमीटर प्रति घंटे रहेगी। इसके अलावा कहीं-कहीं गरज चमक के साथ ओलावृष्टि की संभावना बन रही है। इसे लेकर भारतीय मौसम विभाग ने पंचकूला, अंबाला, यमुनानगर, कुरुक्षेत्र, करनाल, कैथल, जींद, रोहतक, झज्जर, पानीपत, सोनीपत, गुरुग्राम के लिए ऑरेंज और बाकी जिलों के लिए येलो अलर्ट जारी किया है। 2 मार्च को इस विक्षोभ का अधिक असर रहेगा। इस विक्षोभ के आगे बढ़ने के साथ एक बार फिर से धुंध व तापमान में गिरावट आएगी। 2 मार्च को हरियाणा के सभी 22 जिलों में ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। यहां इस दौरान गरज-चमक के साथ तेज बारिश और ओलावृष्टि के आसार बने हुए हैं। इस दिन 40 किलोमीटर स्पीड से हवाएं भी चलेंगी।

न्यूनतम तापमान में कमी दर्ज की गई

सोनीपत में सुबह से ही धूप खिली हुई है। न्यूनतम तापमान में कमी दर्ज की गई है। न्यूनतम तापमान 8.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। बुधवार को न्यूनतम तापमान 8.2 डिग्री व अधिकतम तापमान 23.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया था। तापमान 10 डिग्री से कम होने से लोगों को सुबह-शाम ठंड का अहसास हो रहा है। दिनभर तेज हवा चलने से प्रदूषण का स्तर हरे रंग में है। 1 मार्च से बारिश आने की संभावना जताई गई है।

करनाल की रात सबसे ठंडी

हरियाणा में इन दिनों दिन और रात के तापमान में लगभग 20 डिग्री का अंतर चल रहा है। दिन में धूप निकलने के कारण कुछ जिलों का अधिकतम तापमान 26 डिग्री तक पहुंच गया है। 24 घंटे के आंकड़ों के दौरान महेंद्रगढ़ सबसे गर्म दर्ज किया गया, यहां का अधिकतम तापमान 26.5 डिग्री रिकॉर्ड किया गया। इसके बाद फरीदाबाद का 25.7 और फिर सिरसा का 25.0 डिग्री अधिकतम तापमान रहा। वहीं, न्यूतनतम तापमान की बात करें तो करनाल की रात सबसे ठंडी दर्ज हुई। यहां का न्यूनतम पारा 6.9 डिग्री रिकॉर्ड किया गया। इसके बाद यमुनानगर 7.5 और फिर हिसार और महेंद्रगढ़ 7.6 डिग्री रहा।

गेहूं की फसल को मौसम से फायदा

कृषि विशेषज्ञों के अनुसार बीते सप्ताह तापमान बढ़ने से गेहूं की फसल के रोग की चपेट में आने की आशंका बन गई थी। तापमान में गिरावट के कारण गेहूं की फसल का अच्छा पकाव हो सकता है। गर्म जमीन से दीमक बाहर आकर गेहूं को नष्ट कर सकती है। इस समय मौसम गेहूं की फसल के लिए काफी कारगर बना हुआ है। ओलावृष्टि के बिना होने वाली बरसात गेहूं का उत्पादन बढ़ाने का काम करेगी। सरसों की कटाई का कार्य भी तेजी से चल रहा है, परंतु पछेती फसल अभी कटाई के लिए तैयार नहीं हुई है।

- Advertisment -
RELATED NEWS
- Advertisment -
- Advertisment -

Most Popular