NEET Paper Cancelled: नेशनल टेस्टिंग एजेंसी (NTA) ने नीट पेपर लीक मामले में बड़ा फैसला लिया है। 3 मई को आयोजित परीक्षा काे रद्द कर दिया है। परीक्षा की नई तारीख घोषित की जाएगी।
एनटीए द्वारा दी गई जानकारी में कहा गया है कि केंद्रीय एजेंसियों के समन्वय से NTA द्वारा बाद में जांचे गए इनपुट के आधार पर, और कानून प्रवर्तन एजेंसियों द्वारा साझा किए गए जांच निष्कर्षों को ध्यान में रखते हुए—तथा यह सुनिश्चित करने के लिए कि प्रणाली में पारदर्शिता बनी रहे—नेशनल टेस्टिंग एजेंसी ने भारत सरकार की मंजूरी से 3 मई 2026 को आयोजित NEET (UG) 2026 परीक्षा को रद्द करने का निर्णय लिया है। साथ ही, यह परीक्षा उन तिथियों पर पुनः आयोजित की जाएगी जिनकी सूचना अलग से दी जाएगी।
NTA ने कहा, केंद्र सरकार ने निर्णय लिया है कि इस मामले को केंद्रीय जांच ब्यूरो (CBI) को सौंपा जाए, ताकि इसमें लगाए गए आरोपों की विस्तृत जांच की जा सके। NTA जांच में पूरा सहयोग देगा और जांच के लिए आवश्यक सभी सामग्री, रिकॉर्ड तथा सहायता उपलब्ध कराएगा। यह फ़ैसला छात्रों के हित में और उस भरोसे को बनाए रखने के लिए लिया गया है।
वहीं NTA उम्मीदवारों और अभिभावकों से अनुरोध है कि वे केवल आधिकारिक माध्यमों पर ही भरोसा करें और सोशल मीडिया पर चल रही बिना पुष्टि वाली खबरों को नज़रअंदाज़ करें।
नीट परीक्षा फिर से आयोजित होने वाली परीक्षा की तारीख और नए सिरे से जारी किए जाने वाले एडमिट कार्ड का कार्यक्रम, आने वाले दिनों में एजेंसी के आधिकारिक माध्यमों से सूचित किया जाएगा।

