भिवानी | PUBLISHED BY: GARIMA-TIMES | PUBLISHED ON: 23 JUN, 2022
सांकेतिक
भिवानी। हरियाणा के हिसार में 9 माह की गर्भवती महिला की मौत हो गई थी। पति और ससुरालवालों पर उसकी हत्या का आरोप लगा था। आज भिवानी में एक गर्भवती विवाहिता की मौत का मामला सामने आया है। विवाहिता की संदिग्ध परिस्थिति में मौत हो गई। घटना के बाद मौके पर पहुंचे महिला के परिजनों ने ससुराल पक्ष के लोगों पर हत्या का आरोप लगाया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज कर कार्रवाई शुरू कर दी है।
भिवानी क्षेत्र के गांव कुड़ल निवासी मोनिका पुत्री ओम प्रकाश की शादी 9 मार्च 2021 को लोहारू थाना क्षेत्र के गांव ढिगावा श्यामियान निवासी मुकेश के साथ हुई थी। फिलहाल महिला गर्भवती थी, बुधवार को महिला की संदिग्ध परिस्थिति में मौत हो गई। मौत की सूचना के बाद महिला के परिजन मौके पर पहुंचे और ससुराल पक्ष के लोगों पर मोनिका की हत्या करने का आरोप लगाया।
मृतिका मोनिका के पिता ओमप्रकाश ने पुलिस में शिकायत करते हुए बताया कि जब उन्होंने आकर देखा तो मोनिका के गले पर निशान मिले। मोनिका के गले पर रस्सी के निशान देख मोनिका के ससुरालियों पर गला घोट कर मारने का आरोप लगाया। मोनिका के परिजनों ने पुलिस को फोन कर मौके पर बुला लिया।
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए लोहारू के उप नागरिक अस्पताल में भेज दिया परंतु परिजन शव के मेडिकल बोर्ड से करवाने की मांग की जिस पर मामले की गंभीरता को देखते हुए शव को मेडिकल बोर्ड से पोस्टमार्टम के लिए रोहतक पीजीआई रेफर कर दिया गया।
फिलहाल पुलिस ने परिजनों की शिकायत पर मामला दर्ज कर आरोपित ससुरालियों के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है। जिसके बाद पुलिस ने आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।