Sunday, July 20, 2025
Homeहरियाणारोहतकरोहतक में रिश्तों का कत्ल, जमीनी विवाद में भाई ने ली भाई...

रोहतक में रिश्तों का कत्ल, जमीनी विवाद में भाई ने ली भाई की जान, घर में घुसकर मारी गोली

रोहतक। रोहतक में एक बार रिश्तों के कत्ल का मामला सामने आया है। जमीनी विवाद के चलते एक भाई ने दूसरे भाई की घर में घुसकर जान ले ली। मामला महम क्षेत्र के गांव भैणी चंद्रपाल का है। जहां एक व्यक्ति की उसके भाई और 2 भतीजों ने गोली मारकर हत्या कर दी। मृतक के परिजनों ने हत्या की सूचना पुलिस को दी। सूचना के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। वहीं, मौके पर एफएसएल एक्सपर्ट को बुलाया गया। पुलिस मामले में जांच पड़ताल कर रही है। मृतक की पत्नी ने आरोप लगाए हैं कि उन्होंने जमीनी बंटवारे को लेकर चल रहे विवाद में इस हत्या को अंजाम दिया है। इधर, महम थाना पुलिस ने बाप-बेटों के खिलाफ केस दर्ज करके जांच शुरू कर दी है।

घर में घुसकर हत्या की वारदात

जानकारी अनुसार गांव भैणी चंद्रपाल निवासी करीब 50 वर्षीय रूप सिंह शाम को अपने घर पर था। इसी दौरान किसी ने घर में घुसकर उसे गोली मार दी। गोली सीधी रूप सिंह की छाती में जाकर लगी और वह अचेत होकर गिर पड़ा। इसके बाद परिजनों ने रूप सिंह को संभाला और उपचार के लिए महम के अस्पताल लेकर गए, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। मृतक की पत्नी अनीता ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि उसके पति करीब 52 वर्षीय रूप सिंह तीन भाइयों में सबसे छोटे थे। सबसे बड़े फूल सिंह और दूसरे नंबर के अजमेर हैं। सभी अपने अलग-अलग मकान में रहते हैं। अनीता ने आरोप लगाए कि उनका व उसके जेठ अजमेर का आपस में जमीन के बंटवारे को लेकर विवाद चल रहा है।

जेठ व दो बेटे हथियार सहित घर में घुसे

पीड़िता ने बताया कि सोमवार रात को वह और उसका पति रूप सिंह घर पर ही थे। उसने आरोप लगाए कि देर शाम को उसका जेठ अजमेर और जेठ के लड़के मोहित व रसुक उनके घर का गेट खोलकर अंदर आ गए। उनके हाथों में पिस्तौल थी। अजमेर ने आते ही कहा कि तुम्हारे को आज मजा चखाते हैं। जिसके बाद आरोपियों ने रूप सिंह पर गोली चला दी। अनीता ने शिकायत में बताया कि गोली उसके पति रूप सिंह की छाती में जा लगी। जब वह अपने पति को संभालने लगी तो उसे भी धक्का देकर आंगन में गिरा दिया। वहीं, तीनों आरोपी हथियारों के साथ वहां से फरार हो गए। उसने शक जताया कि इस वारदात में अन्य लोग भी शामिल हो सकते हैं। इसके बाद वह अपने पड़ोसियों की मदद से पति को महम अस्पताल में लेकर पहुंची। जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

बाप-बेटे सहित तीन पर केस

महिला ने आरोप लगाया कि जमीनी विवाद में उसके पति की गोली मारकर हत्या की गई है। वहीं, मौके पर कारतूस भी मिले हैं। घटना के बाद पुलिस व एफएसएल की टीम ने घटनास्थल पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी। इधर, पुलिस ने शिकायत के आधार पर तीनों बाप-बेटों के खिलाफ हत्या सहित अन्य धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया है। महम पुलिस थाना प्रभारी विद्यानंद ने बताया कि उन्हें भैणी चंद्रपाल में रूप सिंह की गोली मारकर हत्या करने की सूचना मिली थी। अभी तक की जांच में सामने आया है कि हत्या की वारदात को जमीनी विवाद के चलते अंजाम दिया गया है। मृतक का उसके भाई के साथ जमीन के बंटवारे को लेकर विवाद चल रहा है। हालांकि पुलिस मामले की जांच कर रही है। जांच के बाद ही मामला स्पष्ट हो पाएगा। परिजनों के बयान के आधार पर आगामी कार्रवाई की जाएगी।

- Advertisment -
RELATED NEWS
- Advertisment -

Most Popular