रोहतक : उपायुक्त सचिन गुप्ता ने कहा कि जिला प्रशासन जिला में औद्योगिक आधारभूत ढांचा को सुदृढ़ करने के लिए कृत संकल्प है। जिला में औद्योगिक एसोसिएशन के साथ निरंतर बैठक आयोजित कर औद्योगिक क्षेत्र में बेहतर सुविधाएं उपलब्ध करवाने के प्रयास किए जा रहे हैं। उन्होंने एचएसआईआईडीसी के अधिकारियों को निर्देश दिए कि वे आईडीसी में सीवर सफाई व ड्रेनेज के कार्य को शीघ्र शुरू करवाए।
सचिन गुप्ता स्थानीय कैम्प कार्यालय में जिला के औद्योगिक क्षेत्रों में उपलब्ध सुविधाओं की मासिक बैठक में समीक्षा कर रहे थे।
उन्होंने नगर निगम के अधिकारियों को निर्देश देते हुए कहा कि वे पुरानी आईडीसी में विशेष शिविर लगाकर प्रॉपर्टी आईडी की विसंगतियों को दुरुस्त करवाए।
उन्होंने कहा कि औद्योगिक क्षेत्र कुताना में एचएसआईआईडीसी द्वारा सीवर निर्माण के कार्य को मई माह के अंत तक पूर्ण करवाए। उन्होंने कहा कि संबंधित ठेकेदार द्वारा सुरक्षा के विशेष प्रबंध किए जाए तथा प्रतिदिन के हिसाब से कार्य योजना प्रस्तुत की जाए। उन्होंने कहा कि मुख्य प्रवेश द्वार से अवैध कब्जों जैसे खोका इत्यादि को तुरंत हटाया जाए तथा शराब ठेके को या तो हटाया जाए या फिर ठेका संचालक तुरंत लाइसेंस ले।
उपायुक्त सचिन गुप्ता ने कहा कि एचएसआईआईडीसी द्वारा सरकार की हिदायतों अनुसार औद्योगिक क्षेत्रों में सफाई सुनिश्चित करवाई जाए तथा औद्योगिक क्षेत्रों में मानचित्र भी लगवाए जाए ताकि कोई भी लोकेशन ढूंढने में सुविधाजनक हो। उन्होंने अग्निशमन अधिकारी को निर्देश दिए कि वे अग्निशमन वाहनों को तत्पर रखें ताकि आवश्यकतानुसार उपयोग किया जा सके। उन्होंने औद्योगिक क्षेत्रों कुताना, पुरानी आईडीसी व आईएमटी में उपलब्ध सुविधाओं की समीक्षा की तथा अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
सचिन गुप्ता ने उत्तर हरियाणा बिजली वितरण निगम के अधिकारियों से कहा कि वे औद्योगिक क्षेत्रों में निर्बाध बिजली आपूर्ति सप्लाई करने के लिए सभी आवश्यक प्रबंध करें। निगम द्वारा आईडीसी फीडर को अलग करने का प्रस्ताव तैयार किया है तथा एक सप्ताह में इस कार्य को पूर्ण कर दिया जाएगा, जिससे इस फीडर पर लोड कम होगा और बिजली आपूर्ति की गुणवत्ता बढ़ेगी।

