Saturday, August 1, 2026
HomeहरियाणारोहतकPGIMS में चिकित्सा अधीक्षक ने वार्ड- 3 का औचक निरीक्षण किया, पानी...

PGIMS में चिकित्सा अधीक्षक ने वार्ड- 3 का औचक निरीक्षण किया, पानी लीक होता मिला

रोहतक : पीजीआईएमएस रोहतक में मरीजों को उच्च कोटि की सुविधाएं और साफ-सफाई सुनिश्चित करने के लिए चिकित्सा अधीक्षक डॉ. कुंदन मित्तल ने शनिवार को वार्ड-3 का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्हें पानी लीकेज मिला। इस अवसर पर मेडिसिन विभाग अध्यक्ष डॉ सुधीर अत्री, डॉ महेश माहला भी उपस्थित रहे।

निरीक्षण के दौरान उन्होंने सफाई, बिजली, गैस मैनिफोल्ड, पेस्ट कंट्रोल और बेड व्यवस्था की बारीकी से जांच की और पीडब्ल्यूडी व बीएंडआर के अधिकारियों को मौके पर ही सख्त निर्देश जारी किए।

डॉ. कुंदन मित्तल ने बताया कि वार्ड-3 में पहले 82 बेड थे, अब क्षमता बढ़ाकर 90 कर दी गई है। 8 नए बेड जोड़े गए हैं। उन्होंने स्पष्ट किया कि स्ट्रेचर पर एक भी मरीज नहीं रहेगा। मरीज को बेड पर ही शिफ्ट किया जाएगा। वार्ड से सभी अनावश्यक अलमारियां हटाने के आदेश दिए गए, ताकि जगह खुली रहे और संक्रमण का खतरा कम हो।

निरीक्षण में डॉ. मित्तल ने कहा कि साफ-सफाई मरीज के इलाज का पहला चरण है। गंदगी में इलाज नहीं, संक्रमण पनपता है। उन्होंने बीएंडआर विभाग को निर्देश दिए कि 24 घंटे के भीतर वार्ड में सभी लीकेज दूर किए जाएं। बिजली विभाग के अधिकारियों को सभी पॉइंट चेक करने और खराब स्विच-बोर्ड बदलने को कहा। गैस मैनिफोल्ड से जुड़े सभी पॉइंट की जांच भी तत्काल कराने के निर्देश दिए।

डॉ. मित्तल ने पेस्ट कंट्रोल व्यवस्था को संतोषजनक पाया। उन्होंने कहा कि वार्ड में कीट-मच्छर से मरीजों को संक्रमण का खतरा रहता है, इसलिए यह कार्य लगातार जारी रहेगा। वार्ड-3 से सभी हीटर हटवा दिए गए हैं, क्योंकि गर्मी के मौसम में आग लगने और ऑक्सीजन के लिए खतरा रहता है।

चिकित्सा अधीक्षक ने ऐलान किया कि अब एक दिन छोड़ कर एक वार्ड का राउंड होगा। एक दिन छोड़कर राउंड होगा, ताकि हर विभाग की निगरानी रहे। मंगलवार को फिर वार्ड-3 का दौरा होगा। अगर निर्देशों का पालन नहीं मिला तो संबंधित अधिकारियों पर कार्रवाई होगी।

डॉ. मित्तल ने कहा कि हमारे द्वारा अच्छी स्वास्थ्य सुविधा प्रदान करने का तभी है जब वार्ड का माहौल स्वच्छ हो। मरीज अस्पताल इलाज के लिए आता है, बीमारी लेने नहीं। स्वच्छ वार्ड, समय पर मेंटेनेंस और अनुशासन से ही मरीजों को उच्च कोटि की सेवा मिलेगी। उन्होंने अस्पताल स्टाफ से कहा कि मरीज की सुरक्षा और सम्मान सबसे ऊपर है।

RELATED NEWS
spot_img

Most Popular