Tuesday, July 7, 2026
Homeहरियाणारोहतकएमडीयू शिक्षक संघ के चुनाव में डॉ. प्रदीप गहलोत बने अध्यक्ष, डॉ....

एमडीयू शिक्षक संघ के चुनाव में डॉ. प्रदीप गहलोत बने अध्यक्ष, डॉ. महेश कुमार सचिव चुने गए

महर्षि दयानंद विश्वविद्यालय रोहतक (एमडीयू) शिक्षक संघ (मडूटा) के वर्ष 2026 के चुनाव में अध्यक्ष पद पर यूआईईटी के डॉ. प्रदीप गहलोत और सचिव पद पर फार्मास्युटिकल साइंसेज विभाग के डॉ. महेश कुमार ने जीत दर्ज की है।

मडूटा के प्रशासक एवं चुनाव अधिकारी प्रो. वजीर नेहरा ने बताया कि चुनाव में कुल 268 मत पड़े। अध्यक्ष पद के लिए हुए मुकाबले में तीन मत रद्द हुए। डॉ. प्रदीप गहलोत को 185 और शिक्षा विभाग की डॉ. वनीता रोज को 80 मत मिले। इस तरह डॉ. गहलोत ने 105 मतों के बड़े अंतर से जीत हासिल की।

सचिव पद के चुनाव में एक मत रद्द हुआ। फार्मास्युटिकल साइंसेज विभाग के डॉ. महेश कुमार को 177 मत मिले, जबकि फॉरेंसिक साइंस विभाग की डॉ. सपना शर्मा को 90 मत प्राप्त हुए। डॉ. महेश कुमार ने 87 मतों के अंतर से सचिव पद पर कब्जा जमाया।

इससे पहले कोषाध्यक्ष पद पर यूआईईटी के अरुण हुड्डा निर्विरोध निर्वाचित घोषित किए गए। वहीं कार्यकारिणी सदस्य पद पर डॉ. नवीन खटक, डॉ. अनिल सांगवान, डॉ. गोल्डी पुरी, डॉ. दिव्या, डॉ. राजेश, डॉ. सविता राठी, डॉ. सपना और डॉ. महेंद्र भी निर्विरोध चुने गए।

नवनिर्वाचित अध्यक्ष डॉ. प्रदीप गहलोत ने कहा कि शिक्षकों ने मुझ पर जो विश्वास जताया है, उसके लिए मैं सभी का आभार व्यक्त करता हूं। मेरी प्राथमिकता शिक्षकों की समस्याओं के समाधान, उनकी पेशेवर गरिमा की रक्षा और विश्वविद्यालय में बेहतर शैक्षणिक एवं शोध वातावरण को मजबूत करना होगी। मडूटा सभी शिक्षकों की आवाज बनकर निष्पक्ष और सकारात्मक तरीके से कार्य करेगा।

उन्होंने कहा कि शिक्षक हितों से जुड़े मुद्दों को विश्वविद्यालय प्रशासन के समक्ष मजबूती से रखा जाएगा तथा संवाद और सहयोग के माध्यम से उनका समाधान कराने का प्रयास किया जाएगा। साथ ही शिक्षकों के कल्याण और विश्वविद्यालय के समग्र विकास के लिए सभी साथियों को साथ लेकर काम किया जाएगा।

RELATED NEWS

Most Popular