Weather Update : हरियाणा में मानसून की सक्रियता कमजोर पड़ने लगी है। वहीं मौसम विभाग के अनुसार, 12 सितंबर तक मौसम परिवर्तनशील रहने और तापमान बढ़ने के आसार हैं। इस दौरान कुछ स्थानों पर ही गरज-चमक के साथ छिटपुट बारिश हो सकती है।
एचएयू हिसार के कृषि मौसम विज्ञान विभाग के विभागाध्यक्ष डॉ मदन खीचड़ ने जानकारी देते हुए बताया कि मानसून टर्फ़ की अक्षय रेखा की उत्तरी सीमा श्री गंगानगर,नारनौल, देहरी, पुरुलिया, दीघा से होती हुई उत्तरपूर्वी बंगाल की खाड़ी तक बनी है तथा एक कम दबाव का क्षेत्र उत्तरप्रदेश के ऊपर बना हुआ है जिससे राज्य में मानसून की सक्रियता 8 सितम्बर से कम होने की संभावना बन रही है। जिससे राज्य में 12 सितम्बर के दौरान मौसम आमतौर पर परिवर्तनशील रहने तथा बीच बीच में आंशिक बादलवाही रहने की संभावना है। इस दौरान राज्य में पश्चिमी हवाएं चलने की संभावना है जिससे तापमान में बढ़ोतरी होने की संभावना बन रही है जिससे राज्य में कुछ एक स्थानों पर गरज चमक या छिटपुट बारिश की ही संभावना है।


