हरियाणा के लोक निर्माण (भवन एवं सड़कें) मंत्री रणबीर गंगवा ने कहा कि फरीदाबाद में बढ़ते यातायात दबाव को कम करने के लिए राज्य सरकार गंभीरता से कार्य कर रही है। इसी क्रम में मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के निर्देशानुसार बल्लभगढ़ से पाली तक एलिवेटेड फ्लाईओवर ब्रिज का निर्माण पीपीपी मोड पर किए जाने की संभावनाएं तलाशी जा रही हैं।
णबीर गंगवा बुधवार को हरियाणा विधानसभा के बजट सत्र के दौरान प्रश्नकाल में विधायक सतीश कुमार फागना द्वारा पूछे गए प्रश्न के उत्तर में सदन को संबोधित कर रहे थे।
उन्होंने बताया कि प्रस्तावित एलिवेटेड कॉरिडोर की कुल लंबाई लगभग 8.2 किलोमीटर होगी। इस परियोजना के तहत दो लेन का ऐलिवेटिड फ्लाईओवर बनाया जाएगा, जिसके साथ दोनों ओर 7-7 मीटर चौड़ी सर्विस रोड का भी प्रावधान रहेगा। यह कॉरिडोर बल्लभगढ़—पाली—धौज—सोहना रोड पर आरडी संख्या 9.085 तक विकसित किया जाएगा।
मंत्री ने बताया कि इस महत्वाकांक्षी परियोजना की अनुमानित लागत लगभग 500 करोड़ रुपये आंकी गई है। परियोजना की विस्तृत परियोजना रिपोर्ट (डीपीआर) तैयार कराने के लिए सलाहकार की नियुक्ति हेतु शीघ्र ही निविदाएं आमंत्रित की जाएंगी। डीपीआर तैयार करने के लिए 105.37 लाख रुपये का अनुमान तैयार कर प्रशासनिक स्वीकृति हेतु भेजा जा चुका है।
उन्होंने आगे जानकारी दी कि हरचंदपुर डिस्ट्रीब्यूटरी तक सर्विस रोड के निर्माण का भी प्रस्ताव है, जिसकी फिजिबिलिटी की जांच की जा रही है।
लोक निर्माण मंत्री ने कहा कि इस परियोजना के साकार होने से फरीदाबाद क्षेत्र में यातायात व्यवस्था सुदृढ़ होगी, आवागमन सुगम बनेगा तथा क्षेत्र के समग्र विकास को गति मिलेगी।

