रोहतक : जिला उपायुक्त एवं जिला बाल कल्याण परिषद, रोहतक के अध्यक्ष श्री सतबीर सिंह के कुशल दिशा-निर्देशन में मंडल स्तरीय बाल दिवस प्रतियोगिता-2026 का आयोजन 25 नवंबर से 27 नवंबर तक किया जा रहा है। यह मंडल स्तरीय प्रतियोगिता जिला बाल भवन, रोहतक (नजदीक पुलिस लाइन परिसर) में आयोजित हो रही है।
इसमें रोहतक मंडल के पांच जिले—रोहतक, झज्जर, भिवानी, चरखी दादरी एवं सोनीपत—भाग लेंगे। प्रत्येक जिले से विभिन्न प्रतियोगिताओं में प्रथम एवं द्वितीय स्थान प्राप्त करने वाली टीमें एवं प्रतिभागी अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगे। प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रतिभागियों को विजेता घोषित कर राज्य स्तरीय कार्यक्रम के लिए चुना जाएगा।
प्रतियोगिता के कार्यक्रम के अनुसार 25 नवंबर को समूह नृत्य एवं एकल नृत्य प्रतियोगिताएं आयोजित होंगी। 26 नवंबर को समूह गायन एवं एकल गायन की प्रतियोगिताएं होंगी, जबकि 27 नवंबर को वन एक्ट प्ले, प्रश्नोत्तरी (क्विज) एवं शास्त्रीय नृत्य प्रतियोगिताओं का आयोजन किया जाएगा।
जिला बाल कल्याण अधिकारी सोमदत्त खुंडिया ने कहा कि बाल दिवस प्रतियोगिताएं बच्चों को अपनी प्रतिभा, रचनात्मकता एवं आत्मविश्वास प्रदर्शित करने का सशक्त मंच प्रदान करती हैं। जिला उपायुक्त एवं जिला बाल कल्याण परिषद के अध्यक्ष श्री सतबीर सिंह के मार्गदर्शन में आयोजन को भव्य एवं सफल बनाने के लिए सभी आवश्यक तैयारियां की जा रही हैं। उन्होंने कहा कि प्रतियोगिताओं में निष्पक्षता, पारदर्शिता एवं अनुशासन का विशेष ध्यान रखा जाएगा।
कार्यक्रम नोडल अधिकारी /राज्य प्रधान स्कूल कैडर लेक्चरर एसोसिएशन हरियाणा (सलाह) अशोक शर्मा ने कहा कि प्रतियोगिता में भाग लेने वाले सभी बच्चों को बेहतर मंच एवं अनुकूल वातावरण उपलब्ध करवाना आयोजन समिति की प्राथमिकता है।

