Wednesday, November 25, 2026
Homeहरियाणारोहतकहेल्थ यूनिवर्सिटी के वीसी की कुर्सी पर आज हाईकोर्ट में फैसला

हेल्थ यूनिवर्सिटी के वीसी की कुर्सी पर आज हाईकोर्ट में फैसला

कविता.रोहतक : पंडित भगवत दयाल शर्मा स्वास्थ्य विज्ञान विश्वविद्यालय रोहतक (यूएचएसआर) में चल रहा प्रशासनिक संकट अब निर्णायक मोड़ पर पहुंच गया है। यूनिवर्सिटी और डेंटल कॉलेज के शीर्ष पदों से जुड़े विवादों पर पंजाब एवं हरियाणा हाईकोर्ट में बुधवार को अहम सुनवाई होगी।

कुलपति की नियुक्ति प्रक्रिया को चुनौती देने वाली याचिका पर कोर्ट का रुख विश्वविद्यालय के नेतृत्व का भविष्य तय कर सकता है। पहले ही पीजीआई निदेशक और चिकित्सा अधीक्षक की नियुक्तियों पर रोक लग चुकी है, अब कुलपति की नियुक्ति भी कानूनी घेरे में है।

कुलपति की नियुक्ति प्रक्रिया पर सवाल

हिसार निवासी अनिल पान्निकर ने हाईकोर्ट में याचिका दायर कर कुलपति की नियुक्ति प्रक्रिया को चुनौती दी है। याचिका में आरोप लगाया गया है कि नियुक्ति के दौरान नियमों की अनदेखी की गई। सर्च कमेटी के पैनल में कथित तौर पर अपने चहेते लोगों को शामिल किया गया, जबकि यूजीसी के प्रतिनिधि को बाहर रखा गया। इसी मामले में आज सरकार को अदालत के समक्ष अपना पक्ष रखना है।

निदेशक और एमएस की नियुक्तियां पहले ही विवादों में

विश्वविद्यालय में प्रशासनिक नियुक्तियों को लेकर विवाद लगातार बढ़ता रहा है। हाईकोर्ट पहले ही पीजीआईएमएस निदेशक और चिकित्सा अधीक्षक की नियुक्तियों पर रोक लगा चुका है। ऐसे में कुलपति की नियुक्ति को लेकर होने वाली सुनवाई से विश्वविद्यालय के प्रशासनिक ढांचे पर भी असर पड़ने की संभावना है। संस्थान में पिछले करीब दो महीनों से नियुक्तियों को लेकर अस्थिरता बनी हुई है।

डेंटल कॉलेज प्राचार्य मामले में अवमानना पर सुनवाई

डेंटल कॉलेज के प्राचार्य डॉ. मन्नू राठी की नियुक्ति और कोर्ट के आदेशों की अवहेलना से जुड़े मामले में भी आज सुनवाई होनी है। डेंटल कॉलेज के प्रोफेसर डॉ. वीरेंद्र से जुड़े मामले में हाईकोर्ट ने 15 अप्रैल 2026 को डॉ. मन्नू राठी की नियुक्ति के आदेश वापस लेने और किसी वरिष्ठ प्रोफेसर को कार्यवाहक प्राचार्य नियुक्त करने के निर्देश दिए थे। आरोप है कि आदेशों की पालना नहीं की गई।

मेडिकल एजुकेशन के मुख्य सचिव से मांगा था जवाब

कोर्ट ने आदेशों की अवहेलना को गंभीरता से लेते हुए मेडिकल एजुकेशन के मुख्य सचिव को दो सप्ताह के भीतर विस्तृत हलफनामा दाखिल करने के निर्देश दिए थे। आज इस मामले में भी सरकार को जवाब देना है। कुलपति की नियुक्ति और डेंटल कॉलेज प्राचार्य के मामले में होने वाली सुनवाई पर विश्वविद्यालय प्रशासन, चिकित्सकों और कर्मचारियों की नजरें टिकी हैं। अदालत के रुख से विश्वविद्यालय में लंबे समय से चल रहे प्रशासनिक विवाद की अगली दिशा तय हो सकती है।

RELATED NEWS

Most Popular