कुरुक्षेत्र : हरियाणा सरस्वती धरोहर विकास बोर्ड के उपाध्यक्ष धुमन सिंह किरमच ने कहा कि पौराणिक एवं ऐतिहासिक अष्टकोसी यात्रा के मार्ग को पक्का करने की योजना तैयार की गई है। इस योजना की सरकार से अनुमति मिलने के बाद अमलीजामा पहनाया जाएगा।
इस प्रस्ताव के अनुसार सरस्वती नदी के किनारे गांव बाहरी से पिपली तक 6 से 8 फीट मार्ग को चौड़ा किया जाएगा। अहम पहलू यह है कि हरियाणा सरस्वती धरोहर विकास बोर्ड की तरफ से 29 करोड़ के बजट में से पूरा करवाने का प्रयास किया जाएगा।
बोर्ड के उपाध्यक्ष धुमन सिंह किरमच ने बातचीत करते हुए कहा कि मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के मार्गदर्शन में कुरुक्षेत्र को धाम के रूप में विकसित किया जाएगा। इस कुरुक्षेत्र धाम में पौराणिक एवं ऐतिहासिक अष्टïकोसी यात्रा अहम भूमिका अदा करेगी। इस यात्रा को मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के आदेशानुसार केडीबी, हरियाणा सरस्वती धरोहर विकास बोर्ड के साथ-साथ शहर की सामाजिक और धार्मिक संस्थाओं के सहयोग से गांव बाहरी से पिपली तक निकाला गया और करीब 125 लोगों ने इस यात्रा को पूरा किया। यह अष्टकोसी यात्रा लगभग 30 किलोमीटर की बनती है। इस यात्रा का मार्ग कच्चा है जिसके कारण श्रद्धालुओं को परेशानी भी हुई।
उन्होंने कहा कि श्रद्धालुओं की परेशानी को जहन में रखते हुए आगामी चैत्र माह तक अष्टïकोसी यात्रा के मार्ग को पक्का करवाया जाएगा। इस मार्ग को बकायदा 6 से 8 फीट चौड़ा भी करवाया जाएगा। इस मार्ग का बजट बोर्ड की तरफ से खर्च किया जाएगा। इस मार्ग को पक्का करने के साथ-साथ ग्रिल भी लगवाई जाएगी और जो श्रद्धालु बुर्जुग है या यात्रा को पूरा करने में असमर्थ है उनके लिए ई-रिक्शा जैसे वाहन का प्रबंध भी किया जाएगा।