Friday, January 2, 2026
Homeहरियाणारोहतकहाथों-पैरों में जंजीरें बांधकर सड़कों पर उतरे कर्मचारी, वीसी का पुतला फूंका

हाथों-पैरों में जंजीरें बांधकर सड़कों पर उतरे कर्मचारी, वीसी का पुतला फूंका

कुरुक्षेत्र/ रोहतक: अनुबंध कर्मचारी हेल्थकेयर रोहतक एसोसिएशन ने पूर्व घोषित कार्यक्रम के तहत जोरदार विरोध प्रदर्शन किया। रोहतक पीजीआई में काम करने वाले कर्मचारी अर्धनग्न होकर सड़कों पर उतरे और हाथ पांव में जंजीरे बांध कर रोष जाहिर किया।

थीम पार्क से जिला सचिवालय तक कर्मचारी नारेबाजी करते हुए पहुंचे। यहां रोहतक पीजीआई के वीसी का पुतला फूंका गया। कई किसान संगठनों के प्रतिनिधि कर्मचारियों को समर्थन देने पहुंचे। इनमें गुरजेंट सिंह खालसा, संदीप सिंग्रह, अरविंद व अजय राणा भारतीय किसान यूनियन चढ़ूनी तथा राजेंद्र अन्नदाता किसान यूनियन शामिल रहे।

इस मौके पर एसोसिएशन के प्रधान अभिषेक और महासचिव महेश ने कहा कि हरियाणा सरकार ने स्वास्थ्य कर्मचारियों को गुलाम बनाने का काम किया है। कोरोना काल में जिन कर्मचारियों ने जन सेवा के लिए अपनी जान जोखिम में डाल कर सरकार का साथ दिया, वही सरकार उन्हें धोखा दे रही है। हरियाणा कौशल रोजगार निगम सरकार की योजना है। अन्य विभागों के कर्मचारियों को एचकेआरएन से जोड़ा गया है, लेकिन रोहतक पीजीआई के 1271 कर्मचारियों की अनदेखी की जा रही है। जून महीने से कर्मचारी हड़ताल पर हैं। अधिकारियों ने बार-बार गुमराह करने का काम किया है। मुख्यमंत्री से मुलाकात नहीं करवाई जा रही। जब तक सीएम से बातचीत नहीं होती कर्मचारी धरना प्रदर्शन जारी रखेंगे।

धरना प्रदर्शन करने वाले कर्मचारियों में प्रधान अभिषेक, महासचिव महेश, ईश्वंती, संजय, अशोक, सुरेंद्र, सुमन, पूनम, सुमित्रा, अनुज, रीना, दिलबाग, मनजीत व सचिन आदि शामिल रहे।

RELATED NEWS

Most Popular