Sunday, September 20, 2026
Homeखेल जगतराजस्थान में पहली बार होगा खेलो इंडिया यूनिवर्सिटी गेम्स का आयोजन, देशभर...

राजस्थान में पहली बार होगा खेलो इंडिया यूनिवर्सिटी गेम्स का आयोजन, देशभर के खिलाड़ी हिस्सा लेंगे

मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने कहा कि राजस्थान में पहली बार खेलो इंडिया यूनिवर्सिटी गेम्स का आयोजन होने जा रहा है। 24 नवम्बर से आयोजित होने वाले इन खेलों में लगभग 24 खेल स्पर्धाएं आयोजित होंगी जिनमें देशभर के खिलाड़ी हिस्सा लेंगे।

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश के युवाओं को इन खेलों से जोड़ने के लिए व्यापक प्रचार-प्रसार किया जाए। इसके लिए आयोजन से संबंधित तैयारियों, खेल तथा खिलाड़ियों के बारे में ज्यादा से ज्यादा लोगों को जानकारी दी जाए।

मुख्यमंत्री खेलो इंडिया यूनिवर्सिटी गेम्स एवं सरदार वल्लभभाई पटेल की 150वीं जयंती पर आयोजित होने वाले कार्यक्रमों की तैयारियों की समीक्षा कर रहे थे। उन्होंने कहा कि सभी संभागीय मुख्यालयों पर खेल आयोजन स्थल एवं आवास स्थलों पर आवश्यक सुरक्षा व्यवस्था व आयोजन के दौरान सुगम यातायात व्यवस्था सुनिश्चित की जाए।

आयोजन स्थलों पर हो साफ-सफाई, सौंदर्यकरण एवं मेडिकल सुविधा

साथ ही, उन्होंने खेलों के लाइव टेलीकास्ट के संबंध में भी समीक्षा की। मुख्यमंत्री ने इस आयोजन को सफल बनाने के लिए स्वायत्त शासन विभाग के अधिकारियों को स्टेडियम एवं आवास पर साफ सफाई संबंधित कार्य एवं शहर के सौंदर्यकरण के संबंध में तथा चिकित्सा विभाग को सभी संभागीय मुख्यालयों पर खेल आयोजन एवं आवास स्थलों पर आवश्यक मेडिकल टीम की व्यवस्था के लिए भी निर्देशित किया।

हर जिले में आयोजित होगी यूनिटी मार्च

  • सरदार वल्लभभाई पटेल की 150वीं जयंती के अवसर पर देश को एकजुट बनाने में उनकी महत्वपूर्ण भूमिका के साथ ही विकसित एवं आत्मनिर्भर भारत के विजन को आगे बढ़ाने की राष्ट्रव्यापी पहल की गई है। इस अभियान में आयोजित होने वाली गतिविधियों का प्रदेश में ऐतिहासिक आयोजन सुनिश्चित किया जाए तथा जन-जन तक इसे पहुंचाया जाए।
  • मुख्यमंत्री ने कहा कि 31 अक्टूबर को जयपुर में गांधी सर्किल से अमर जवान ज्योति तक राज्य स्तरीय यूनिटी मार्च (पदयात्रा) आयोजित होगी। उन्होंने कहा कि इस उपलक्ष्य में हर जिले में पदयात्राओं का आयोजन सुनिश्चित किया जाए। वहीं, 26 नवम्बर से 6 दिसम्बर तक आयोजित होने वाली राष्ट्रीय पदयात्रा (करमसद से केवड़िया) में प्रदेश की भागीदारी भी सुनिश्चित की जाए।
RELATED NEWS
spot_img

Most Popular