रोहतक : हरियाणा के विकास एवं पंचायत, खान एवं भू-विज्ञान मंत्री कृष्ण लाल पंवार ने कहा कि सरकार नागरिकों को बिजली, पानी व सड़क की मूलभूत सुविधा उपलब्ध करवाने के लिए कृतसंकल्प है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि वे नागरिकों की हर समस्या का शीघ्र उचित समाधान करें ताकि उनका सरकार में विश्वास प्रबल हो।
कृष्ण लाल पंवार स्थानीय जिला विकास भवन स्थित डीआरडीए सभागार में जिला लोक संपर्क एवं परिवेदना समिति की मासिक बैठक की अध्यक्षता कर रहे थे। बैठक के एजेंडे में 16 शिकायतें शामिल की गई थी, जिनमें से 14 शिकायतों का मौके पर निपटारा किया गया तथा दो शिकायतों में कमेटी गठित कर जांच रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिये गए। जिला लोक संपर्क एवं परिवेदना समिति की मासिक बैठक में राज्यसभा सांसद रामचंद्र जांगड़ा, स्थानीय विधायक भारत भूषण बत्तरा, कलानौर की विधायक शकुंतला खटक, महम के विधायक बलराम दांगी, मेयर रामअवतार वाल्मीकि आदि उपस्थित रहे।
विकास एवं पंचायत मंत्री कृष्ण लाल पंवार ने पंडित भगवत दयाल शर्मा स्वास्थ्य विज्ञान विश्वविद्यालय के चिकित्सा अधिकारी से कहा कि वे वार्ड 14 व 17 में व्यवस्थाओं को बेहतर करें तथा नागरिकों को स्वास्थ्य सुविधाओं का अविलंब लाभ दें। उन्होंने सिविल सर्जन को निर्देश देते हुए कहा कि वे बालंद पीएचसी में गर्भवती महिला को अटेंड करने में कोताही बरतने वाले अधिकारी को कारणबताओ नोटिस जारी करें। उन्होंने कहा कि सरकार द्वारा खेत खलियानों के तीन व चार करम के रास्तों को पक्का करने के लिए हर विधायक को प्रतिवर्ष 25 किलोमीटर सडक़ आबंटित की गई है।
खान एवं भू-विज्ञान मंत्री कृष्ण लाल पंवार ने गांव खेड़ी साध निवासी रणबीर सिंह की शिकायत की सुनवाई करते हुए जनस्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिये कि खेड़ी साध गांव के वार्ड 11 में पेयजल की समस्या का स्थायी समाधान होने तक पांच टैंकर के माध्यम से पानी उपलब्ध करवाया जाये तथा नागरिकों की मांग अनुसार 400 मीटर की पाइप लाइन बिछाई जाये। नगर निगम द्वारा गांव के स्कूल के साथ बने नालों की सफाई करवाई जाये तथा नालों में लगे बिजली के खंभों को तुरंत हटवायें। गांव की अन्य समस्याओं के समाधान के लिए एक समिति भी गठित की गई, जिसकी निगरानी उपमंडलाधीश आशीष कुमार करेंगे।
विकास एवं पंचायत मंत्री कृष्ण लाल पंवार ने गोहाना निवासी लव मलिक की धोखाधड़ी से संबंधित शिकायत की सुनवाई करते हुए कहा कि आरोपित व्यक्तियों के विरुद्ध पुलिस द्वारा एफआईआर दर्ज कर आवश्यक कार्यवाही की जाये। उन्होंने स्थानीय बाबा मस्तनाथ नगर निवासियों की शिकायत की सुनवाई करते हुए उत्तर हरियाणा बिजली वितरण निगम के अधिकारियों को निर्देश दिये कि वे सरकार द्वारा नियमित की गई कॉलोनी का हवाला देकर विभाग को दोबारा पत्र भेजा जाये। उन्होंने खेड़ी सांपला निवासी पूनम की शिकायत के संदर्भ में उत्तर हरियाणा बिजली वितरण निगम के अधिकारियों को निर्देश दिये कि वे शिकायतकर्ता के बकाया बिजली बिल पर सरचार्ज न लगाये तथा विशेष केस बनाकर 10 किश्तों में लंबित राशि का भुगतान करवाये।
पंवार ने गांधी नगर निवासी राजरानी की शिकायत के संदर्भ में पुलिस अधिकारियों को निर्देश दिये कि वे आरोपी महिला को पीड़ित परिजनों के समक्ष बुलवाकर पूछताछ की जाये। उन्होंने हरियाणा राज्य प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के अधिकारियों को निर्देश दिये कि वे बालंद गांव में पेपर मिल फैक्ट्री से निकलने वाले धुएं की सुबह-सुबह चैकिंग करवाये। उन्होंने सांपला निवासी राजबीर की शिकायत की सुनवाई करते हुए जिला प्रशासन को निर्देश दिये कि वे डयूटी मजिस्ट्रेट नियुक्त कर शिकायतकर्ता की जमीन से तुरंत कब्जा हटवाये।
मंत्री कृष्ण लाल पंवार ने जय इलेक्ट्रिक वर्क्स के राधेश्याम की निष्पादित कार्यों की स्वीकृति बारे शिकायत की सुनवाई करते हुए जनस्वास्थ्य विभाग के अधीक्षक अभियंता की अध्यक्षता में नगर निगम व उत्तर हरियाणा बिजली वितरण निगम के अधिकारियों की समिति गठित करने के निर्देश दिये। उन्होंने हसनगढ़ निवासी गीता देवी की 100 वर्ग गज प्लॉट से संबंधित शिकायत की सुनवाई करते हुए कहा कि सरकार द्वारा शिकायतकर्ता को दूसरा प्लॉट उपलब्ध करवाया जायेगा।
पंवार ने हसनगढ निवासी सुबे सिंह की पंचायत भूमि पर अवैध कब्जे बारे शिकायत की सुनवाई करते हुए विकास एवं पंचायत विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिये कि वे 15 दिन में अवैध कब्जा हटवाये। उन्होंने रामअवतार की शिकायत की सुनवाई करते हुए अतिरिक्त उपायुक्त, नगर निगम के संयुक्त आयुक्त, जिला नगर योजनाकार, जिला राजस्व अधिकारी की समिति गठित कर एक माह में सार्वजनिक गली पर अवैध कब्जे की जांच रिपोर्ट प्रस्तुत करने को कहा। उन्होंने नगर निगम व जिला प्रशासन के अधिकारियों से कहा कि संत कबीर धर्मशाला के कार्य को पूर्ण करवाये।
इस अवसर पर राज्यसभा सांसद रामचंद्र जांगड़ा, स्थानीय विधायक भारत भूषण बत्तरा, कलानौर की विधायक शकुंतला खटक, महम के विधायक बलराम दांगी ने विधानसभा से संबंधित समस्याएं रखी।

