Faf Du Plessis: दक्षिण अफ्रीकी बल्लेबाज फाफ डु प्लेसिस को इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) 2025 के लिए दिल्ली कैपिटल्स (DC) का उप-कप्तान नियुक्त किया गया है। दिल्ली कैपिटल्स ने अपने आधिकारिक “X” हैंडल पर एक वीडियो पोस्ट कर इसकी घोषणा की, जिसमें फाफ फोन पर बात करते हुए कहते हैं, “मैं घर पर हूं,” “दिल्ली का अनुभव शानदार रहा” और साथ ही यह भी पुष्टि करते हैं कि वह टीम के उप-कप्तान बनने को लेकर बेहद उत्साहित हैं।
फाफ डु प्लेसिस का अनुभव
फाफ ने अब तक 404 टी20 मैच खेले हैं, जिसमें उन्होंने 11,236 रन बनाए हैं। उनका औसत 32.66 है, जिसमें 6 शतक और 78 अर्धशतक शामिल हैं। वह दुनिया भर की विभिन्न लीगों में खेलते रहे हैं और 40 साल की उम्र में भी शानदार प्रदर्शन कर रहे हैं।
आईपीएल में भी उनका प्रदर्शन बेहतरीन रहा है। 145 आईपीएल मैचों में उन्होंने 4,571 रन बनाए हैं और उनका औसत 35.99 व स्ट्राइक रेट 136 से अधिक है। उन्होंने 37 अर्धशतक भी लगाए हैं और उनका सर्वश्रेष्ठ स्कोर 96 रन है। वह चेन्नई सुपर किंग्स (CSK) के साथ दो बार आईपीएल खिताब जीत चुके हैं।

पिछले साल दिल्ली कैपिटल्स ने उन्हें 2 करोड़ रुपये में खरीदा था। इससे पहले उन्होंने तीन सीज़न तक दुबई की टीम की कप्तानी की और दो बार प्लेऑफ में पहुंचाया।
अक्षर पटेल होंगे कप्तान
इस सीजन भारतीय ऑलराउंडर अक्षर पटेल दिल्ली कैपिटल्स के कप्तान होंगे, जबकि फाफ डु प्लेसिस उनके डिप्टी यानी उप-कप्तान होंगे। अक्षर 2019 से दिल्ली कैपिटल्स के लिए खेल रहे हैं और उन्होंने 82 मैचों में 967 रन बनाए और 62 विकेट लिए हैं। उनका इकॉनमी रेट 7.09 है।
अक्षर टी20 वर्ल्ड कप 2024 और आईसीसी चैंपियंस ट्रॉफी 2025 विजेता भारतीय टीम का हिस्सा भी रहे हैं। वह दिल्ली कैपिटल्स और भारतीय टीम के फैंस के बीच काफी लोकप्रिय खिलाड़ी हैं।
दिल्ली कैपिटल्स का पहला मैच
दिल्ली कैपिटल्स 24 मार्च को विशाखापट्टनम में लखनऊ सुपर जायंट्स (LSG) के खिलाफ आईपीएल 2025 अभियान की शुरुआत करेगी।