Wednesday, June 18, 2025
HomeदेशInternational Yoga Day 2025: हरियाणा में 11 लाख से अधिक लोगों ने...

International Yoga Day 2025: हरियाणा में 11 लाख से अधिक लोगों ने किया सामूहिक योगाभ्यास के लिए रजिस्ट्रेशन

International Yoga Day 2025: हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने 11वें अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘एक पृथ्वी, एक स्वास्थ्य के लिए योग’ संदेश को आत्मसात करते हुए प्रदेश को “योग युक्त, नशा मुक्त” बनाने के संकल्प के साथ एक ऐतिहासिक पहल की है और इसी का परिणाम है कि अब तक 21 जून को योगाभ्यास करने के लिए प्रदेशभर में 11 लाख से अधिक लोगों ने रजिस्ट्रेशन करवाया है।

एक सरकारी प्रवक्ता ने जानकारी देते हुए बताया कि 21 जून को राज्य के सभी 22 जिलों और 121 खंडों में योग कार्यक्रमों का आयोजन किया जाएगा, जिसमें लगभग 11 लाख से अधिक नागरिक एक साथ भाग लेकर योग के प्रति अपनी आस्था और सहभागिता को दर्शाएंगे। अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस का राज्य स्तरीय मुख्य कार्यक्रम पावन ब्रह्म सरोवर, कुरुक्षेत्र में आयोजित किया जाएगा, जहां मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी व अन्य गणमान्य व्यक्तियों के साथ योग गुरु स्वामी रामदेव की उपस्थिति में हजारों साधक योगाभ्यास करेंगे।

इस वर्ष अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस की थीम “योग फॉर वन अर्थ, वन हेल्थ” है, जो शारीरिक, मानसिक और पर्यावरणीय कल्याण को बढ़ावा देने में योग की भूमिका पर प्रकाश डालती है, जो स्थिरता और एकता के लिए वैश्विक आह्वान के साथ संरेखित है। यह थीम प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के प्रस्ताव के बाद संयुक्त राष्ट्र द्वारा 21 जून को अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के रूप में मान्यता दिए जाने के बाद एक दशक की सफलता पर आधारित है।

योग को संस्थागत रूप देने हेतु हरियाणा सरकार ने ग्रामीण क्षेत्रों में 1000 व्यायामशालाएं बनाने का लक्ष्य रखा है जिनमें से अब तक 714 व्यायामशालाओं का निर्माण किया जा चुका है और 877 आयुष योग सहायकों की नियुक्ति की गई है। इन व्यायामशालाओं में भी 21 जून को विशेष योग कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे, जिससे योग युक्त, नशा मुक्त हरियाणा का संदेश जन-जन तक पहुंचाया जाएगा।

 

- Advertisment -
RELATED NEWS
- Advertisment -

Most Popular