रोहतक : स्वतंत्रता दिवस समारोह के अंतिम पूर्वाभ्यास में अतिरिक्त उपायुक्त नरेंद्र कुमार ने स्थानीय राजीव गांधी खेल परिसर में राष्ट्रीय ध्वजारोहण किया तथा भव्य मार्च पास्ट की सलामी ली। विद्यार्थियों की देशभक्ति की भावना से ओतप्रोत प्रस्तुतियों में देशभक्ति का जज्बा नजर आया। विद्यार्थियों ने सामूहिक शारीरिक अभ्यास का भव्य प्रदर्शन किया।
15 अगस्त को आयोजित होने वाले स्वतंत्रता दिवस समारोह के जिला स्तरीय कार्यक्रम का स्थानीय राजीव गांधी खेल परिसर में आज अंतिम पूर्वाभ्यास किया गया। अंतिम पूर्वाभ्यास में अतिरिक्त उपायुक्त नरेंद्र कुमार ने राष्ट्रीय ध्वजारोहण कर भव्य मार्च पास्ट की सलामी ली। इससे पूर्व अतिरिक्त उपायुक्त नरेंद्र कुमार एवं पुलिस अधीक्षक गौरव राजपुरोहित ने स्थानीय मदवि स्थित राज्य स्तरीय युद्घ स्मारक पर पुष्प चक्कर अर्पित कर शहीदों को श्रद्घांजलि दी। राष्ट्रीय ध्वजारोहण के समय राष्ट्रगान धुन बजते ही सभी उपस्थितगण राष्ट्रगान को सम्मान देते हुए अपने स्थानों पर सावधान की मुद्रा में खड़े हो गए।

इसके उपरांत अतिरिक्त उपायुक्त नरेंद्र कुमार ने पुलिस अधीक्षक गौरव राजपुरोहित व परेड कमांडर महम के डीएसपी तनुज शर्मा के साथ खुली जीप में सवार होकर परेड टुकडिय़ों का निरीक्षण किया। डीएसपी तनुज शर्मा के नेतृत्व में विभिन्न 9 टुकडिय़ों ने भव्य मार्च पास्ट ने मुख्य मंच के सामने से गुजरते हुए सलामी दी तथा कार्यक्रम के मुख्यातिथि अतिरिक्त उपायुक्त नरेंद्र कुमार तथा पुलिस अधीक्षक गौरव राजपुरोहित ने इन टुकडिय़ों की सलामी ली। इसके बाद विभिन्न विद्यालयों के विद्यार्थियों ने सामूहिक शारीरिक अभ्यास का शानदार प्रदर्शन किया।
विद्यार्थियों ने भव्य प्रस्तुतियों से दर्शकों को किया भावविभोर

अंतिम पूर्वाभ्यास की अगली कड़ी में विद्यालयों के विद्यार्थियों ने शानदार प्रस्तुतियों से माहौल को देशभक्ति के रंग से सराबोर कर दिया। प्रथम प्रस्तुति संस्कार वैली स्कूल के विद्यार्थियों ने जय जवान, जय किसान विषय पर प्रस्तुति देते हुए देश की सुरक्षा में जवानों तथा राष्ट्र की प्रगति में किसानों के योगदान को दर्शाया। अगली प्रस्तुति में गुरुकुल लाढौत के विद्यार्थियों ने मल्लखंभ एवं योगासन की शानदार प्रस्तुति दी, जिसमें भारतीय पारंपरिक खेल, योग एवं शारीरिक दक्षता का प्रदर्शन किया गया।
तीसरी प्रस्तुति में जॉन वेस्ली स्कूल के विद्यार्थियों ने देशभक्ति पर आधारित प्रस्तुति में शहीद-ए-आजम भगत सिंह, सुखदेव और राजगुरु के बलिदान तथा नेताजी सुभाष चंद्र बोस के त्याग एवं स्वतंत्रता संग्राम में उनके योगदान को दर्शाया गया।

सांस्कृतिक कार्यक्रमों की चौथी प्रस्तुति में मॉडल स्कूल के विद्यार्थियों ने प्रदेश की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत के रूप में आर्केस्ट्रा के माध्यम से शानदार प्रस्तुति दी। विद्यार्थियों ने राष्ट्रीय गीत वंदे मातरम, सारे जहाँ से अच्छा, हिंदुस्तान हमारा जैसे देशभक्ति गीतों की संगीतमय प्रस्तुति दी।
पांचवीं प्रस्तुति में पठानिया पब्लिक स्कूल के विद्यार्थियों ने हरियाणा पुलिस की दुर्गा शक्ति, महिला सुरक्षा एवं सशक्तिकरण तथा डायल 112 जैसी आपातकालीन सहायता सेवाओं के प्रति जागरूकता का संदेश दिया।
छठी प्रस्तुति में लाखनमाजरा खंड के राजकीय विद्यालयों की छात्राओं ने हरियाणवी लोक संस्कृति एवं ग्रामीण जीवन पर आधारित सामूहिक नृत्य-नाटिका की शानदार प्रस्तुति से उपस्थितगण की तालियां बटोरी। इस प्रस्तुति में सामण माह की मस्ती, झूले, पशुपालन, ग्रामीण जीवन, चूल्हे पर भोजन पकाने तथा पारंपरिक विवाह समारोहों की सुंदर झलक प्रस्तुत की गई।
अंतिम पूर्वाभ्यास में सातवीं प्रस्तुति में आरपीएस इंटरनेशनल स्कूल के विद्यार्थियों ने देशभक्ति एवं भारत की सांस्कृतिक विविधता को प्रदर्शित किया।

80 वें स्वतंत्रता दिवस समारोह की तैयारियां अंतिम चरण में : अतिरिक्त उपायुक्त नरेंद्र कुमार
अतिरिक्त उपायुक्त नरेंद्र कुमार ने जिला वासियों से स्वतंत्रता दिवस समारोह में उत्साहपूर्वक भाग लेने का आह्वान करते हुए कहा कि स्वतंत्रता हमारे लिए गर्व का विषय है। देश की आजादी के लिए असंख्य स्वतंत्रता सेनानियों ने अपना जीवन और सर्वोच्च बलिदान किया। इसलिए हमारा दायित्व है कि हम स्वतंत्रता के महत्व को समझें, राष्ट्रध्वज सहित सभी राष्ट्रीय प्रतीकों का सम्मान करें और स्वतंत्रता दिवस को पूरे उत्साह, गरिमा एवं देशभक्ति की भावना के साथ मनाएं। उन्होंने कहा कि स्वतंत्रता दिवस केवल उत्सव का अवसर नहीं, बल्कि राष्ट्र के प्रति अपने कर्तव्यों, एकता, अखंडता और देशभक्ति की भावना को मजबूत करने का भी अवसर है।
नरेंद्र कुमार ने अपने संदेश में कहा कि जिला स्तरीय स्वतंत्रता दिवस समारोह की तैयारियां अंतिम चरण में हैं। आज समारोह स्थल पर फुल ड्रेस रिहर्सल आयोजित की गई, जिसमें ध्वजारोहण से लेकर सांस्कृतिक कार्यक्रमों तथा अन्य प्रस्तुतियों की मिनट-टू-मिनट रूपरेखा के अनुसार अभ्यास किया गया। उन्होंने बताया कि स्वतंत्रता दिवस समारोह के मुख्य अतिथि सहकारिता मंत्री डॉ. अरविंद कुमार शर्मा होंगे। मुख्य समारोह को भव्य, गरिमा पूर्ण एवं व्यवस्थित ढंग से आयोजित करने के लिए सभी विभागों को उनकी जिम्मेदारियां निर्धारित की गई हैं तथा तैयारियों को अंतिम रूप दिया जा रहा है।
अतिरिक्त उपायुक्त नरेंद्र कुमार ने कहा कि इस वर्ष समारोह की मुख्य थीम हर घर तिरंगा अभियान रहेगी। समारोह में जिला के विभिन्न विद्यालयों के विद्यार्थी उत्साहपूर्वक भाग लेंगे। समारोह में 8 विद्यालयों की ओर से सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दी जाएंगी और प्रत्येक प्रस्तुति में लगभग 80 से 90 विद्यार्थी हिस्सा लेंगे। उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों में स्वतंत्रता दिवस समारोह को लेकर विशेष उत्साह एवं देशभक्ति की भावना देखने को मिल रही है।
इस अवसर पर प्रादेशिक परिवहन प्राधिकरण के सचिव वीरेंद्र सिंह ढुल, रोहतक के उपमंडलाधीश आशीष कुमार, रोहतक सहकारी चीनी मिल की प्रबंध निदेशक श्वेता सुहाग, नगराधीश शुभम, पुलिस उपाधीक्षक दलीप सिंह एवं राकेश कुमार, जिला शिक्षा अधिकारी मनजीत मलिक, नायब तहसीलदार विजेंद्र सिंह, खंड शिक्षा अधिकारी रोहतक अशोक नांदल एवं कलानौर के संजय हुड्डïा, प्राचार्या एवं सांस्कृतिक कार्यक्रमों की समन्वयक सुनीता अहलावत, प्राचार्या कृष्णा रंजन, अंजना नंदा, रश्मि खासा सहित अन्य संबंधित विभागों के उच्चाधिकारी तथा प्रतिभागी विद्यालयों के विद्यार्थी एवं टीम प्रभारी उपस्थित रहे।


