रोहतक : प्रदेश के सहकारिता, कारागार, निर्वाचन, विरासत एवं पर्यटन मंत्री डॉ. अरविंद कुमार शर्मा ने देश की स्वतंत्रता के लिए सर्वोच्च बलिदान देने वाले ज्ञात व अज्ञात स्वतंत्रता सेनानियों और शहीदों को नमन करते हुए कहा कि नागरिक इनके योगदान को हमेशा याद रखें। महात्मा गांधी सहित असंख्य स्वतंत्रता सेनानियों के त्याग, तपस्या और तेजस्वी नेतृत्व के परिणामस्वरूप वर्ष 1947 में देश को अंग्रेजी शासन से मुक्ति मिली। उन्होंने नागरिकों का आह्वान किया कि वे स्वतंत्रता दिवस पर विकसित भारत-विकसित हरियाणा के निर्माण का संकल्प लें।
डॉ. अरविंद शर्मा स्थानीय राजीव गांधी खेल परिसर में 80 वें स्वतंत्रता दिवस के जिला स्तरीय समारोह में राष्ट्रीय ध्वजारोहण के उपरांत उपस्थिगण को संबोधित कर रहे थे। संबोधन से पूर्व उन्होंने खुली जीप में सवार होकर अतिरिक्त उपायुक्त नरेंद्र कुमार एवं परेड कमांडर डीएसपी तनुज शर्मा के साथ परेड निरीक्षण किया। सहकारिता मंत्री डॉ. अरविंद शर्मा ने प्रदेश वासियों को स्वतंत्रता दिवस एवं हरियाली तीज की शुभकामनाएं दी। इससे पूर्व पहली बार राष्ट्रीय गीत प्रस्तुत किया गया, उपस्थितगण ने खड़े होकर राष्ट्रीय गीत का सम्मान किया। कार्यक्रम से पूर्व उन्होंने स्थानीय मदवि स्थित राज्य स्तरीय युद्ध स्मारक पर वीर शहीदों को पुष्प चक्र अर्पित कर नमन किया। उन्होंने घोषणा की कि समारोह में भाग लेने वाले विद्यालयों में सोमवार को अवकाश रहेगा तथा कार्यक्रम में प्रतिभागी पुलिस व होमगार्ड के जवानों का दो दिन अवकाश रहेगा।
सहकारिता मंत्री डॉ. अरविंद शर्मा ने अपने संबोधन में कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत तेजी से विकसित राष्ट्र बनने की दिशा में आगे बढ़ रहा है। गत दिनों प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी ने जींद से देश की प्रथम हाइड्रोजन ट्रेन को झंडी दिखाकर रवाना किया, जो जींद से सोनीपत के बीच चलेगी। उन्होंने कहा कि इस ट्रेन को सोनीपत से दिल्ली तक बढ़ाने के लिए उन्होंने केंद्रीय रेल मंत्री से मिलकर मांग की है। हरियाणा भी विकसित भारत के साथ विकसित हरियाणा के संकल्प के साथ आर्थिक, सामाजिक और औद्योगिक विकास की दिशा में निरंतर प्रगति कर रहा है। उन्होंने कहा कि सरकार का लक्ष्य विकास का लाभ गरीब, किसान, महिला और युवा सहित समाज के प्रत्येक वर्ग तक पहुंचाना है।
युद्ध वीरांगनाओं को किया सम्मानित
समारोह के मुख्यातिथि व सहकारिता मंत्री डॉ. अरविंद कुमार शर्मा ने भव्य मार्च पास्ट की सलामी ली, जिसमें परेड कमांडर डीएसपी तनुज शर्मा के नेतृत्व में 9 टुकडिय़ों ने मंच के सामने से कदम ताल करते हुए मार्च पास्ट में हिस्सा लिया। इसके उपरांत उन्होंने युद्घ वीरांगनाओं के मंच पर जाकर उन्हें शॉल भेंटकर सम्मानित किया। इनमें माला राम, इंद्रावती, संजय सिंह, ईशवंती, सुनीता देवी, राजबाला, सुलेखा, राजपाल, धनपति, सुमन, राजपति, सुनीता देवी, अनीता, मुनी देवी, सुनीता देवी, सुशीला देवी, अन्नु दहिया, गौरव तोमर, शकुंतला, शांति, सुदेश, रामरती, सोना देवी, मंजु बाला, शांति देवी, मेनका, रीना, ओमपति, फूलपति, सुनीता, सावित्री, बाला देवी, बर्फो देवी, इंदू शर्मा, संतोष, धर्म सिंह, धर्मकौर, शांति, भगवानी व परमेश्वरी शामिल है।
16 विद्यालयों के 1600 विद्यार्थियों ने सामूहिक शारीरिक अभ्यास का किया भव्य प्रदर्शन
स्वतंत्रता दिवस समारोह में 16 विभिन्न विद्यालयों के लगभग 1600 विद्यार्थियों ने बैंड की सुरीली धुन के बीच लेजियम, डंबल व अन्य शारीरिक अभ्यासों का भव्य प्रदर्शनी किया। कार्यक्रम की अगली कड़ी में विभिन्न 8 विद्यालयों के सैकड़ों विद्यार्थियों ने देशभक्ति की भावना से ओतप्रोत तथा राष्ट्रीय एकता व अखंडता का संदेश बिखेरती भव्य सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दी। इन प्रस्तुतियों में स्वतंत्रता संग्राम से लेकर खिलाड़ियाें की उपलब्धियों, मलखंब व योगासन, दुर्गा शक्ति, विभिन्न में एकता, विभिन्न प्रदेशों की समृद्घ संस्कृति की झलक बिखेरते नृत्य शामिल है।
सांस्कृतिक कार्यक्रमों में मॉडल स्कूल के विद्यार्थियों ने आर्केस्ट्रा की प्रस्तुति के माध्यम से सुरीली सुर लहरिया बिखेरी। इसके उपरांत उन्होंने कार्यक्रम में भाग लेने वाले विद्यार्थियों, अन्य प्रतिभागियों तथा विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य करने वाले कर्मचारियों व महानुभावों को सम्मानित किया। जिला प्रशासन की ओर से अतिरिक्त उपायुक्त नरेंद्र कुमार ने सहकारिता मंत्री डॉ. अरविंद शर्मा ने स्मृतिचिन्ह भेंट कर सम्मानित किया। कार्यक्रम का समापन राष्ट्रगान से हुआ।


