कविता.रोहतक : नवरात्र शुरू होते ही फलों की मांग बढ़ने के साथ ही इनके दाम भी चढ़ने लगे हैं। पिछले 10 दिनों में रोहतक में अनार से लेकर सेब, केला, मौसमी और पपीते तक के भाव में बढ़ोतरी दर्ज की गई है।
वहीं, सब्जियों में खीरे और आलू के दाम भी बढ़ गए हैं। अनार के भाव 200 रुपये से बढ़कर 250 रुपये प्रति किलो तक पहुंच गए हैं, जबकि सेब 100 रुपये से बढ़कर 150 रुपये प्रति किलो बिक रहा है। नवरात्र में व्रत रखने वाले लोगों को फलाहार के लिए अब पहले से अधिक खर्च करना पड़ रहा है। फलों और सब्जियों के बढ़ते भाव का असर आम उपभोक्ताओं की जेब पर पड़ रहा है।
पिछले 10 दिनों में अनार के भाव में सबसे अधिक बढ़ोतरी दर्ज की गई है। 10 दिन पहले 200 रुपये प्रति किलो बिकने वाला अनार अब 250 रुपये प्रति किलो तक पहुंच गया है। इसी तरह सेब के दाम भी 100 रुपये से बढ़कर 150 रुपये प्रति किलो हो गए हैं। दोनों फलों के भाव में हुई बढ़ोतरी के कारण इन्हें खरीदने के लिए लोगों को पहले से ज्यादा पैसे खर्च करने पड़ रहे हैं।
केला 80 रुपये तक किलो तक पहुंचा
नवरात्र के दौरान फलाहार में केला भी लोगों की पसंद रहता है। इसके भाव में भी पिछले 10 दिनों में 20 रुपये प्रति किलो की बढ़ोतरी हुई है। पहले 60 रुपये प्रति किलो बिकने वाला केला अब 70- 80 रुपये प्रति किलो मिल रहा है। वहीं, मौसमी के दाम 70 रुपये से बढ़कर 90 रुपये प्रति किलो हो गए हैं। इन दोनों फलों की कीमतों में बढ़ोतरी से रोजाना फल खरीदने वाले परिवारों का बजट प्रभावित हो रहा है।
पपीता भी 20 रुपये किलो महंगा
फलाहार के लिए इस्तेमाल होने वाले पपीते के दाम भी बढ़ गए हैं। 10 दिन पहले 60 रुपये प्रति किलो बिकने वाला पपीता अब 80 रुपये प्रति किलो तक पहुंच गया है। इस तरह पपीते के भाव में 20 रुपये प्रति किलो की बढ़ोतरी हुई है। नवरात्र में फलों की खरीदारी बढ़ने के बीच पपीते के महंगे होने से लोगों को फलाहार का बजट भी बढ़ाना पड़ रहा है।
खीरे के भाव 10 रुपये बढ़े, 60 रुपये किलो पहुंचा
नवरात्र में व्रत के दौरान खीरे का इस्तेमाल भी खूब किया जाता है। पिछले 10 दिनों में खीरे के भाव 50 रुपये से बढ़कर 60 रुपये प्रति किलो हो गए हैं। यानी खीरा 10 रुपये प्रति किलो महंगा हुआ है। व्रत में फल और सलाद का इस्तेमाल करने वाले लोगों को अब खीरा खरीदने के लिए भी अतिरिक्त राशि खर्च करनी पड़ रही है।
आलू भी 30 रुपये किलो हुआ
फलों के साथ सब्जियों के दाम में भी बढ़ोतरी देखने को मिल रही है। पिछले 10 दिनों में आलू के भाव 20 रुपये से बढ़कर 25- 30 रुपये प्रति किलो हो गए हैं। इस तरह आलू 10 रुपये प्रति किलो महंगा हुआ है। आम दिनों में घरों में रोजाना इस्तेमाल होने वाले आलू के दाम बढ़ने से रसोई का बजट भी प्रभावित हो रहा है। नवरात्र के बीच फलों और सब्जियों की बढ़ती कीमतों के कारण आम लोगों को खरीदारी करते समय अपने खर्च का हिसाब लगाना पड़ रहा है।

