Monday, February 23, 2026
Homeदेश590 करोड़ की धोखाधड़ी का मामला : AAP नेता अनुराग ढांडा बोले-...

590 करोड़ की धोखाधड़ी का मामला : AAP नेता अनुराग ढांडा बोले- फर्जी FD और संदिग्ध ट्रांजेक्शन पर सरकार क्यों सोई रही?

आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय मीडिया प्रभारी अनुराग ढांडा ने हरियाणा में सामने आए ₹590 करोड़ के बैंक फ्रॉड को भाजपा सरकार की गंभीर लापरवाही और प्रशासनिक विफलता करार देते हुए मुख्यमंत्री नायब सिंह पर तीखा हमला बोला है।उन्होंने कहा कि यह घोटाला सिर्फ बैंकिंग अनियमितता नहीं, बल्कि सरकार की निगरानी व्यवस्था के पूरी तरह फेल होने का प्रमाण है।

अनुराग ढांडा ने कहा कि हरियाणा सरकार के 18 विभागों से जुड़े खातों में करोड़ों रुपये का अंतर पाया गया, फर्जी एफडी और म्यूचुअल फंड में निवेश के आरोप सामने आए, और महीनों तक अनियमित ट्रांजेक्शन चलते रहे। लेकिन सरकार को भनक तक नहीं लगी। क्या मुख्यमंत्री और वित्त विभाग इतने बड़े लेन-देन पर नजर नहीं रख पा रहे थे? अगर सरकारी खजाना ही सुरक्षित नहीं है तो आम जनता कैसे भरोसा करे?

उन्होंने कहा कि भाजपा नेता रोज पंजाब में आम आदमी पार्टी पर झूठे आरोप लगाते हैं, लेकिन अपने ही शासन में ₹590 करोड़ का फ्रॉड हो जाए और सरकार सिर्फ बयानबाजी तक सीमित रहे, यह दोहरा चरित्र नहीं तो क्या है? जनता का टैक्स का पैसा, जो स्कूलों, अस्पतालों, किसानों की सहायता और युवाओं की नौकरियों में लगना चाहिए था, वह लापरवाही और भ्रष्ट तंत्र की भेंट चढ़ गया।

अनुराग ढांडा ने सवाल उठाया कि इतना बड़ा फ्रॉड महीनों तक कैसे नहीं पकड़ा गया? क्या विभागीय ऑडिट और मॉनिटरिंग सिर्फ कागजों तक सीमित है? क्या किसी उच्चस्तरीय अधिकारी की जिम्मेदारी तय होगी या फिर छोटे कर्मचारियों को बलि का बकरा बनाकर मामला दबा दिया जाएगा?

आम आदमी पार्टी ने मांग की है कि इस पूरे मामले की हाईकोर्ट के रिटायर्ड जज की निगरानी में सीबीआई जांच कराई जाए। सिर्फ एसीबी या विजिलेंस की जांच पर्याप्त नहीं होगी। सभी दोषी बैंक कर्मचारियों, संबंधित बाहरी व्यक्तियों और यदि कोई सरकारी अधिकारी शामिल पाया जाता है तो उसे भी सख्त से सख्त सजा दी जाए। जनता के हर रुपये की पूरी रिकवरी ब्याज सहित सुनिश्चित की जाए और जांच रिपोर्ट सार्वजनिक की जाए।

अनुराग ढांडा ने कहा कि हरियाणा की जनता मेहनत करके टैक्स देती है। यह पैसा किसानों की कर्जमाफी, युवाओं के रोजगार, बेहतर शिक्षा और स्वास्थ्य सेवाओं के लिए होता है। लेकिन भाजपा सरकार के राज में जनता का पैसा सुरक्षित नहीं है। “डबल इंजन” सरकार अब “डबल लूट” का प्रतीक बन चुकी है।

आम आदमी पार्टी हरियाणा की जनता के साथ मजबूती से खड़ी है। हम पारदर्शी और जवाबदेह शासन का मॉडल प्रस्तुत करेंगे, जहां हर रुपया जनता के हित में खर्च होगा और ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए सख्त तंत्र स्थापित किया जाएगा। अब समय आ गया है कि मुख्यमंत्री नायब सिंह सिर्फ आश्वासन न दें, बल्कि जवाबदेही तय करें। हरियाणा की जनता जवाब चाहती है और आम आदमी पार्टी उस जवाब की लड़ाई मजबूती से लड़ेगी।

RELATED NEWS

Most Popular