Thursday, February 19, 2026
Homeस्वास्थ्यHealth Tips : जीरा पेट संबंधी रोगों में लाभकारी, हल्दी चर्म रोगों...

Health Tips : जीरा पेट संबंधी रोगों में लाभकारी, हल्दी चर्म रोगों में उपयोगी…

आयुष विभाग कुरुक्षेत्र द्वारा जिला आयुर्वेदिक अधिकारी डॉ. मंजू शर्मा के मार्गदर्शन में आयुष आरोग्य मंदिर यारा के माध्यम से गवर्नमेंट सीनियर सेकेंडरी स्कूल यारा तथा आयुष आरोग्य मंदिर दबखेड़ा के माध्यम से जलालुद्दीन माजरा आंगनवाड़ी में आयुर्वेदिक हेल्थ कैंप का सफल आयोजन किया गया।

डॉ. मंजू शर्मा ने बताया कि आयुष विभाग द्वारा प्रत्येक माह आयुर्वेदिक एवं होम्योपैथिक चिकित्सकों के सहयोग से नियमित स्वास्थ्य शिविर आयोजित किए जाते हैं। इसी क्रम में आयोजित स्कूल हेल्थ कैंप में जी.ए.डी. यारा की चिकित्सक एवं फार्मासिस्ट टीम ने अपनी सेवाएं प्रदान कीं।

कैंप के दौरान डॉ. संदीप गुप्ता ने बच्चों को दिनचर्या एवं ऋतुचर्या के महत्व के बारे में विस्तार से जानकारी दी तथा गिलोय, आंवला, तुलसी, एलोवेरा एवं अश्वगंधा जैसे औषधीय पौधों के गुणों से अवगत कराया। साथ ही रसोई में प्रयोग होने वाले मसालों के औषधीय महत्व पर प्रकाश डालते हुए बताया कि जीरा पेट संबंधी रोगों में लाभकारी, हल्दी चर्म रोगों में उपयोगी तथा अदरक जोड़ों की समस्याओं में सहायक है।

योग सहायक दीपक कुमार द्वारा बच्चों को विभिन्न योगासनों का अभ्यास करवाया गया तथा उनके स्वास्थ्य लाभ समझाए गए। कैंप में कुल 41 बच्चों की स्वास्थ्य जांच की गई और आयुर्वेदिक फार्मासिस्ट नेहा सैनी द्वारा निशुल्क औषधियां वितरित की गईं।

इसी कड़ी में जलालुद्दीन माजरा आंगनवाड़ी में आयोजित दूसरे कैंप में डॉ. मीना ने महिलाओं को मौसम जनित बीमारियों, उनके बचाव के घरेलू उपाय, ऋतुचर्या-दिनचर्या तथा संतुलित खान-पान के बारे में जानकारी दी। गर्भवती महिलाओं को विशेष रूप से पोषण संबंधी परामर्श प्रदान किया गया। आयुर्वेदिक फार्मासिस्ट सिम्मी लोंगिया द्वारा निशुल्क दवाइयां वितरित की गईं तथा कैंप में 111 मरीजों की स्वास्थ्य जांच की गई।

डॉ. मंजू शर्मा ने आमजन से अपील की कि वे अपने बच्चों के साथ-साथ स्वयं भी इन स्वास्थ्य शिविरों का लाभ उठाएं, ताकि आयुर्वेदिक चिकित्सा पद्धति की सुविधाओं का अधिक से अधिक लाभ प्राप्त किया जा सके। इस अवसर पर स्कूल के शिक्षक बलदेव, हरमन सहित अन्य स्टाफ सदस्य एवं गांव के गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।

RELATED NEWS

Most Popular