रोहतक : भीषण गर्मी ,हिट स्ट्रोक सहित डेंगू के अचानक अधिक मरीज आने पर भी किसी प्रकार की मरीजों को कोई परेशानी ना आए उसके लिए पोस्ट ग्रेजुएट इंस्टीट्यूट ऑफ मेडिकल साइंसेज रोहतक रोहतक ने अपनी कमर कसते हुए मरीजों की सेवा के लिए पूरी तैयारी कर ली है। कुलपति डॉ. एच.के. अग्रवाल के मार्गदर्शन और नेतृत्व में ही संस्थान में मरीजों के हित में बड़े सुधार किए जा रहे हैं। यह कहना है पीजीआई के चिकित्सा अधीक्षक डॉ कुंदन मित्तल का। वे सोमवार को आपातकाल विभाग का गहनता से निरीक्षण कर रहे थे।
डॉ कुंदन मित्तल ने बताया कि कुलपति डॉ. अग्रवाल के स्पष्ट निर्देश हैं कि संस्थान में आने वाले हर मरीज को सम्मान, संवेदना और समयबद्ध स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराई जाएं। उनके विजन के अनुसार पीजीआईएमएस को नेशनल लेवल सेंटर ऑफ एक्सीलेंस बनाने के साथ-साथ मरीजों की संतुष्टि को प्राथमिकता दी जा रही है।
चिकित्सा अधीक्षक डॉ. कुंदन मित्तल ने सोमवार को अधिकारियों की टीम के साथ आपातकाल विभाग का गहनता से निरीक्षण किया। उन्होंने कहा कि उन्होंने आपातकाल, ट्रॉमा और ओपीडी को प्राथमिकता क्षेत्र घोषित किया गया है। अगले दो महीने में इन विभागों में सुधार के ठोस परिणाम दिखाई देंगे।
डॉ मित्तल ने बताया कि निरीक्षण के दौरान आपातकाल में हिट स्ट्रोक और डेंगू के लिए विशेष व्यवस्था की गई। मरीजों के लिए अलग से 12 बेड बढ़ाए गए हैं ताकि गर्मी से प्रभावित मरीजों को तुरंत उपचार मिल सके और यदि डेंगू के मरीज आते हैं तो उनको भी किसी प्रकार की कोई व्यवधान का सामना न करना पड़े। डॉ मित्तल ने आपातकाल में अधिकतम दवाएं उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए हैं। इसके लिए रूम का विस्तार किया गया है और रेडियोलॉजी का एक कमरा कम करके जगह का बेहतर उपयोग किया गया है।
डॉ. कुंदन मित्तल ने बताया कि आपातकाल में दो कमरों को ट्राइएज रूम बनाया गया है। यहां मरीजों की स्क्रीनिंग होगी। हल्की स्थिति वाले मरीजों को शुरुआत में ही दवा देकर राहत दी जाएगी, जबकि गंभीर मामलों को वरिष्ठ डॉक्टर देखेंगे। इससे मरीजों का समय बचेगा और इलाज में तेजी आएगी। गंभीर मरीजों के ब्लड सैंपल स्ट्रेचर पर ही लिए जाएंगे, जिससे आपात स्थिति में देरी न हो।
चिकित्सा अधीक्षक ने कहा कि गर्मी और डेंगू को देखते हुए एडवांस हीट स्ट्रोक रूम तैयार किया गया है जो पूर्णतया वातानुकूलित होगा। कुलपति डॉ. एच.के. अग्रवाल के नेतृत्व में पीजीआईएमएस मरीज-केंद्रित संस्थान बनने की दिशा में तेजी से आगे बढ़ रहा है। उनके मार्गदर्शन में ही मरीजों के हित में यह सभी निर्णय लिए जा रहे हैं।
डॉ. कुंदन मित्तल ने भरोसा दिलाया कि पीजीआईएमएस हरियाणा के नागरिकों के लिए स्वास्थ्य सेवा का भरोसेमंद केंद्र बनेगा। मरीजों की सुविधा और सुरक्षा सर्वोपरि है, और इसके लिए कोई भी संसाधन कम नहीं पड़ने दिया जाएगा। इस अवसर पर डॉ सुखबीर सिंह, डॉ रोहित, डॉ महेश माहला, जेई आशीष सहित कई अधिकारी उपस्थित रहे।

