- नियमित परीक्षार्थियों का 84.67 व स्वयंपाठी का 69.57 प्रतिशत रहा परीक्षा परिणाम,
- मुक्त विद्यालय फ्रैश कैटेगरी का परिणाम 42.15 व रि-अपीयर का 50.09 प्रतिशत रहा
HBSE Class 12th Result 2026 : हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड द्वारा संचालित करवाई गई सीनियर सेकेण्डरी (शैक्षिक/मुक्त विद्यालय) वार्षिक परीक्षा-2026 का परिणाम मंगलवार को घोषित कर दिया गया। परीक्षार्थी अपना परीक्षा परिणाम बोर्ड की आधिकारिक वेबसाइट www.bseh.org.in पर देख सकते हैं।
बोर्ड अध्यक्ष डॉ० पवन कुमार ने बताया कि सीनियर सेकेण्डरी (शैक्षिक) नियमित परीक्षार्थियों का परीक्षा परिणाम 84.67 फीसदी तथा स्वयंपाठी परीक्षार्थियों का परिणाम 69.57 फीसदी रहा है।
उन्होंने बताया कि सीनियर सेकेण्डरी (शैक्षिक) नियमित परीक्षा में 2,42,856 परीक्षार्थी प्रविष्ठ हुए थे, जिनमें से 2,05,618 उत्तीर्ण हुए तथा 10,498 परीक्षार्थी अनुत्तीर्ण रहे। इस परीक्षा में प्रविष्ठ हुई 1,19,893 छात्राओं में से 1,05,467 पास हुई, इनकी पास प्रतिशतता 87.97 रही, जबकि 1,22,963 छात्रों में से 1,00,151 पास हुए, इनकी पास प्रतिशतता 81.45 रही। इस प्रकार छात्राओं ने छात्रों से 6.52 फीसदी ज्यादा पास प्रतिशतता दर्ज कर बढ़त हासिल की है। उन्होंने बताया कि कला संकाय में पास प्रतिशतता 82.60, विज्ञान संकाय में 90.08 तथा कॉमर्स संकाय में 88.20 रही है।
उन्होंने बताया कि इस परीक्षा में राजकीय विद्यालयों की पास प्रतिशतता 82.44 रही तथा प्राइवेट विद्यालयों की पास प्रतिशतता 87.94 रही है। इस परीक्षा में ग्रामीण क्षेत्र के विद्यार्थियों की पास प्रतिशतता 84.98 रही है, जबकि शहरी क्षेत्र के विद्यार्थियों की पास प्रतिशतता 83.91 रही है। उन्होंने बताया कि पास प्रतिशतता में जिला चरखी-दादरी टॉप तथा जिला नूंह सबसे नीचले पायदान पर रहा।
उन्होंने बताया कि संबंधित विद्यालय/संस्थाएं बोर्ड की वेबसाइट पर जाकर अपनी यूजर आईडी व पासवर्ड द्वारा लॉगिन करते हुए परिणाम डाउनलोड कर सकते हैं । कोई विद्यालय अगर समय पर परिणाम प्राप्त नहीं करता है तो इसके लिए वह स्वयं जिम्मेदार होगा।
बोर्ड अध्यक्ष ने बताया कि सीनियर सेकेण्डरी परीक्षा के स्वयंपाठी परीक्षार्थियों का परिणाम 69.57 प्रतिशत रहा है। इस परीक्षा में 2,642 परीक्षार्थी प्रविष्ठ हुए जिनमें से 1,838 पास हुए। स्वयंपाठी परीक्षार्थी अपना अनुक्रमांक अथवा नाम, पिता का नाम, माता का नाम व जन्म तिथि भरते हुए परीक्षा परिणाम देख सकते हैं। विद्यालयी परीक्षार्थी भी अपना परिणाम अनुक्रमांक व जन्म तिथि भरते हुए देख सकते हैं।
उन्होंने आगे बताया कि इसके अतिरिक्त प्रदेशभर में संचालित करवाई गई सीनियर सेकेण्डरी मुक्त विद्यालय वार्षिक परीक्षा-2026 (फ्रैश व रि-अपीयर इत्यादि) विषय की परीक्षा का परिणाम भी आज घोषित किया जा रहा है। सीनियर सैकेण्डरी मुक्त विद्यालय (फ्रैश) का परिणाम 42.15 तथा (रि-अपीयर) का परिणाम 50.09 फीसदी रहा है। परीक्षार्थी बोर्ड की आधिकारिक वेबसाइट www.bseh.org.in से अनुक्रमांक अथवा नाम, पिता का नाम, माता का नाम व जन्म तिथि अथवा पंजीकरण संया भरते हुए अपना परीक्षा परिणाम देख सकते हैं।
उन्होंने आगे बताया कि सीनियर सेकेण्डरी मुक्त विद्यालय (फ्रैश) की परीक्षा में 15,288 परीक्षार्थी प्रविष्ठ हुए थे, जिनमें से 6,444 परीक्षार्थी उत्तीर्ण हुए, जिनकी पास प्रतिशतता 42.15 रही। इस परीक्षा में 9,647 छात्र बैठे थे, जिनमें से 3,667 पास हुए, इनकी पास प्रतिशतता 38.01 रही है, जबकि 5,640 प्रविष्ठ छात्राओं में से 2,777 पास हुई, इनकी पास प्रतिशतता 49.24 रही है। उन्होंने बताया कि ग्रामीण क्षेत्र के विद्यार्थियों की पास प्रतिशतता 40.44 रही है, जबकि शहरी क्षेत्र के विद्यार्थियों की पास प्रतिशतता 44.87 रही है।
उन्होंने बताया कि सीनियर सेकेण्डरी मुक्त विद्यालय (रि-अपीयर) का परिणाम 50.09 फीसदी रहा। इस परीक्षा में 5,868 परीक्षार्थी प्रविष्ठ हुए थे, जिनमें से 2,939 परीक्षार्थी उत्तीर्ण हुए।
उन्होंने आगे बताया कि प्रदेशभर में तीनों संकाय में सर्वाधिक अंक प्राप्त करने वाले 03 छात्र/छात्राओं में से छात्रा दीपिका, विवेकानंद विद्या मन्दिर वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय, छिल्लर, रेवाड़ी ने 499 अंक, छात्रा उदिता, विश्ववर्या कन्या गुरूकूल, रूडक़ी ने 498 अंक तथा छात्रा योगिता, शिक्षा भारती ग्लोबल स्कूल, बुड़ायन, जीन्द व छात्रा मुस्कान, ज्ञान भारती पब्लिक स्कूल, धमतान साहिब, जीन्द ने 497 अंक अर्जित किए हैं ।
उन्होंने बताया कि इन परीक्षा परिणामों के आधार पर जो परीक्षार्थी अपनी उत्तरपुस्तिकाओं की पुन: जांच अथवा पुनर्मूल्यांकन करवाना चाहते हैं तो वे निर्धारित शुल्क सहित परिणाम घोषित होने की तिथि से 20 दिन तक ऑनलाईन आवेदन कर सकते हैं।

