Thursday, April 2, 2026
HomeहरियाणारोहतकHBSE बोर्ड 12वीं का रिजल्ट जल्द : बोर्ड अध्यक्ष ने रोहतक के...

HBSE बोर्ड 12वीं का रिजल्ट जल्द : बोर्ड अध्यक्ष ने रोहतक के मूल्यांकन केन्द्रों का निरीक्षण किया

हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड के अध्यक्ष डॉ० पवन कुमार ने स्वयं जिला रोहतक के अंकन केन्द्र एस.सी.डी.एस.पीएम श्री राजकीय कन्या वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय, मॉडल टाउन व सैनी कन्या वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय का औचक निरीक्षण किया व व्यवस्थाओं का जायजा लिया। जहां अंकन कार्य निर्बाध व सुचारू रूप से चल रहा था तथा किसी भी केन्द्र पर किसी भी प्रकार की खामी नहीं पाई गई।

बोर्ड अध्यक्ष ने अंकन केन्द्रों पर नियुक्त सभी परीक्षकों को अंकन संबंधी कार्य के लिए आवश्यक दिशा-निर्देंश देते हुए कहा कि उत्तरपुस्तिकाओं के अंकन का कार्य निर्धारित समय में गुणवत्तापूर्ण हो, अंकन में बच्चों के भविष्य के साथ कतई खिलवाड़ न हो। अंकन की शुचिता बनी रहे इसको लेकर शिक्षा विभाग व बोर्ड ने कमर कस रखी है।

डॉ० पवन कुमार ने आगे बताया कि सैकेण्डरी (शैक्षिक/मुक्त विद्यालय) वार्षिक परीक्षाओं की उत्तरपुस्तिकाओं के अंकन का कार्य गुरुवार से शुरू हो गया है, जोकि 24 अप्रैल तक चलेगा। अंकन का कार्य सभी जिलों व उप-मण्डल स्तर पर करवाया जा रहा है। उन्होंने बताया कि प्रथम दिन एक उप-परीक्षक/एकल-परीक्षक द्वारा 15 उत्तरपुस्तिकाएं जांच की जानी है। इसके पश्चात प्रतिदिन 30 उत्तरपुस्तिकाओं की जांच की जानी है। उप-परीक्षकों द्वारा जांच की गई कुल उत्तरपुस्तिकाओं में से रैण्डमली आधार पर 10 प्रतिशत उत्तरपुस्तिकाओं की जांच मुख्य परीक्षक द्वारा की जानी हैं। प्रदेशभर में सेकेण्डरी (शैक्षिक/मुक्त विद्यालय) की परीक्षा के लिए 75 अंकन केन्द्र बनाए हैं तथा उत्तरपुस्तिकाओं के अंकन कार्य हेतु लगभग 6969 परीक्षक नियुक्त किए गए हैं।

उन्होंने आगे बताया कि सीनियर सेकेण्डरी (शैक्षिक/मुक्त विद्यालय) परीक्षा की उत्तरपुस्तिकाओं के अंकन का कार्य 03 अप्रैल से आरंभ होकर 28 अप्रैल तक करवाया जाएगा। इस कार्य हेतु प्रदेशभर में 52 अंकन केन्द्र बनाए हैं तथा उत्तरपुस्तिकाओं के अंकन कार्य हेतु लगभग 5009 परीक्षक नियुक्त किए गए हैं।

12वीं परीक्षा का परिणाम 15 मई तक घोषित कर दिया जाएगा

उन्होंने बताया कि सीनियर सैकेण्डरी(शैक्षिक/मुक्त विद्यालय) की परीक्षा का परिणाम 15 मई तक घोषित कर दिया जाएगा। इसके बाद सेकेण्डरी की परीक्षा का परिणाम घोषित किया जाएगा।

बोर्ड अध्यक्ष डॉ० पवन कुमार ने आगे बताया कि नई शिक्षा नीति के तहत इस बार परीक्षार्थियों को एक ओर अंक सुधार का मौका दिया है। इसके तहत जिन परीक्षार्थियों को किन्हीं भी 03 सब्जेक्ट में ऐसा लगता है कि उनके अंक ठीक नहीं आएंगे तो वे 4 अप्रैल से तीन विषयों के पेपर दोबारा देने के लिए आवेदन कर सकते हैं। यह परीक्षा 20 अप्रैल के आस-पास होगी। इस परीक्षा का मुख्य उद्देश्य परीक्षार्थियों का तनाव खत्म करना है। परिणामों में जिस परीक्षा के अंक अधिक होंगे, उसके अंक जोड़े जाएंगे।

RELATED NEWS

Most Popular