- नियमित परीक्षार्थियों का परीक्षा परिणाम 89.60 तथा स्वयंपाठी का 70.02 प्रतिशत रहा
- मुक्त विद्यालय फ्रैश कैटेगरी का परिणाम 11.17 व रि-अपीयर का 47.64 प्रतिशत रहा
- डी.एल.एड. रि-अपीयर का परिणाम भी किया घोषित
HBSE 10th Result 2026 : हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड द्वारा संचालित करवाई गई सेकेण्डरी (शैक्षिक/मुक्त विद्यालय) वार्षिक परीक्षा-2026 का परिणाम घोषित कर दिया गया है। परीक्षार्थी अपना परीक्षा परिणाम बोर्ड की आधिकारिक वेबसाइट www.bseh.org.in व results.digilocker.gov.in पर देख सकते है।
बोर्ड अध्यक्ष डॉ० पवन कुमार ने बताया कि सेकेण्डरी (शैक्षिक) नियमित परीक्षार्थियों का परीक्षा परिणाम 89.60 फीसदी तथा स्वयंपाठी परीक्षार्थियों का परिणाम 70.02 फीसदी रहा है। बोर्ड अध्यक्ष ने सभी छात्र-छात्राओं, उनके अभिभावकों तथा शिक्षकों को बेहतर परीक्षा परिणाम के लिए हार्दिक बधाई दी।
बोर्ड अध्यक्ष डॉ० पवन कुमार ने बताया कि सेकेण्डरी (शैक्षिक) नियमित परीक्षा में 2,76,640 परीक्षार्थी प्रविष्ठ हुए थे, जिनमें से 2,47,860 उत्तीर्ण हुए तथा 6,201 परीक्षार्थियों का परिणाम (E.R.) एसेंशियल रिपीट रहा अर्थात् ऐसे परीक्षार्थियों को परीक्षा में फिर से बैठने की आवश्यकता होगी। इस परीक्षा में 1,33,530 प्रविष्ठ छात्राओं में से 1,22,367 पास हुई, इनकी पास प्रतिशतता 91.64 रही, जबकि 1,43,110 छात्रों में से 1,25,493 पास हुए, इनकी पास प्रतिशतता 87.69 रही। इस प्रकार छात्राओं ने छात्रों से 3.95 फीसदी ज्यादा पास प्रतिशतता दर्ज कर बढ़त हासिल की है।
उन्होंने बताया कि इस परीक्षा में राजकीय विद्यालयों की पास प्रतिशतता 87.23 रही तथा प्राईवेट विद्यालयों की पास प्रतिशतता 92.45 रही है। इस परीक्षा में ग्रामीण क्षेत्र के विद्यार्थियों की पास प्रतिशतता 90.25 रही है, जबकि शहरी क्षेत्र के विद्यार्थियों की पास प्रतिशतता 87.94 रही है। उन्होंने बताया कि पास प्रतिशतता में जिला जिला चरखी दादरी प्रथम स्थान पर, द्वितीय स्थान पर जीन्द, तीसरे स्थान पर महेन्द्रगढ़ तथा जिला नूंह सबसे नीचले पायदान पर रहा।
उन्होंने आगेे बताया कि सैकेण्डरी परीक्षा के स्वयंपाठी परीक्षार्थियों का परिणाम 70.02 प्रतिशत रहा है। इस परीक्षा में 4,556 परीक्षार्थी प्रविष्ठ हुए जिनमें से 3,190 पास हुए। स्वयंपाठी परीक्षार्थी अपना अनुक्रमांक अथवा नाम, पिता का नाम, माता का नाम व जन्म तिथि भरते हुए परीक्षा परिणाम देख सकते हैं। विद्यालयी परीक्षार्थी भी अपना परिणाम अनुक्रमांक व जन्म तिथि भरते हुए देख सकते हैं।
बोर्ड अध्यक्ष ने बताया कि इसके अतिरिक्त प्रदेशभर में संचालित करवाई गई सैकेण्डरी मुक्त विद्यालय वार्षिक परीक्षा-2026 (फ्रैश, रि-अपीयर, अंक सुधार एवं अतिरिक्त विषय) विषय परीक्षा का परिणाम भी आज घोषित किया जा रहा है। परीक्षार्थी अपना परिणाम बोर्ड की आधिकारिक वेबसाइट पर देख सकते हैं।
उन्होंने आगे बताया कि सैकेण्डरी मुक्त विद्यालय (फ्रैश) की परीक्षा में 5,772 परीक्षार्थी प्रविष्ठ हुए थे, जिनमें से 645 परीक्षार्थी उत्तीर्ण हुए, जिनकी पास प्रतिशतता 11.17 रही। इस परीक्षा में 3,519 छात्र बैठे थे, जिनमें से 389 पास हुए, इनकी पास प्रतिशतता 11.05 रही है, जबकि 2,253 प्रविष्ठ छात्राओं में से 256 पास हुई, इनकी पास प्रतिशतता 11.36 रही है।
उन्होंने बताया कि सैकेण्डरी मुक्त विद्यालय (रि-अपीयर) का परिणाम 47.64 फीसदी रहा। इस परीक्षा में 3,957 परीक्षार्थी प्रविष्ठ हुए थे, जिनमें से 1,885 परीक्षार्थी उत्तीर्ण हुए। परीक्षार्थी अपना परिणाम बोर्ड की आधिकारिक वेबसाइट www.bseh.org.in से अनुक्रमांक/पंजीकरण नम्बर अथवा नाम, पिता का नाम, माता का नाम व जन्म तिथि भरते हुए देख सकते हैं। किसी भी प्रकार की तकनीकी खराबी/त्रुटि के लिए बोर्ड कार्यालय जिम्मेवार नहीं होगा।
16 परीक्षार्थियों ने प्रथम तीन स्थान प्राप्त किए
उन्होंने आगे बताया कि प्रदेशभर में 16 परीक्षार्थियों ने प्रथम तीन स्थान प्राप्त किए हैं, जिसमें आदर्श वरिष्ठ मा.वि., मिरान, भिवानी की छात्रा दीपिका ने 499 अंक लेकर प्रथम स्थान प्राप्त किया है। 498 अंको के साथ चार परीक्षार्थियों ने द्वितीय स्थान प्राप्त किया है, इनमें छात्रा रोनक, बीएसएम व.मा.वि., बिगोवा, चरखी-दादरी, खुशी,एनसीवीएम हाई स्कूल, पुठी समैन, हिसार, अंतु, स्वामी विवेकानंद व.मा.वि., खेड़ी जालब, हिसार व छात्र दीपांशु, बाला जी व.मा.वि., भुंगरका, महेन्द्रगढ़ शामिल हैं। 497 अंको के साथ 11 परीक्षार्थियों ने तृतीय स्थान प्राप्त किया है, जिसमेंं रा.व.मा.वि., शाहपुर तुर्क, सोनीपत के छात्र काव्यांश, टैगोर व.मा.वि., रावत खेड़ा रोड़ मंगाली, हिसार की छात्रा दीक्षा , श्री बलवीर सिंह व.मा.वि., माढ़ा, हिसार की छात्रा साक्षी, पिंक सीटी हाई.स्कूल, बिसला, फतेहाबाद की छात्रा आरजु, आर्यवर्त व.मा.वि., देवबन, कैथल की छात्रा मानशी, होली व.मा.वि., सिवानी मंडी, भिवानी की छात्रा आशु, मॉडर्न शिक्षा सदन, देहरा, पानीपत के छात्र मनुराज, श्री बलवीर सिंह व.मा.वि., माढ़ा, हिसार की छात्रा सकोमल, रा.व.मा.वि.,सुंडाना, रोहतक की छात्रा गीता, आर्य हाई स्कूल, मंढ़ोली कलां, भिवानी की छात्रा महक एवं महर्षि दयानंद पब्लिक स्कूल, नरवाना, जीन्द के छात्र वंश देव शामिल हैं।
उन्होंने बताया कि डी.एल.एड. परीक्षाएं फरवरी/मार्च-2026 की परीक्षा में प्रदेशभर में कुल 5315 छात्र-अध्यापक प्रविष्ट हुए। उन्होंने बताया कि डी.एल.एड. प्रवेश वर्ष 2023-25 प्रथम वर्ष (रि-अपीयर) का परिणाम 62.50 प्रतिशत रहा। इसी प्रकार प्रवेश वर्ष 2023-25 द्वितीय वर्ष (रि-अपीयर) का परिणाम 81.76 प्रतिशत रहा। तथा प्रवेश वर्ष 2024-26 प्रथम वर्ष (रि-अपीयर) का परिणाम 65.13 प्रतिशत रहा। उन्होंने बताया कि छात्र-अध्यापकों की Performance Sheets शिक्षण संस्थाओं की लॉगिन आईडी पर भेजी जाएगी।
उन्होंने बताया कि इन परीक्षा परिणामों के आधार पर जो परीक्षार्थी अपनी उत्तरपुस्तिकाओं की पुन: जाँच अथवा पुनर्मूल्यांकन करवाना चाहते हैं तो वे निर्धारित शुल्क सहित परिणाम घोषित होने की तिथि से 20 दिन तक ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं।

