Saturday, February 21, 2026
Homeहरियाणाहरियाणा बोर्ड अध्यक्ष के साथ हसला की बैठक : अधिकांश मांगों पर...

हरियाणा बोर्ड अध्यक्ष के साथ हसला की बैठक : अधिकांश मांगों पर बनी सहमति, बोर्ड ड्यूटी मानदेय बढ़ाने का आश्वासन

भिवानी : हरियाणा स्कूल लैक्चरर एसोसिएशन (हसला) के प्रधान सतपाल सिंह संधू की अगुवाई में हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड के अध्यक्ष प्रो. (डॉ.) पवन कुमार के साथ सौहार्दपूर्ण माहौल में एक महत्वपूर्ण एवं सकारात्मक बैठक संपन्न हुई। बैठक का उद्देश्य बोर्ड परीक्षाओं, प्रायोगिक परीक्षाओं, उड़नदस्ता, अंकन (मार्किंग) एवं अन्य शैक्षणिक व प्रशासनिक विषयों से संबंधित व्यावहारिक समस्याओं पर समाधान करवाना था।

बोर्ड अध्यक्ष ने हसला के मांग पत्र में दिए गए सभी बिंदुओं को पूरी गंभीरता के साथ सुना। बैठक में अधिकांश मांगों पर बोर्ड स्तर पर सैद्धांतिक सहमति बनी। बोर्ड अध्यक्ष ने सभी प्रकार की बोर्ड परीक्षा ड्यूटी, उड़नदस्ता एवं उत्तरपुस्तिका अंकन के मानदेय में वृद्धि करने एवं परीक्षा केन्द्रों पर ड्यूटी देने वाले शिक्षकों की सुरक्षा और मूलभूत सुविधाओं की उपलब्धता सुनिश्चित करने बारे ठोस कदम उठाने का आश्वासन दिया।

बोर्ड अध्यक्ष ने संगठन से अपील करते हुए कहा कि शिक्षक न केवल निरीक्षक के रूप में कार्य करें, बल्कि परीक्षार्थियों को परीक्षा के तनाव से मुक्त रखने और ईमानदारी से परीक्षा देने के लिए प्रेरित भी करें।

हसला प्रधान सतपाल सिंह संधू ने कहा कि हसला संगठन का उद्देश्य सदैव पारदर्शी, निष्पक्ष एवं गुणवत्तापूर्ण परीक्षा प्रणाली सुनिश्चित करना है। उन्होंने विश्वास जताया कि बैठक में बनी सहमति के अनुरूप शीघ्र ही ठोस निर्णय एवं कार्यवाही देखने को मिलेगी, जिससे शिक्षक-विद्यार्थी दोनों को लाभ होगा।

इस अवसर पर बोर्ड के अधिकारी एवं हसला संगठन के कई पदाधिकारी भी उपस्थित रहे। हसला संगठन ने पुन: आश्वस्त किया कि वह बोर्ड द्वारा संचालित करवाई जाने वाली वार्षिक परीक्षाओं का नकल रहित एवं पारदर्शी संचालन करवाने में पूर्ण सहयोग एवं सहभागिता के लिए तत्पर रहेगा।

RELATED NEWS

Most Popular