Haryana हरियाणा पुलिस ने सख्त रुख अपनाते हुए गायक आदित्य प्रतिक सिंह सिसोदिया उर्फ बादशाह के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है। वहीं हरियाणा राज्य महिला आयोग ने मामले को गंभीर मानते हुए उन्हें समन जारी कर पूछताछ के लिए बुलाया है।
पंचकूला पुलिस ने “टटीरी’” के मामले में FIR दर्ज करते हुए उनके खिलाफ लुक आउट सर्कुलर (LOC) जारी कराने की प्रक्रिया शुरू कर दी है, ताकि आरोपी देश छोड़कर बाहर न जा सके।
पंचकूला पुलिस द्वारा यू ट्यूब चैनल से इस गाने को हटवा दिया गया है। इसके अतिरिक्त, संबंधित वीडियो को सभी सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म से हटवाने के लिए नोटिस जारी किए गए हैं, ताकि आपत्तिजनक सामग्री का प्रसार रोका जा सके।
इस संबंध में साइबर थाना सेक्टर-20, पंचकूला में FIR नंबर 28, दिनांक 06 मार्च 2026 के तहत धारा 296 भारतीय न्याय संहिता (BNS) तथा इंडिसेंट रिप्रेजेंटेशन ऑफ वीमेन (प्रोहिबिशन) एक्ट, 1986 की धारा 3 व 4 के अंतर्गत मामला दर्ज किया गया है।
पुलिस के अनुसार, वीडियो में स्कूल यूनिफॉर्म पहने नाबालिग बच्चियों को स्कूल बैग फेंकते हुए और पढ़ाई से दूर भागते हुए दिखाया गया है। साथ ही “बादशाला” जैसे शब्दों का प्रयोग कर स्कूल और शिक्षा के माहौल को गलत तरीके से प्रस्तुत किया गया है। इसके अतिरिक्त गीत में महिलाओं और लड़कियों के प्रति आपत्तिजनक व अशोभनीय शब्दों का प्रयोग पाया गया है। वहीं जांच के दौरान यह भी सामने आया है कि वीडियो में जींद डिपो की हरियाणा रोडवेज बस दिखाई गई है।

