Sunday, November 16, 2025
Homeखेल जगतक्रिकेटर शेफाली वर्मा को 1.50 करोड़ के कैश अवार्ड को खेल विभाग ने दी मंजूरी

क्रिकेटर शेफाली वर्मा को 1.50 करोड़ के कैश अवार्ड को खेल विभाग ने दी मंजूरी

हरियाणा की खेल प्रतिभाओं ने एक बार फिर साबित किया है कि मेहनत, लगन और आत्मविश्वास से कोई भी मुकाम हासिल किया जा सकता है। देश की होनहार बेटी और रोहतक में जन्मी क्रिकेटर शेफाली वर्मा, जिन्होंने हाल ही में भारत को महिला वनडे विश्व कप विजेता बनाने में निर्णायक भूमिका निभाई, को हरियाणा खेल विभाग के मंत्री की ओर से 1.50 करोड़ रुपये की आधिकारिक मंजूरी मिल चुकी है।

खेल मंत्री गौरव गौतम ने बताया कि खेल विभाग ने यह राशि मंजूर प्रदान कर दी है और यह राशि जल्द ही सुश्री शेफाली वर्मा के खाते में जमा कर दी जाएगी।

खेल मंत्री गौरव गौतम ने कहा कि शेफाली वर्मा न केवल हरियाणा बल्कि पूरे देश की बेटियों के लिए प्रेरणा हैं। उन्होंने कहा कि हमारी बेटियां बेटों से किसी भी मायने में कम नहीं हैं। हरियाणा की बेटियां शिक्षा, खेल, रक्षा, प्रशासन-हर क्षेत्र में देश का नाम रोशन कर रही हैं। सुश्री शेफाली ने महिला वनडे विश्व कप जीताकर हरियाणा की खेल परंपरा में स्वर्णिम अध्याय जोड़ा है। हमें अपनी इस बेटी पर गर्व है और हमें पूरा विश्वास है कि भविष्य में भी वे इसी तरह अपने खेल से हरियाणा और देश का नाम ऊंचा करती रहेंगी।

खेल मंत्री ने कहा कि हरियाणा सरकार ने हमेशा खिलाड़ियों के सम्मान और प्रोत्साहन को सर्वाेच्च प्राथमिकता दी है। उन्होंने कहा कि हरियाणा की खेल नीति आज देश में आदर्श मानी जाती है। ओलंपिक में स्वर्ण पदक जीतने वाले खिलाड़ी को 6 करोड़ रुपये का इनाम देने की नीति केवल हरियाणा में है। इतना ही नहीं, खिलाड़ियों को सरकारी नौकरियों में 3 प्रतिशत आरक्षण और राष्ट्रीय व अंतरराष्ट्रीय स्तर के पदक विजेताओं को ए, बी और सी श्रेणी की नौकरियों में वरीयता दी जाती है।

गौरव गौतम ने कहा कि मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के नेतृत्व में राज्य सरकार खेलों के बुनियादी ढांचे को और मजबूत कर रही है, ताकि गांव-गांव से शेफाली और नीरज चोपड़ा जैसे खिलाड़ी तैयार हो सकें।

उन्होंने कहा कि यह पुरस्कार न केवल सुश्री शेफाली वर्मा की उपलब्धि का सम्मान है, बल्कि हर उस खिलाड़ी के लिए प्रेरणा है जो अपने खेल के दम पर देश का तिरंगा ऊंचा फहराने का सपना देखता है।

उन्होंने कहा कि शेफाली वर्मा जैसी बेटियां हरियाणा की पहचान हैं। उनका हौसला आने वाली पीढ़ियों के लिए प्रेरणा का स्रोत है।

शेफाली ने किया था शानदार प्रदर्शन

शेफाली वर्मा ने भारत और साउथ अफ्रीका के बीच खेले गए महिला वनडे विश्व कप के फाइनल मुकाबले में बल्ले और गेंद दोनों से शानदार प्रदर्शन किया था। उन्होंने 87 रनों की शानदार पारी खेलते हुए भारत को जीत की राह दिखाई और सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन के लिए मैन ऑफ द मैच का खिताब जीता।

RELATED NEWS

Most Popular