कुरुक्षेत्र: हरियाणा सरस्वती धरोहर विकास बोर्ड के उपाध्यक्ष धुमन सिंह किरमच ने कहा कि सरकार की तरफ से पवित्र सरस्वती नदी की धारा को फिर से धरा पर प्रवाहित करने के लिए आदिबद्री में भव्य और विशाल डैम का निर्माण किया जा रहा है। इस प्रोजेक्ट पर सरकार की तरफ से करीब 300 करोड का बजट भी खर्च किया जाएगा। अहम पहलू यह है कि यह प्रोजेक्ट अब टेंडर स्टेज पर पहुंच चुका है।
कुरुक्षेत्र में आयोजित एक कार्यक्रम में उपाध्यक्ष धुमन सिंह किरमच ने कहा कि मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के मार्गदर्शन में पवित्र सरस्वती नदी को विकसित करने का कार्य किया जा रहा है। इसके लिए पिपली में सरस्वती रिवर फ्रंट का निर्माण किया जा रहा है। इसी तरह पिहोवा में भी रिवर फ्रंट का निर्माण किया जाएगा, सरस्वती नदी पर प्राचीन अष्टकोशी यात्रा को शुरू किया गया है और सरस्वती नदी के किनारें के 19 किलोमीटर के मार्ग को पक्का किया जा रहा है, सरस्वती नदी के किनारे 9 से ज्यादा रजवाहों और घाटों का निर्माण किया गया है, सरस्वती नदी पर बोटिंग प्रोजेक्ट को भी अमलीजामा पहनाया गया है। सभी के सांझे सहयोग से इन सभी परियोजनाओं पर सही मायने में धरातल पर कार्य किया गया है।
हरियाणा सरस्वती सेवा समिति के सदस्य पंकज अरोड़ा ने मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी व बोर्ड के उपाध्यक्ष धुमन सिंह किरमच का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि पिछले 30 सालों से समाज सेवा के साथ-साथ मां सरस्वती की सेवा का कार्य किया जा रहा है। अब बोर्ड के साथ मिलकर पवित्र नदी सरस्वती की परियोजनाओं में सहयोग किया जाएगा।
मुख्यमंत्री के मीडिया कोऑर्डिनेटर तुषार सैनी ने मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि सरकार की योजनाओं को मीडिया के माध्यम से आमजन तक पहुंचाया जाएगा ताकि आमजन को सरकार की योजनाओं की जानकारी मिले और लोग योजनाओं का फायदा उठा सके।