Haryana News: पंजाब द्वारा भाखड़ा के पानी का हरियाणा का पूरा हिस्सा न देने और पंजाब के मुख्यमंत्री द्वारा गैरकानूनी ढंग से बीबीएमबी पर ताला जड़ने व पुलिस की तैनाती करने के विरोध में इनेलो पार्टी ने सड़कों पर उतर कर जोरदार धरना प्रदर्शन किया। इस दौरान मटके फोड़े और पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान के पुतले जलाए।
हिसार जोन के 7 जिलों जींद में प्रदेशाध्यक्ष रामपाल माजरा, हिसार में राष्ट्रीय संगठन सचिव उमेद लोहान, सिरसा में विधायक अदित्य देवीलाल, फतेहाबाद में महिला प्रदेश प्रभारी सुनैना चौटाला, भिवानी में पूर्व विधायक ओमप्रकाश गोरा, दादरी में पूर्व विधायक रणबीर मंदोला और महेंद्रगढ़ में सुरेंद्र कौशिक की अगुवाई में प्रदर्शन किया और सभी उपायुक्तों को प्रधानमंत्री के नाम ज्ञापन सौंपे। प्रदर्शन में इनेलो के पदाधिकारियों, कार्यकर्ताओं समेत भारी संख्या में महिलाओं ने भाग लिया।
इनेलो के प्रदेश अध्यक्ष रामपाल माजरा ने अपने संबोधन में कहा कि दिल्ली और हरियाणा में लोगों ने आम आदमी पार्टी का सफाया कर दिया है। अब पंजाब से भी इस पार्टी को अपना सूपड़ा साफ होता दिख रहा है। यही कारण है कि आप पार्टी लोगों की भावनाओं का फायदा उठाने की फिराक में है और संघीय ढांचे को नकार कर अराजकता फैलाने का काम कर रही है। माजरा ने कहा कि इनेलो पार्टी हरियाणा के किसानों के लिए किसी भी स्तर तक लड़ाई लड़ेगी।
इनेलो विधायक आदित्य देवीलाल चौटाला ने कहा कि यदि केंद्र सरकार सही मायने में हरियाणा को भाखड़ा से उसके हिस्से का पानी दिलाने को गंभीर है तो उसे फौरन पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान को गिरफ्तार करवाकर जेल भेजना चाहिए। उन्होंने कहा कि सही मायने में केंद्र व प्रदेश की भाजपा सरकार हरियाणा को उसके हक का पानी दिलाने को लेकर पूरी तरह से उदासीन हैं। इसी से पता चलता है कि सरकार गंभीर नहीं है। हरियाणा में पानी की किल्लत का प्रमाण ये है कि प्रत्येक गांव में लोग पीने के लिए पानी का टैंकर 700 से 800 रुपए में खरीदने को मजबूर हैं। उन्होंने आरोप जड़ा कि पानी के मूल मुद्दे पर प्रदेश की नायब सरकार ने पंजाब के समक्ष घुटने टेक दिए हैं।