चण्डीगढ़: हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि राज्य सरकार ग्राम पंचायतों में 60 व 90 एमएम पेवर ब्लॉक की इंटरलोकिंग के रेफरेंस रेट को बढ़ाने पर गंभीरता से विचार कर रही है। सरकार द्वारा अक्टूबर, 2024 से अप्रैल, 2025 तक प्रदेश की ग्राम पंचायतो में विकास कार्यों के लिए 1871 करोड़ रुपये जारी किए गए।
मुख्यमंत्री ने यह संत कबीर कुटीर, चण्डीगढ़ में डबवाली हल्का से आए विभिन्न सरपंचों से बातचीत के दौरान कही। उन्होंने कहा कि प्रदेश की पंचायतों में विकास कार्यो के लिए धन की कमी नहीं आने दी जाएगी। उन्होंने बताया कि पिछले 6 महिनें में डबवाली हल्का की 21 पंचायतों में विभिन्न योजनाओं के तहत 14.10 करोड रुपए की राशि जारी की गई। उन्होंने सरपंचों से आह्वान किया कि गांवों में होने वाले विकास कार्यों में गुणवता सुनिश्चित की जाए।
इसके उपरांत ऐलनाबाद शहर के विभिन्न पार्षदों ने मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी से मुलाकात कर शहर में विभिन्न विकास कार्य करवाने के लिए उनका धन्यवाद किया। इस अवसर पर पार्षदों ने नागरिक अस्पताल को अपग्रेड करने, एसटीपी प्लांट की क्षमता बढ़ाने, खेल स्टेडियम का निर्माण और शहर के पास से गुजरने वाली नहर के साथ-साथ सड़क बनाने का अनुरोध भी किया। इस पर मुख्यमंत्री ने अश्वासन दिया कि इन कार्यो को प्राथमिकता के आधार पर करावाया जाएगा।
सैन समाज के पदाधिकारियों ने मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी से मुलाकात
इसके उपरांत प्रदेशभर से आए सैन समाज के पदाधिकारियों ने मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी से मुलाकात की। उन्होंने सैन समाज के उत्थान के लिए किए जा रहे विभिन्न कार्यो के लिए मुख्यमंत्री का धन्यवाद किया। मुख्यमंत्री ने कहा कि 4 दिसम्बर, 2023 को जींद में आयोजित संत श्री शिरोमणी सैन जी महाराज की जयंति के अवसर पर सैन समाज के लिए की गई सभी घोषणाओं को एक-एक कर लागू किया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि पिछले 10 वर्षो में देश व प्रदेश गति से बदल रहा है और विकास के नए आयाम स्थापित कर रहा है। हम सभी को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश को आगे बढ़ाना है।
इस दौरान लोधी समाज के पदाधिकारियोें ने भी मुख्यमंत्री से मुलाकात कर अपनी मांगों को उनके समक्ष रखा। जिस पर मुख्यमंत्री ने मांगों को पूरा करने का आश्वासन दिया।