रोहतक : उपायुक्त सतबीर सिंह ने प्रस्तावित हरियाणा सफाई महाकुंभ कार्यक्रम में रोहतक जिला की उल्लेखनीय प्रतिभागिता सुनिश्चित करने के निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिए हैं। वे कार्यक्रम की तैयारियों को लेकर आयोजित अधिकारियों की बैठक को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि हरियाणा सफाई महाकुंभ प्रदेशभर में आयोजित किया जा रहा है और रोहतक की इसमें प्रभावी एवं उल्लेखनीय भागीदारी होनी चाहिए।
बैठक में नगर निगम आयुक्त सत्येंद्र दूहन ने कार्यक्रम की विस्तृत रूपरेखा प्रस्तुत की। उन्होंने बताया कि कार्यक्रम के आयोजन के लिए 11 अक्टूबर की तिथि पर विचार किया जा रहा है। कार्यक्रम में प्रतिभागिता के लिए ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन लिंक जारी किया गया है। उन्होंने सभी विभागाध्यक्षों से आह्वान किया कि वे अपने-अपने विभागों के अधिकारियों, कर्मचारियों तथा संबंधित संस्थाओं के माध्यम से अधिक से अधिक रजिस्ट्रेशन करवाना सुनिश्चित करें। कार्यक्रम के तहत दिल्ली बाईपास से रुपया चैक तक के क्षेत्र को निर्धारित किया गया है। इस क्षेत्र में प्रतिभागियों द्वारा झाड़ू लगाकर विशेष स्वच्छता अभियान चलाया जाएगा। नगर निगम द्वारा कार्यक्रम के सफल आयोजन के लिए आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जाएंगी।
नगर निगम आयुक्त सत्येंद्र दूहन ने कहा कि प्रदेशभर में निर्धारित समय पर एक साथ स्वच्छता अभियान शुरू किया जाएगा। इस व्यापक अभियान के माध्यम से स्वच्छता के प्रति जनभागीदारी का संदेश देने के साथ-साथ विश्व रिकॉर्ड स्थापित करने की योजना भी बनाई गई है। उन्होंने बैठक में संबंधित विभागों एवं संस्थाओं को कार्यक्रम में अपेक्षित प्रतिभागियों की संख्या के संबंध में भी जानकारी दी।
उपायुक्त सतबीर सिंह ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि कार्यक्रम की तैयारियों में किसी प्रकार की कमी न रहे तथा सभी संबंधित विभाग आपसी समन्वय के साथ कार्य करें। उन्होंने कहा कि स्वच्छता अभियान को सफल बनाने के लिए अधिक से अधिक लोगों को इससे जोड़ा जाए और नागरिकों को स्वच्छता के प्रति जागरूक करते हुए उनकी सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित की जाए।

