Saturday, August 15, 2026
Homeदिल्लीHaryana : महम में CM नायब सिंह का कांग्रेस पर वार ,...

Haryana : महम में CM नायब सिंह का कांग्रेस पर वार , बोले – भाजपा के नॉनस्टॉप विकास के आगे पस्त हुई कांग्रेस

Haryana : मुख्यमंत्री नायब सैनी रविवार को महम में आयोजित जन आशीर्वाद रैली को संबोधित कर रहे थे। इस दौरान उन्होंने कहा है कि भाजपा सरकार के नॉनस्टॉप विकास के आगे कांग्रेस पार्टी पस्त हो गई है। वह न तो उनके सवालों का जवाब दे पा रही है और न उनके नेता चुनाव प्रचार कर पा रहे हैं।

मुख्यमंत्री सैनी ने कहा विगत दस वर्ष के कार्यकाल को आगे बढ़ाते हुए भाजपा सरकार उनके नेतृत्व में और तेजी से विकास की राह पर थी लेकिन कांग्रेस के लोगों को यह गंवारा नहीं हुआ, 25 हजार युवाओं की भर्ती पर ब्रेक लगवा दिया, लेकिन वे प्रदेश के लोगों को कहना चाहते हैं कि आठ तारीख के बाद प्रदेश में जैसे ही भाजपा की सरकार बनेगी। नौकरियों का सिलसिला तुरंत शुरू हो जाएगा। उन्होंने कहा कि आने वाले दिनों में भाजपा सरकार प्रदेश के दो लाख युवाओं को सरकारी नौकरी देगी। इतना ही नहीं पांच लाख युवाओं को रोजगार के लिए वजीफा भी देगी। एससी बीसी समाज के छात्र-छात्राओं को, जो राज्य से बाहर के उच्च शिक्षण संस्थानों में पढऩा चाहते हैं उनकी फीस राज्य सरकार की ओर से वहन की जाएगी।

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश के लोगों को आयुष्मान एवं चिरायु योजना के तहत अब पांच लाख रुपये की बजाय दस लाख रुपये तक का मुफ्त उपचार मिलेगा। इतना नहीं सभी वर्ग के 70 वर्ष से अधिक आयु के बुजुर्गों के लिए दस लाख रुपये तक का इलाज कराया जाएगा। सरकारी अस्पतालों में डायलिसिस की सुविधा फ्री में रहेगी ताकि किसी को पैसे के अभाव में परेशानी न हो। सीएम सैनी ने कहा कि हरियाणा इकलौता प्रदेश है जहां किसानों को 24 फसलों पर एमएसपी का भाव दिया जा रहा है। इसके अलावा अनेक योजनाओं के तहत किसानों को सीधे फायदा पहुंचाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि आठ अक्तूबर के बाद जैसे ही भाजपा सरकार बनेगी महिलाओं को प्रति माह 2100 रुपए दिये जाएंगे तथा गरीब परिवारों के लिए पांच लाख मकान बनाए जाएंगे।

इनके अलावा गरीब परिवारों को केंद्र सरकार व राज्य सरकार के सहयोग से सोलर लाइट मुहैया कराई जाएगी। जिन परिवारों को 100-100 वर्ग गज के प्लाटों का कब्जा नहीं मिला है, चुनाव के तुरंत बाद उनका रजिस्ट्रेशन भी होगा और कब्जा भी दिलाया जाएगा।

कांग्रेस के पास नहीं हैं उनके सवालों के जवाब
मुख्यमंत्री सैनी ने कहा कि उन्होंने कांग्रेस पार्टी से चार माह पहले दस सवाल पूछे थे उनका आज तक जवाब नहीं सूझा है। पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा से कई बार कहा गया है कि वे सवालों का ही जवाब दे दें, मगर उनको मानो सांप सूंघ गया है। उन्होंने कहा कि चुनावी राजनीति में ऐसा पहली बार हुआ है कि किसी पार्टी को दो बार घोषणा पत्र जारी करना पड़ा हो। कांग्रेस के नेता ऊपर से लेकर नीचे तक झूठ का पुलिंदा लिये घूमते हैं। जहां मौका मिलता है, बोल देते हैं। कहते हैं उनकी सरकार बनने पर दो लाख नौकरियां अपने-अपने हिसाब से बांटी जाएंगी। यह तो वही बात हो गई। सूत ना पूणी, लठम-लठा। मुख्यमंत्री सैनी ने कहा कि महम हलके की सरदारी जैसे ही उनके उम्मीदवार दीपक हुड्डा को जिताकर चंडीगढ़ भेजेगी, उनको पूरा मान सम्मान दिया जाएगा। उन्होंने यह भी बताया कि शमशेर सिंह खरकड़ा व उनकी पत्नी को भाजपा से निष्कासित कर दिया गया है। इसलिए महम के मतदाता दिल खोलकर दीपक के लिए वोट दें। हलके का भरपूर विकास होगा, यह उनकी गारंटी है।

रैली में उनके साथ बाबा मस्तनाथ संस्थान के महंत एवं विधायक बाबा बालकनाथ जी, सांसद रामचंद्र जांगड़ा, स्वीटी बूरा, महंत सतीश दास, संदीप नैन, अनिल, अजीत, राजेश आर्य, सत्यप्रकाश, नरेंद्र खट्टर, सुनीता दांगी, डा.रोहिला, मुकेश वशिष्ठ, विकास श्योराण व अन्य उपस्थित थे।

RELATED NEWS
spot_img

Most Popular