Saturday, August 22, 2026
HomeदेशCM नायब सैनी बोले- पंजाब के मुख्यमंत्री केवल चुटकुले सुनाकर टाइम पास...

CM नायब सैनी बोले- पंजाब के मुख्यमंत्री केवल चुटकुले सुनाकर टाइम पास कर रहे हैं

चंडीगढ़ : हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान केवल चुटकुले सुनाकर अपना टाइम पास कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि भगवंत मान बताएं कि आम आदमी पार्टी द्वारा पिछले चुनाव के समय महिलाओं व युवाओं से किए वादों का क्या हुआ? आम आदमी पार्टी ने महिलाओं से हर महीने 1000 रुपये देने का वादा किया था और सरकार बने 5 साल होने को है और अब अगले चुनाव सिर पर आ गए हैं तब भी पंजाब के मुख्यमंत्री स्टेज से महिलाओं से पूछ रहे हैं कि बहन एक महीने के पैसे खाते में डालूं या दो महीने के या तीन महीने के? यह मजाक नहीं तो और क्या है? इसी प्रकार कानून-व्यवस्था की खराब हालत के चलते इंडस्ट्री पंजाब से पलायन कर रही है जिससे युवाओं के सामने रोजगार का संकट खड़ा है, हताश-निराश युवा लगातार नशे के दलदल में धंसता जा रहा है।

मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी शनिवार को पंजाब के पटियाला जिले के घनौर कस्बे में आयोजित तीज महोत्सव में पंजाब की मातृशक्ति को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने महिलाओं को नारी सशक्तिकरण, आत्मनिर्भरता और नशामुक्त समाज के निर्माण का संदेश दिया। उन्होंने महिलाओं को कोथलियां और सूट वितरित किए तथा सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत करने वाली महिला कलाकारों को सम्मानित किया। इस अवसर पर हरियाणा के पूर्व मंत्री असीम गोयल, तीज महोत्सव के संयोजक विकास शर्मा सहित अनेक गणमान्य व्यक्ति मौजूद थे।

मुख्यमंत्री सैनी ने कहा कि पिछले चुनाव में तो आम आदमी पार्टी ने पंजाब के लोगों को गुमराह करके वोट ले लिए लेकिन इस बार पंजाब की जनता, विशेषकर माताएं-बहनें पूरी तरह से जागरूक हैं। इस बार महिलाएं पंजाब में बदलाव करने के लिए तत्पर हैं और प्रधानमंत्री मोदी की नीतियों से प्रभावित होकर वे पंजाब में भाजपा की सरकार बनाकर पुनः हंसता-खेलता पंजाब बनाएंगी। पंजाब का युवा वर्ग भी अब यहां भाजपा सरकार बनाने का मन बना चुका है।

बच्चियों को आशीर्वाद देते सीएम नायब सैनी।

तीज हरियाणा व पंजाब की सांझी संस्कृति का प्रतीक

मुख्यमंत्री सैनी ने महिलाओं को तीज की बधाई व शुभकामनाएं देते हुए कहा कि यह त्योहार केवल सावन की हरियाली और खुशियों का त्योहार नहीं, बल्कि सुहाग, सौभाग्य, प्रेम, श्रद्धा और हमारी समृद्ध सांस्कृतिक विरासत का पर्व है। यह पर्व हरियाणा और पंजाब की सांझी संस्कृति, बहनों-बेटियों के प्रेम तथा दोनों राज्यों की सांझी मिट्टी की उस आत्मा का उत्सव है, जो राज्य की सीमाओं से कहीं बड़ी है।

बहनों के मायके में आने जैसा महसूस कर रहा हूं

उन्होंने कहा कि घनौर की धरती पर आयोजित यह समारोह उन्हें किसी औपचारिक कार्यक्रम के बजाय अपनी बहनों के मायके आने जैसा महसूस हो रहा है। उन्होंने कहा कि पंजाब की संस्कृति के सभी रंग यहां दिखाई दे रहे हैं-चुन्नियों के रंग, मेहंदी की खुशबू, गिद्धे और लोकगीतों की मिठास तथा सावन की झूलती पींघों में पंजाब की उमंग साफ नजर आ रही है।

बहनों के लिए कोथली की मिठास के साथ विश्वास का संदेश

मुख्यमंत्री सैनी ने कहा कि आज वे अपनी बहनों के बीच भाई बनकर उनके लिए कोथली लाए हैं। इस कोथली में केवल मिठाई नहीं, बल्कि रिश्तों की मिठास, सम्मान की खुशबू और बहनों की खुशहाली की दुआ भी है। उन्होंने कहा कि जिस प्रकार मायके की चौखट पर भाई की परछाईं बहन के साथ खड़ी रहती है, उसी प्रकार वे भी हर सुख-दुख में अपनी बहनों के साथ खड़े रहेंगे।

बहन-बेटियों के लिए की सुख-समृद्धि व सम्मान की कामना

मुख्यमंत्री ने सभी माताओं, बहनों और बेटियों को तीज महोत्सव की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि तीज की पींघ जितनी ऊंची जाए, घनौर व पंजाब की बेटियों के सपने उससे भी ऊंचे हों, मेहंदी का रंग जितना गहरा हो, पंजाब और हरियाणा के रिश्तों का विश्वास उससे भी गहरा हो तथा सावन की धरती जितनी हरी हो, घनौर की खुशहाली और पंजाब की समृद्धि उससे भी अधिक हरी-भरी हो। उन्होंने कामना की कि तीज के पावन पर्व पर हर बहन-बेटी के जीवन में सुख, सम्मान, आत्मनिर्भरता और समृद्धि आए। मुख्यमंत्री ने तीज के अवसर पर सभी से संकल्प लेने का आह्वान करते हुए कहा कि इस बार तीज का झूला केवल आंगन में न झूले, बल्कि बेटियों के सपनों, बहनों के हौसले, युवाओं की उम्मीदों, किसानों की मेहनत और खेतों की हरियाली में भी झूले।

RELATED NEWS
spot_img

Most Popular