Rohtak News : हरियाणा शहरी विकास प्राधिकरण द्वारा सर छोटूराम स्टेडियम, रोहतक में 21 से 23 नवम्बर को आयोजित राज्य स्तरीय खेल प्रतियोगिता में रोहतक जोन के खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए जिले का नाम रोशन किया।
प्रतियोगिता की योग स्पर्धा के 58 वर्ष से अधिक आयु वर्ग में रोहतक जोन के दयानंद ढुल ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए प्रथम स्थान हासिल किया, जबकि इसी वर्ग में रोहतक के जय भगवान ने द्वितीय स्थान प्राप्त किया। दोनों खिलाड़ियों की इस उपलब्धि से रोहतक जोन में खुशी का माहौल है।

इस राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में हरियाणा के पांचों जोनों के लगभग 500 खिलाड़ी विभिन्न 11 खेलों में अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन कर रहे हैं। प्रतियोगिता में खिलाड़ियों ने पूरे उत्साह, अनुशासन और खेल भावना के साथ भाग लिया। आयोजन का उद्देश्य खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा दिखाने का अवसर प्रदान करने के साथ-साथ खेलों और योग के प्रति जागरूकता बढ़ाना है।
योग प्रतियोगिता के विभिन्न आयु वर्गों के परिणामों में 40 वर्ष से कम आयु वर्ग के पुरुषों में गुरुग्राम जोन के बहुवचन ने प्रथम, हिसार जोन के बजरंग ने द्वितीय तथा फरीदाबाद जोन के मनीष ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। 40 से 58 वर्ष आयु वर्ग के पुरुषों में पंचकूला जोन के विनोद कुमार प्रथम, गुरुग्राम जोन के हनुमान सिंह द्वितीय तथा फरीदाबाद जोन के नरेंद्र कुमार तृतीय स्थान पर रहे।
महिलाओं के 40 वर्ष से कम आयु वर्ग में हिसार जोन की राजबाला ने प्रथम, मोनिका ने द्वितीय तथा रोहतक जोन की नेहा ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। वहीं 40 से 58 वर्ष आयु वर्ग की महिलाओं में पंचकूला जोन की सुनीता रानी ने प्रथम स्थान हासिल किया।
प्रतियोगिता का आयोजन जिला खेल अधिकारी अनूप सिंह के दिशा-निर्देशन में किया जा रहा है। योग प्रतियोगिता का संचालन योग विशेषज्ञ डॉ. जनक राज ( अंतर्राष्ट्रीय योग खिलाड़ी ) के निर्देशन में किया गया। प्रतियोगिता को सफलतापूर्वक संपन्न करवाने में संबंधित अधिकारियों, निर्णायकों में रंजन कोच तथा आयोजन से जुड़े सभी सदस्यों का विशेष योगदान रहा।

