रोहतक : उपायुक्त सचिन गुप्ता ने परीक्षा केंद्रों के केंद्र अधीक्षकों, फ्लाइंग स्क्वॉड सदस्यों तथा जिला स्तरीय अधिकारियों को सख्त निर्देश देते हुए कहा कि वे 25 फरवरी से शुरू हो रही हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड की परीक्षाओं को शांतिपूर्वक, नकल रहित व पारदर्शी तरीके से संपन्न करवाना सुनिश्चित करें। बोर्ड परीक्षाओं में डयूटी में किसी प्रकार की कोताही को बर्दाश्त नहीं किया जायेगा। परीक्षा में अनुचित साधनों का प्रयोग करने वालों के विरुद्ध एफआईआर दर्ज की जाएगी।
सचिन गुप्ता स्थानीय लघु सचिवालय स्थित सभागार में हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड की परीक्षाओं के दृष्टिगत आयोजित बैठक की अध्यक्षता कर रहे थे। उन्होंने कहा कि इन परीक्षाओं के लिए जिला में 44 परीक्षा केंद्र स्थापित किये गए है। यह परीक्षाएं दोपहर बाद साढे 12 बजे से साढे 3 बजे तक आयोजित होगी। सभी केंद्र अधीक्षक उन्हें अलॉट किये गए परीक्षा केंद्रों की जांच करें तथा यह सुनिश्चित करें कि परीक्षा केंद्रों पर सभी मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध हो।
उपायुक्त ने कहा कि परीक्षा केंद्रों पर मूलभूत सुविधाओं में सुरक्षित चारदीवारी, दरवाजों व खिड़कियों की उचित स्थिति, बैठने की समुचित व्यवस्था, प्रकाश एवं वेंटिलेशन शामिल हैं। किसी भी परीक्षा केंद्र का कोई खिडक़ी, दरवाजा आदि क्षतिग्रस्त न हो तथा विद्यार्थियों के बैठने के लिए पर्याप्त बैंचों की व्यवस्था हो। यदि किसी परीक्षा केंद्र पर कोई खिडक़ी, दरवाजा या जाली क्षतिग्रस्त है तो परीक्षा केंद्र के चीफ सुपरीडेंट को अवगत करवाये।
सचिन गुप्ता ने कहा कि बोर्ड द्वारा अधिकृत व्यक्ति के अलावा कोई भी व्यक्ति परीक्षा केंद्रों में प्रवेश नहीं कर सकेगा तथा डयूटी पर तैनात अधिकारी व कर्मचारी पहचान पत्र अवश्य साथ रखें। उन्होंने कहा कि केंद्र अधीक्षक के अलावा परीक्षा केंद्र पर किसी भी व्यक्ति को मोबाइल फोन व इलैक्ट्रोनिक डिवाइस रखने की अनुमति नहीं होगी। उन्होंने कहा कि केंद्र अधीक्षक परीक्षा केंद्र पर परीक्षाओं को नकल रहित व पारदर्शी तरीके से संपन्न करवाना सुनिश्चित करवायेंगे। बोर्ड द्वारा भी इन परीक्षाओं के पारदर्शी एवं नकलरहित संपन्न करवाने के दृष्टिïगत सभी आवश्यक प्रबंध किये गए है।
उपायुक्त ने कहा कि जिला विकास एवं पंचायत अधिकारी परीक्षा केंद्रों से संबंधित गांवों के सरपंचों के साथ बैठक कर उन्हें आवश्यक हिदायतें दें। यदि किसी ग्राम पंचायत में स्थित परीक्षा केंद्र पर भीड़ एकत्रित होती है या अनुचित साधनों का प्रयोग होता है तो संबंधित सरपंच भी जिम्मेवार होगा तथा संबंधित के विरुद्घ भी एफआईआर दर्ज करवाई जाएगी। उन्होंने कहा कि जिला प्रशासन द्वारा परीक्षा केंद्रों पर सुरक्षा के पुख्ता प्रबंध किये गए जायेंगे। ड्यूटी पर तैनात सभी अधिकारी व कर्मचारी गंभीरता से ड्यूटी का निर्वहन करें व परीक्षा केंद्र दौरान सतर्क रहे।
सचिन गुप्ता ने कहा कि जिला शिक्षा अधिकारी एक व्हाट्सएप ग्रुप बनाया जाएगा, जिसमें परीक्षा ड्यूटी में तैनात केंद्र अधीक्षक व अन्य अधिकारीगण मौजूद होंगे। यदि किसी परीक्षा केंद्र पर किसी प्रकार की अव्यवस्था नजर आये तो वे ग्रुप में शेयर करें। पुलिस द्वारा तुरंत कार्यवाही की जाएगी। पुलिस द्वारा परीक्षा केंद्रों पर पर्याप्त पुलिस बल तैनात किया जायेगा। उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों को परीक्षा केंद्र तक छोड़ने आये स्कूल स्टाफ इत्यादि परीक्षा केंद्र में प्रवेश नहीं करेंगे तथा बच्चों को छोड़ने के बाद परीक्षा केंद्र के नजदीक भी नहीं ठहरेेंगे। उन्होंने कहा कि गत वर्ष चिन्हित किये गए अतिसंवेदनशील व संवेदनशील परीक्षा केंद्रों पर भी विशेष सतर्कता बरतें।
उपायुक्त सचिन गुप्ता ने कहा कि जिला प्रशासन द्वारा बोर्ड परीक्षाओं की प्रभावी निगरानी के लिए जिला आदेश के तहत वरिष्ठ एचसीएस अधिकारियों एवं पुलिस अधिकारियों को फ्लाइंग स्क्वॉड के रूप में नियुक्त किया गया है, जो परीक्षा अवधि के दौरान औचक निरीक्षण करेंगे। अतिरिक्त उपायुक्त को समस्त परीक्षा व्यवस्थाओं की निगरानी एवं समन्वय हेतु नोडल अधिकारी नियुक्त किया गया है।
सचिन गुप्ता ने कहा कि सख्त प्रवेश नियंत्रण व्यवस्था लागू रहेगी। परीक्षा केंद्रों में किसी भी अनधिकृत व्यक्ति के प्रवेश पर पूर्ण प्रतिबंध रहेगा तथा ड्यूटी पर तैनात सभी अधिकारियों/कर्मचारियों को वैध पहचान पत्र साथ रखना अनिवार्य होगा। केंद्र अधीक्षक को छोडक़र किसी भी व्यक्ति को मोबाइल फोन, स्मार्ट वॉच, ब्लूटूथ डिवाइस या अन्य इलेक्ट्रॉनिक उपकरण परीक्षा परिसर में ले जाने की अनुमति नहीं होगी। जहां-जहां सीसीटीवी कैमरे स्थापित हैं, वे पूरी तरह संचालित रहेंगे तथा किसी भी शिकायत की स्थिति में फुटेज सुरक्षित रखी जाएगी।
उपायुक्त सचिन गुप्ता ने कहा कि भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता की धारा 163 के तहत सभी परीक्षा केंद्रों के आसपास निषेधाज्ञा लागू की गई है। इसके अंतर्गत परीक्षा केंद्रों से 100 मीटर की परिधि में पांच या अधिक व्यक्तियों के एकत्र होने पर प्रतिबंध रहेगा, हथियार लेकर चलने पर रोक रहेगी तथा परीक्षा समय के दौरान निर्धारित क्षेत्र में फोटोकॉपी, प्रिंटिंग, डुप्लीकेटिंग सुविधाएं एवं साइबर कैफे बंद रहेंगे।
बैठक में अतिरिक्त उपायुक्त नरेंद्र कुमार, एएसपी वाईवीआर शशि शेखर, उपमंडलाधीश आशीष कुमार, जिला शिक्षा अधिकारी मनजीत मलिक, जिला मौलिक शिक्षा अधिकारी दिलजीत सिंह, उप जिला शिक्षा अधिकारी सुनीता चहल के अलावा केंद्र अधीक्षक व अन्य संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।

