Friday, March 27, 2026
Homeहरियाणारोहतकपीजीआईएमएस रोहतक द्वारा 1 वर्ष के दौरान जारी जन्म-मृत्यु प्रमाण-पत्रों की जांच...

पीजीआईएमएस रोहतक द्वारा 1 वर्ष के दौरान जारी जन्म-मृत्यु प्रमाण-पत्रों की जांच के लिए कमेटी गठित

रोहतक : हरियाणा के विकास एवं पंचायत तथा खनन एवं भू-गर्भ मंत्री कृष्ण लाल पंवार ने पीजीआईएमएस द्वारा गत एक वर्ष के दौरान जारी किए गए जन्म व मृत्यु प्रमाण पत्रों की जांच के लिए कमेटी गठित करने के निर्देश दिए। यदि कमेटी की जांच में प्रमाण-पत्र जारी करने में कोई अनियमितता पाई जाती है तो संबंधित के खिलाफ तुरंत एफआईआर दर्ज करवाई जाए।

कृष्ण लाल पंवार स्थानीय जिला विकास भवन स्थित डीआरडीए हाल में जिला लोक सम्पर्क एवं परिवेदना समिति की मासिक बैठक की अध्यक्षता कर रहे थे। उन्होंने कहा कि समिति के एजेंडे में 16 शिकायतें शामिल की गई थी, जिनमें से 12 शिकायतों का मौके पर निपटारा कर दिया गया है तथा चार अन्य शिकायतों को लम्बित रखते हुए जांच कमेटी गठित करने के निर्देश दिए। बैठक में रोहतक के विधायक भारत भूषण बत्तरा, महम के विधायक बलराम सिंह दांगी, मेयर रामअवतार वाल्मीकि, जिला परिषद की चेयरपर्सन मंजू हुड्डा, भाजपा के जिला अध्यक्ष रणबीर ढाका व प्रदेश कोषाध्यक्ष अजय बंसल, प्रदेश सचिव रेणु डाबला भी मौजूद रही।

विकास एवं पंचायत मंत्री कृष्ण लाल पंवार ने स्थानीय फतेहपुर कॉलोनी निवासी मंजू विधवा अशोक की शिकायत की सुनवाई के दौरान पीजीआईएमएस द्वारा गत एक वर्ष के दौरान जारी किए गए जन्म एवं मृत्यु प्रमाण-पत्रों की जांच के लिए अतिरिक्त उपायुक्त, सिविल सर्जन तथा पीजीआईएमएस के चिकित्सा अधीक्षक की समिति गठित करने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट निर्देश देते हुए कहा कि यदि समिति द्वारा जांच के दौरान जन्म व मृत्यु प्रमाण पत्र जारी करने में अनियमितता पाई जाए तो संबंधित के खिलाफ तुरंत एफआईआर दर्ज करवाई जाए। शिकायतकर्ता ने आरोप लगाया था कि उनके पति की मृत्यु के दो वर्ष बाद भी उन्हें मृत्यु प्रमाण-पत्र नहीं जारी किया गया है।

अनाधिकृत रूप से बनाए गए व्यक्तिगत सेप्टिक टैंक को तुरंत हटवाए

  • खनन एवं भू-गर्भ मंत्री कृष्णलाल पंवार ने स्थानीय शिव विहार निवासी रविन्द्र सिंह की शिकायत की सुनवाई करते हुए नगर निगम के अधिकारियों को निर्देश दिए कि वे गली के बीच में अनाधिकृत रूप से बनाए गए व्यक्तिगत सेप्टिक टैंक को तुरंत हटवाए। उन्होंने गांव कटेसरा निवासी विनोद कुमार की शिकायत की सुनवाई करते हुए निशानदेही के लिए एसडीएम, जिला विकास एवं पंचायत अधिकारी एवं तहसीलदार की कमेटी गठित करने के निर्देश देते हुए कहा कि कमेटी आगामी बैठक में रिपोर्ट प्रस्तुत करें। उन्होंने गांव बहुअकबरपुर निवासी कपूर सिंह सूबेदार की शिकायत की सुनवाई करते हुए उपमंडलाधीश की अध्यक्षता में तीन सदस्यीय कमेटी गठित करने के निर्देश देते हुए कहा कि कमेटी की रिपोर्ट केे अनुसार पंचायती भूमि पर अवैध कब्जे को हटवाने बारे कार्रवाई की जाएगी।
  • पंवार ने स्थानीय सैनिक कॉलोनी निवासी गीता की शिकायत की सुनवाई करते हुए कहा कि अतिरिक्त उपायुक्त की अध्यक्षता में तीन सदस्यीय कमेटी निरीक्षण कर यह पता लगाएगी की संबंधित फैक्ट्री द्वारा नियमों का उल्लंघन तो नहीं किया जा रहा है। उन्होंने गांव निंदाना निवासी रानी की शिकायत की सुनवाई करते हुए कहा कि एलडीएम द्वारा पुलिस को जांच रिपोर्ट सौंपी जाएगी, जिसके अनुसार शिकायतकत्र्ता को पुलिस द्वारा न्याय दिलवाया जाएगा। उन्होंने स्थानीय गीता कॉलोनी व नगर कॉलोनी वासियों की शिकायत की सुनवाई करते हुए रेलवे के अधिकारियों को निर्देश दिए कि वे ऑफिशियल रूप से नगर निगम को डबल फाटक अंडरपास को टेकओवर करने बारे लिखित में दें, जिसके उपरांत नगर निगम द्वारा इस अंडरपास की देखरेख की जाएगी।

रेलवे स्टेशन पर फुटओवर ब्रिज के निर्माण की संभावनाए तलाशने के निर्देश दिए

  • खनन एवं भू-गर्भ मंत्री कृष्ण लाल पंवार ने कलानौर कलां के वार्ड-1 निवासियों की सुनवाई करते हुए अतिरिक्त उपायुक्त की अध्यक्षता में पांच सदस्यीय समिति गठित कर रेलवे स्टेशन पर फुटओवर ब्रिज के निर्माण की संभावनाए तलाशने के निर्देश दिए। उन्होंने इस समिति में दो गैर सरकारी सदस्यों रेणु डाबला व रमेश को शामिल किया। पांच सदस्यीय समिति की रिपोर्ट के आधार पर सरकार को जनहित में आवश्यक कार्रवाई के लिए सिफारिश की जाएगी। उन्होंने स्थानीय मोहल्ला बेरी वाला निवासी रामअवतार की शिकायत की सुनवाई करते हुए नगर निगम के अधिकारियों को निर्देश दिए कि वे पिलर लगाकर शिकायतकर्ता की दुकान बनवाने में मदद करें।

पेयजल आपूर्ति सुनिश्चित करने के लिए स्थाई रूप से कर्मचारी की तैनाती की जाए

  • उन्होंने एजेंडे में शामिल शिकायतों की सुनवाई के उपरांत अन्य शिकायतकर्ताओं की शिकायतें भी सुनीं। उन्होंने खेड़ी साध निवासियों की शिकायत के संदर्भ में जन स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिए कि नगर निगम के इस क्षेत्र में लोगों को पर्याप्त पेयजल आपूर्ति सुनिश्चित करने के लिए स्थाई रूप से कर्मचारी की तैनाती की जाए। उन्होंने कहा कि उत्तर हरियाणा बिजली वितरण निगम द्वारा नाले से बिजली के सभी पोलो को 15 दिन के अंदर शिफ्ट कर दिया जाएगा। उन्होंने ताजा माजरा के सरपंच की शिकायत के संदर्भ में कहा कि ताजा माजरा व गद्दी खेड़ी में जलभराव की समस्या के समाधान के लिए आवश्यक कार्रवाई की जाए।

प्रदेश सरकार सत्ता पक्ष के विधायकों के साथ-साथ विपक्ष के विधायकों को भी क्षेत्र विकास के लिए उपलब्ध करवा रही एक समान फंड

विकास एवं पंचायत मंत्री कृष्ण लाल पंवार ने समिति की बैठक के उपरांत प्रेस प्रतिनिधियों से संवाद करते हुए कहा कि प्रदेश सरकार द्वारा मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के नेतृत्व में सत्ता पक्ष के विधायकों के साथ-साथ विपक्ष के विधायकों को भी अपने क्षेत्रों में विकास के लिए एक समान फंड उपलब्ध करवाए जा रहे हैं। सरकार द्वारा सभी वर्गों के कल्याण के लिए योजनाएं क्रियान्वित की जा रही हैं तथा गरीब लोगों को वर्तमान सरकार द्वारा कांग्रेस पार्टी के शासनकाल की अपेक्षा ज्यादा प्लॉट उपलब्ध करवाए गए हैं। उन्होंने कहा कि देश में एलपीजी, डीजल व पेट्रोल की पर्याप्त उपलब्धता है तथा प्रधानमंत्री द्वारा देशवासियों को किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए सतर्क किया है। उन्होंने जिला प्रशासन के अधिकारियों की प्रशंसा करते हुए कहा कि अधिकारियों द्वारा गंभीरता के साथ नागरिकों की शिकायतों का समाधान किया जा रहा है।

RELATED NEWS

Most Popular