Tuesday, January 14, 2025
Homeउत्तर प्रदेशपुलिस ने लुटेरी दुल्हन गैंग को दबोचा, कुंवारे और तलाकशुदा पुरुषों को...

पुलिस ने लुटेरी दुल्हन गैंग को दबोचा, कुंवारे और तलाकशुदा पुरुषों को बनाते थे निशाना, फिल्मी अंदाज में करते थे ठगी

ग्रेटर नोएडा: पुलिस ने एक ऐसे गिरोह का पर्दाफाश किया है जो कुंवारे, विधुर और तलाकशुदा पुरुषों को निशाना बनाकर शादी के नाम पर ठगी करता था। गिरोह में शामिल एक महिला समेत चार लोगों को पुलिस ने गिरफ्तार किया है।

तलाकशुदा पुरुष बनते थे शिकार

मामले की जानकारी देते हुए डीसीपी शक्ति मोहन अवस्थी ने बताया कि गिरोह का मुख्य उद्देश्य भोले-भाले और जरूरतमंद पुरुषों को शादी का झांसा देकर उनके घर से कीमती सामान और नकदी चुराना था। गिरफ्तार आरोपियों में महिला मालती, संतोष, अमीर और प्रदीप शामिल हैं।

उन्होंने बताया कि गिरोह के सदस्य समाज की भोली-भाली महिलाओं और लड़कियों को बहला-फुसलाकर अपने साथ मिला लेते थे। इसके बाद संतोष ऐसे लोगों से संपर्क करती थी, जिनकी शादी नहीं हो रही होती थी। शादी तय करने के लिए 1 से 2 लाख रुपये लिए जाते थे।

फिर गिरोह के सदस्य रिश्तेदार बनकर शादी की प्रक्रिया पूरी कराते थे। शादी के बाद दुल्हन को जेवर और पैसे दिए जाते थे। इसके बाद मौका मिलते ही दुल्हन सारा सामान लेकर फरार हो जाती थी। इस दौरान गिरोह का सरगना प्रदीप और एक अन्य सदस्य लड़की को गायब कर देते थे।

गिरोह का सरगना प्रदीप बनता था मामा

गिरफ्तार किए गए आरोपियों ने पुलिस पूछताछ में खुलासा किया कि वो शादी के लिए एक लड़की को ‘दुल्हन’ के रूप में पेश करते थे। गिरोह का सरगना प्रदीप दुल्हन का मामा बनकर लोगों को फंसाता था, अनम दुल्हन और उसका पति आमिर उसका भाई बनकर रिश्ता तय करके लोगों को फंसाते थे, जबकि संतोष शादी के इच्छुक लोगों को ढूंढकर प्रदीप से मुलाकात कराता था। मालती मौसी या मां के किरदार में रहती थी। मालती को प्रत्येक मामले में 5 से 10 हजार रुपये इसके लिए दिये जाते थे।

दुल्हन की बढ़ती उम्र बनी मुसिबत

वहीं, अब अनम की बढ़ती उम्र इनके धंधे के लिए मुसिबत बनती जा रही थी। इसलिए आरोपितों ने आर्थिक रूप से कमजोर खूबसूरत युवतियों को लालच देकर गिरोह में शामिल करना शुरू कर दिया। ऐसी ही सूरजपुर निवासी युवती को गिरोह ने जाल में फंसाया और शादी भी तय कर ली, लेकिन जैसे ही युवती को गिरोह की सच्चाई पता चली। उसने पुलिस के सामने पर्दाफाश कर दिया, जिसके बाद सभी सदस्य को दबोच लिया गया। पुलिस अन्य युवतियों की तलाश कर रही है।

आपको बता दें कि सरगना प्रदीप के खिलाफ बुलंदशहर, अलीगढ़ में पांच मुकदमे दर्ज हैं। वो गिरोह के अन्य सदस्यों के साथ पूर्व में जेल जा चुका है। आमिर व संतोष पर दो दो मुकदमे और मालती पर एक मुकदमा दर्ज है।

- Advertisment -
RELATED NEWS
- Advertisment -

Most Popular