सरकारी विद्यालयों के विद्यार्थियों को गणित के क्षेत्र में राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताओं के लिए तैयार करने की दिशा में सराहनीय पहल की गई है। जिले के सरकारी स्कूलों के 21 गणित शिक्षकों ने सामूहिक रूप से अंतरराष्ट्रीय गणित ओलंपियाड (IMO) की तैयारी के लिए एक विशेष पुस्तक तैयार की है। डीसी अपराजिता ने यह पुस्तक शिक्षा विभाग के प्रधान सचिव को औपचारिक रूप से भेंट की।
इस बुक को तैयार करने में डीएमएस कैथल छत्तर पाल, गणित प्रवक्ता राममेहर, लक्ष्मी नारायण, चारू, रोजी, संदीप बीआरपी सहित जिले के अन्य गणित शिक्षकों ने महत्वपूर्ण योगदान दिया है।
कैथल की डीसी अपराजिता ने बताया कि जिले में अंतर्राष्ट्रीय मैथ ओलंपियाड कोचिंग टीम द्वारा सरकारी विद्यालयों के प्रतिभाशाली विद्यार्थियों के लिए विशेष निःशुल्क कोचिंग भी संचालित की जा रही है। वर्तमान में 395 विद्यार्थियों को इस योजना का लाभ मिल रहा है। इसका उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि प्रतिभाशाली विद्यार्थी आर्थिक अथवा संसाधनों की कमी के कारण उच्च स्तरीय प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के अवसर से वंचित न रहें।
उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों को निःशुल्क प्रशिक्षण देना और शिक्षकों द्वारा स्वयं अध्ययन सामग्री तैयार करना शिक्षा के क्षेत्र में सराहनीय प्रयास है। यह पहल विद्यार्थियों की गणितीय दक्षता को मजबूत करने के साथ-साथ उन्हें राज्य, राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताओं में बेहतर प्रदर्शन के लिए प्रेरित करेगी।
हरियाणा गणित ओलंपियाड की तैयारी में भी मिलेगी मदद
डीसी अपराजिता ने कहा कि विद्यालय शिक्षा निदेशालय, हरियाणा द्वारा आयोजित किए जाने वाले हरियाणा गणित ओलंपियाड की तैयारी में भी यह पुस्तक विद्यार्थियों के लिए उपयोगी साबित होगी। प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को आकर्षक पुरस्कार दिए जाएंगे। प्रथम स्थान प्राप्त करने वाले विद्यार्थी को एक लाख रुपये, द्वितीय स्थान पर 51 हजार रुपये तथा तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले विद्यार्थी को 21 हजार रुपये का पुरस्कार दिया जाएगा। वहीं 100वें स्थान तक आने वाले विद्यार्थियों को 10-10 हजार रुपये सम्मान स्वरूप प्रदान किए जाएंगे।
प्रत्येक शनिवार छह स्थानों पर लगती हैं विशेष कक्षाएं
जिला गणित विशेषज्ञ छत्रपाल ने बताया कि डीसी अपराजिता के मार्गदर्शन तथा जिला शिक्षा अधिकारी प्रमोद कुमार के सहयोग से इस पहल को आगे बढ़ाया जा रहा है। जिला कैथल के गणित शिक्षकों की समर्पित टीम द्वारा प्रत्येक शनिवार को जिले के सभी छह खंड मुख्यालयों पर IMO की विशेष कोचिंग कक्षाएं आयोजित की जा रही हैं। विभिन्न सरकारी विद्यालयों से चयनित विद्यार्थी इन कक्षाओं में पहुंचकर अनुभवी गणित शिक्षकों से निःशुल्क प्रशिक्षण और मार्गदर्शन प्राप्त कर रहे हैं। जिससे गणितीय अवधारणाओं की गहन समझ, समस्या समाधान क्षमता विकसित करने पर विशेष जोर दिया जा रहा है।


