मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि प्रदेश में जल्द ही पुलिस भर्ती निकाली जाएगी और इसके लिए अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए गए हैं। उन्होंने कहा कि आगामी 26-27 जुलाई को प्रदेशभर में सीईटी परीक्षा को लेकर सभी आवश्यक प्रबंध किए गए हैं। अभ्यर्थियों की सुविधा के लिए बसों की व्यवस्था की गई है, ताकि वे परीक्षा केंद्रों तक सुचारू रूप से पहुंच सकें। लड़कियों के साथ उनके परिवार के एक सदस्य को भी बस में मुफ्त यात्रा की सुविधा दी गई है।
मुख्यमंत्री वीरवार को जिला चरखी दादरी के बाढड़ा विधानसभा क्षेत्र के झोझूकलां में आयोजित जनसभा को संबोधित कर रहे थे। इससे पहले मुख्यमंत्री ने लगभग 68 करोड़ रुपये लागत की 19 परियोजनाओं का उद्घाटन एवं शिलान्यास किया। इनमें 54 करोड़ 84 लाख रुपये की लागत की 17 परियोजनाओं का शिलान्यास तथा लगभग 13 करोड़ 5 लाख रुपये लागत की 2 परियोजनाओं का उद्घाटन शामिल है।
वर्ष 2014 से अब तक सरकार ने बाढड़ा विधानसभा क्षेत्र में 495 करोड़ रुपये की लागत के विकास कार्य किये
मुख्यमंत्री ने कहा कि वर्ष 2014 से अब तक हमारी सरकार ने बाढड़ा विधानसभा क्षेत्र में 495 करोड़ रुपये की लागत के विकास कार्य करवाए हैं, जबकि कांग्रेस सरकार के 10 वर्षों में 175 करोड़ रुपये के काम हुए थे। पिछले 10 वर्षों में बाढड़ा विधानसभा क्षेत्र के लिए कुल 203 घोषणाएं की गई। इनमें से 145 घोषणाएं पूरी हो चुकी हैं तथा 29 पर काम जारी है।
उन्होंने कहा कि चरखी-दादरी जिले के लिए कुल 474 घोषणाएं की गई। इनमें से 321 घोषणाएं पूरी हो चुकी हैं तथा 90 पर काम जारी है। हमारी सरकार ने चरखी-दादरी को दिसम्बर, 2016 में नया जिला बनाया। राष्ट्रीय राजमार्ग 148-बी का सुधार करने व इसे चारमार्गी बनाने का काम 170 करोड़ रुपये की लागत से किया गया है। गांव रावलधी के नजदीक दादरी का नये बाईपास के आर.ओ.बी. का निर्माण 27 करोड़ 63 लाख रुपये की लागत से किया गया है। दादरी के पुराने अस्पताल परिसर में शिशु एवं मातृ स्वास्थ्य केन्द्र भवन व स्टाफ क्वार्टर का निर्माण 19 करोड़ रुपये की लागत से किया गया। उन्होंने कहा कि जिले में 2 लाख 73 हजार आयुष्मान-चिरायु कार्ड बनाए गए हैं। लगभग 30 हजार लोगों के मुफ्त इलाज के लिए 24 करोड़ रुपये की राशि के क्लेम दिए गए हैं।
मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के नेतृत्व में हरियाणा सरकार विकास कार्यों को दे रही प्राथमिकता : श्रुति चौधरी
सिंचाई एवं जल संसाधन मंत्री श्रुति चौधरी ने कहा कि यह भूमि वीरों की है, यह भूमि संघर्ष और सेवा की मिसाल है। मुख्यमंत्रीनायब सिंह सैनी के नेतृत्व में हरियाणा सरकार विकास कार्यों को प्राथमिकता दे रही है और इस क्षेत्र में सिंचाई योजनाओं को अब धरातल पर उतारा जा रहा है।
श्रुति चौधरी ने कहा कि बताया कि इसके अतिरिक्त सिंचाई विभाग द्वारा जिले के लिए 125 करोड़ की परियोजनाएं स्वीकृत की गई हैं। इनमें पाइपलाइन, बोरवैल सोलर सिस्टम, रिचार्ज वेल, नहरों का निर्माण और जोहड़ों को नहरों से जोड़ने जैसे कार्य शामिल हैं। इसके अलावा, 32 करोड़ रुपये की लागत से मकड़ानी गांव में ढाई एकड़ क्षेत्र में एक झील का निर्माण किया जाएगा, जो आसपास के गांवों में भूजल रिचार्ज का कार्य करेगी। यह परियोजना क्षेत्र के लिए जीवनरेखा साबित होगी। उन्होंने बताया कि 40 करोड़ की लागत से बधवाना माइनर का पुनर्निर्माण भी जल्द शुरू होगा, जिससे लगभग 20 गांवों को सीधा लाभ मिलेगा। उन्होंने कहा कि यह सब मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी की संवेदनशील सोच और मजबूत राजनीतिक इच्छाशक्ति के कारण संभव हुआ है।
महिलाओं को 2100 रुपए दिए जाएंगे
श्रुति चौधरी ने मुख्यमंत्री द्वारा महिला सशक्तिकरण के लिए किए गए निर्णयों की भी प्रशंसा की और कहा कि जल्द ही लाडो लक्ष्मी योजना लागू की जाएगी और महिलाओं को 2100 रुपए दिए जाएंगे। साथ ही उन्होंने बताया कि आंगनबाड़ी वर्कर्स पर पूर्व में दर्ज मुकदमों को मुख्यमंत्री की अनुमति से वापस लिया जा रहा है।
दादरी क्षेत्र के लोगों की देश की रक्षा, सेवा और निर्माण में अग्रणी भूमिका : सांसद चौधरी धर्मबीर सिंह
सांसद चौधरी धर्मबीर सिंह ने कहा कि इस क्षेत्र की जनता ने हमेशा देश की रक्षा, सेवा और निर्माण में अग्रणी भूमिका निभाई है। चाहे देश की सीमाओं की सुरक्षा हो या देश की अर्थव्यवस्था को मजबूती देने की बात हो, यह इलाका सदियों से मेहनतकश और समर्पित लोगों का रहा है। उन्होंने कहा कि आज यहां उमड़ी अपार भीड़ इस बात का प्रमाण है कि लोगों का भरोसा भारतीय जनता पार्टी की नीतियों और नेतृत्व में लगातार बढ़ रहा है।
उन्होंने मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी की प्रशंसा करते हुए कहा कि जब नायब सिंह सैनी को मुख्यमंत्री बनाया गया था, तब प्रदेश में कांग्रेस की वापसी की बातें की जा रही थीं, लेकिन नायब सिंह सैनी के मिलनसार स्वभाव, जनसेवा और कार्यशैली की बदौलत जनता ने 48 सीटें बीजेपी की झोली में डालने का काम किया। अगर पांच साल तक यह रफ्तार जारी रही तो हरियाणा में आने वाले चुनावों में एक बार फिर हमारी ऐतिहासिक जीत होगी। इस दौरान सांसद ने सुझाव देते हुए कहा कि क्षेत्र के स्टेडियमों में गुणवत्ता युक्त ट्रैक बनाए जाएं ताकि ग्रामीण क्षेत्र के बच्चे खेलों में भी राज्य व देश का नाम रोशन कर सकें।