रोहतक : उपायुक्त एवं जिला निर्वाचन अधिकारी सचिन गुप्ता ने बताया कि सांपला नगर पालिका के सामान्य चुनाव के लिए हरियाणा राज्य निर्वाचन आयोग द्वारा सामान्य पर्यवेक्षक एवं पुलिस पर्यवेक्षक नियुक्त किये गए है। नगर पालिका के सामान्य चुनाव के लिए आगामी 10 मई को मतदान होगा।
सचिन गुप्ता ने बताया कि राज्य निर्वाचन आयोग द्वारा नगर पालिका सांपला के सामान्य चुनाव के लिए यमुनानगर के अतिरिक्त उपायुक्त कम जिला नागरिक संसाधन सूचना अधिकारी नवीन कुमार आहूजा को सामान्य पर्यवेक्षक नियुक्त किया गया है। इसी तरह राज्य निर्वाचन आयोग द्वारा सिरसा के एएसपी फैसल खान को नगर पालिका आम चुनाव के लिए पुलिस पर्यवेक्षक नियुक्त किया गया है, जो 24 अप्रैल को रोहतक पहुंचेंगे।
उपायुक्त ने पुलिस अधीक्षक के साथ सांपला पहुंचकर नगरपालिका चुनाव की तैयारियों का लिया जायजा, अधिकारियों की ली बैठक
उपायुक्त एवं जिला निर्वाचन अधिकारी सचिन गुप्ता ने नगर पालिका सांपला के सामान्य चुनाव 2026 की तैयारियों का जायजा लिया तथा अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। हरियाणा राज्य निर्वाचन आयोग द्वारा जारी अधिसूचना के अनुसार नगर पालिका सांपला (रोहतक) के प्रधान एवं सभी वार्डों के सदस्यों के सामान्य चुनाव आगामी 10 मई को होंगे। इसके लिए 21 अप्रैल से 25 अप्रैल 11 बजे से 3 बजे तक प्रधान एवं सदस्यों के पदों के लिए नामांकन पत्र दाखिल किए जा सकेंगे। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि वे नगर पालिका के सामान्य चुनाव की प्रक्रिया को स्वतंत्र, निष्पक्ष एवं शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न करवाने के लिए सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करें।
सचिन गुप्ता आज सांपला में पुलिस अधीक्षक गौरव राजपुरोहित, सांपला की उपमंडलाधीश एवं रिटर्निंग अधिकारी अंकिता पंवार, महम सहकारी चीनी मिल के प्रबंध निदेशक एवं सहायक रिटर्निंग अधिकारी मुकुंद तंवर के साथ नगर पालिका के सामान्य चुनाव की तैयारियों का अवलोकन कर रहे थे। चुनाव तैयारियों के अवलोकन के उपरांत सचिन गुप्ता ने अधिकारियों की बैठक ली तथा उन्हें चुनाव बारे आवश्यक दिशा-निर्देश दिये। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि वे नगर पालिका के प्रधान पद एवं सदस्यों के पदों के नामांकन पत्र दाखिल करने के लिए 5 टीमें गठित करें ताकि नामांकन पत्र दाखिल करने वालों को सुविधा हो। प्रधान पद के नामांकन पत्र दाखिल करने के लिए एक टीम तथा सदस्यों के नामांकन पत्र दाखिल करने के लिए 4 टीमें गठित की गई है। उन्होंने कहा कि नामांकन पत्र दाखिल करने वालों के दस्तावेजों की अच्छे से जांच की जाये।