Friday, April 26, 2024
Homeहरियाणाबहादुरगढ़हरियाणा के पूर्व मंत्री के बेटे ने की खुदकुशी, ऑडियो क्लिप वायरल,...

हरियाणा के पूर्व मंत्री के बेटे ने की खुदकुशी, ऑडियो क्लिप वायरल, INLD प्रदेश अध्यक्ष समेत 6 के खिलाफ हुई FIR

बहादुरगढ़। बहादुरगढ़ में पूर्व मंत्री मांगेराम के बड़े बेटे जगदीश नंबरदार ने संदिग्ध परिस्थितियों में आत्महत्या कर ली। परिजनों ने इनेलो प्रदेश अध्यक्ष एवं पूर्व विधायक नफे सिंह राठी के साथ-साथ 6 लोगों पर जगदीश नंबरदार को आत्महत्या के लिए मजबूर करने के आरोप लगाए हैं। आत्महत्या करने से पहले जगदीश नंबरदार की एक ऑडियो क्लिप भी वायरल हुई थी। जिसमें उसने इनेलो प्रदेश अध्यक्ष नफे सिंह राठी, नफे सिंह राठी के भांजे सोनू, एक पुलिसकर्मी और 2 पटवारियों पर धोखे से उनकी जमीन कब्जाने की कोशिश करने के आरोप लगाए थे।

इतना ही नहीं अपनी ऑडियो क्लिप में जगदीश नंबरदार ने प्रदेश के मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर और गृह मंत्री अनिल विज से अपने परिवार की सुरक्षा की मांग भी की थी। जगदीश नम्बरदार ने ऑडियो क्लिप में यह भी बताया कि ये लोग उस पर दबाव बना रहे हैं। जिसके चलते वे आत्महत्या तक कर सकते हैं। जगदीश नंबरदार ने जहरीले पदार्थ का सेवन कर आत्महत्या की है। जगदीश नंबरदार के आत्महत्या सूचना मिलते ही मामला तूल पकड़ गया।

विभिन्न राजनीतिक संगठनों के लोग अस्पताल में पहुंच गए। वीरवार की दोपहर तक यह सिलसिला जारी रहा। एसपी वसीम अकरम ने बहादुरगढ़ आकर आश्वासन दिया तो परिजन पोस्टमार्टम के लिए तैयार हुए। पुलिस को दी शिकायत में मृतक के पुत्र गौरव राठी ने कहा है कि उनके पिता जगदीश नंबरदार को पिछले कुछ वर्षों से पूर्व विधायक नफे सिंह राठी, उनका भांजा अजय दलाल उर्फ सोनू, को-आपरेटिव बैंक के पूर्व एमडी महेंद्र सिंह राठी हमारी पुश्तैनी जमीन व घर पर कब्जा करने की धमकी दे रहे थे।

गौरव राठी ने कहा कि फरवरी 2019 में हमारी दुकान पर कब्जा किया गया था। इस संबंध में पिताजी ने पुलिस को शिकायत दी थी। तब उस केस में आईओ एसआई अश्विनी था। आईओ अश्विनी ने उन लोगों के साथ मिलकर कुछ दस्तावेजों पर पिस्तौल के बल पर पिताजी के दस्तख्त लेकर समझौता करा दिया। फिर जाली तरीके से कुछ दस्तावेज तैयार कर हमारी जमीन हड़पने में पटवारी श्याम और उसके सहयोगी राजू बंगाली ने भी साथ दिया।

पिताजी को लगातार धमकी मिल रही थी। इससे तंग आकर गत 26 दिसंबर 2022 को एक आडियो क्लिप डालकर मुख्यमंत्री और गृहमंत्री से न्याय की गुहार लगाई थी। रिकार्डिंग में उन्होंने यह भी कहा था कि उन्हें आत्महत्या के लिए मजबूर किया जा रहा है। हमने जब रिकार्डिंग सुनी तो पिताजी को समझाया था। बुधवार को उन्होंने प्रताड़ना से तंग आकर जहर निगल लिया। आरोपितों को तुरंत गिरफ्तार कर सख्त सजा दी जाए।

जगदीश नंबरदार के बेटे गौरव के बयान और वायरल ऑडियो क्लिप के आधार पर फिलहाल पुलिस ने इनेलो प्रदेश अध्यक्ष नफे सिंह राठी समेत छह लोगों के खिलाफ आईपीसी की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया है। आरोपियों में एक पुलिसकर्मी भी शामिल है। शहर थाना प्रभारी सुरेंद्र ने बताया कि मामले की छानबीन की जा रही है। पुलिस जांच के बाद ही आगे की कार्रवाई अमल में लाई जाएगी। वायरल आडियो और गौरव की शिकायत पर पुलिस सभी छह आरोपितों पर केस दर्ज कर चुकी है।

झज्जर पुलिस अधीक्षक वसीम अकरम ने कहा कि परनाला रोड के रहने वाले जगदीश ने आत्महत्या की है। गत 26 दिसंबर को उनकी एक आडियो क्लिप वायरल हुई थी। आडियो में उन्होंने कुछ नाम लिए थे। इस संबंध में आरोपितों के खिलाफ सिटी थाने में 306, 34 के तहत केस दर्ज किया गया है। कई टीमें जांच कर रही है। एएसपी बादली अमित यशवर्धन की अगुवाई में एसआईटी भी गठित कर दी गई है। एफआईआर में पुलिस कर्मी अश्विनी का भी नाम शामिल है। उनका भी रोल मिलता है, तो कार्रवाई होगी। जल्द ही मामले को सुलझाएंगे।

पुलिस ने परिजनों के बयान के आधार पर मामला तो दर्ज कर लिया है। लेकिन मृतक के परिजन आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं होने तक जगदीश नंबरदार के शव का अंतिम संस्कार नहीं करने की बात पर अड़े हुए हैं। मामला बेहद संगीन है। शहर के बड़े रसूखदार लोगों के नाम इस मामले में शामिल हैं। लेकिन पुलिस जांच में क्या कुछ निकल कर सामने आता है। यह देखने वाली बात होगी।

- Advertisment -
RELATED NEWS

Most Popular