Friday, February 20, 2026
HomeहरियाणारोहतकRohtak में मुख्यमंत्री शहरी आवास योजना के अंतर्गत पात्र लाभार्थियों के लिए...

Rohtak में मुख्यमंत्री शहरी आवास योजना के अंतर्गत पात्र लाभार्थियों के लिए फ्लैट बुकिंग दोबारा शुरू 

Rohtak News : उपायुक्त सचिन गुप्ता ने बताया कि हरियाणा सरकार द्वारा संचालित मुख्यमंत्री शहरी आवास योजना के अंतर्गत पात्र लाभार्थियों के लिए फ्लैट बुकिंग की प्रक्रिया दोबारा शुरू की गई है। फ्लैट बुकिंग की अंतिम तिथि को बढ़ाकर 25 फरवरी 2026 किया गया है। जिला में इस योजना के तहत लगभग 231 पात्र लाभार्थियों की पहचान की गई है।

सचिन गुप्ता ने बताया कि नगर एवं ग्राम आयोजना विभाग से लाइसेंस प्राप्त कॉलोनियों में आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग के लिए आरक्षित फ्लैटों के आवंटन की नीति 23 अक्तूबर 2025 के तहत फ्लैट बुकिंग की अंतिम तिथि बढ़ाकर अब 25 फरवरी 2026 कर दी गई है, जो लाभार्थी किसी कारणवश पूर्व में योजना का लाभ लेने से वंचित रह गए थे, उन्हें सरकार द्वारा पुन: अवसर प्रदान किया गया है। योजना के अंतर्गत पात्र आवेदकों की सूची तथा उपलब्ध फ्लैटों का विवरण हाउसिंग फॉर ऑल विभाग की आधिकारिक वेबसाइट https://hfa.haryana.gov.in पर उपलब्ध है।

उपायुक्त सचिन गुप्ता ने बताया कि पात्र लाभार्थी उक्त वेबसाइट पर जाकर 10 हजार रुपये की अग्रिम राशि जमा कर अपना फ्लैट बुक कर सकते हैं। निर्धारित समयावधि में अग्रिम राशि जमा न कराने की स्थिति में पात्रता स्वत: निरस्त मानी जाएगी।

मुख्यमंत्री शहरी आवास योजना के संबंध में अधिक जानकारी के लिए लाभार्थी दूरभाष नंबर 0172-2585852 पर संपर्क कर सकते हैं। इसके अतिरिक्त यदि किसी पात्र लाभार्थी को योजना से संबंधित कोई समस्या आती है तो वह स्थानीय जिला विकास भवन स्थित अतिरिक्त उपायुक्त कार्यालय में किसी भी कार्य दिवस संपर्क कर सकते हैं। उन्होंने पात्र लाभार्थियों से इस अवसर का लाभ उठाने का आह्वान किया है।

RELATED NEWS

Most Popular