कुरुक्षेत्र विकास बोर्ड व प्रदेश सरकार की तरफ से पहली बार राजस्थान की पावन धरा नाथद्वारा में अंतरराष्ट्रीय गीता महोत्सव का मंच सजने जा रहा है। इस मंच के माध्यम से राजस्थान के हर कोने में पवित्र ग्रंथ गीता के उपदेश पहुंचेंगे। यह उपदेश गीता मनीषी स्वामी ज्ञानानंद के विशेष प्रयासों से आमजन तक पहुंचेंगे।
अहम पहलू यह है कि राजस्थान के नाथद्वारा सरकार, केडीबी व संस्थाओं के सहयोग से 14 व 15 मार्च को अंतरराष्ट्रीय गीता महोत्सव का आयोजन किया जा रहा है। इस महोत्सव के कार्यक्रमों का शेड्यूल भी जारी किया गया है।
गीता मनीषी स्वामी ज्ञानानंद महाराज के सानिध्य में 14 व 15 मार्च को अंतरराष्ट्रीय गीता महोत्सव में गीता संगोष्ठी, वैश्विक गीता पाठ, गीता यज्ञ जैसे कार्यक्रम मुख्य आकर्षण का केंद्र रहेंगे। इन कार्यक्रमों के सफल आयोजन के लिए मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के आदेशानुसार कुरुक्षेत्र विकास बोर्ड के अधिकारियों ने तैयारियों शुरू की हैं।
केडीबी के मानद सचिव उपेंद्र सिंगल ने बातचीत करते हुए कहा कि मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के निर्देशानुसार और गीता मनीषी स्वामी ज्ञानानंद के सानिध्य में समाजसेवी, धार्मिक संस्थाओं के सहयोग से राजस्थान के नाथद्वारा में 14 व 15 मार्च को अंतरराष्ट्रीय गीता महोत्सव का आयोजन किया जाएगा।
उन्होंने कहा कि 14 मार्च को श्रीमद् भगवद्गीता की सार्वभौमिक प्रासंगिकता पर विचार विमर्श करने के लिए गीता संगोष्ठी का आयोजन होगा। इसके साथ ही पवित्र ग्रंथ गीता के दिव्य संदेश का भव्य जन जागरण करने के उद्देश्य से गीता शोभायात्रा का आयोजन होगा, 15 मार्च को एक स्वर एक विश्व गीता का दिव्य संदेश विश्व के कोने कोने तक पहुंचाने के लिए वैश्विक गीता पाठ का आयोजन होगा और विश्व शांति एवं समृद्धि के लिए वैदिक अग्नि अनुष्ठान के लिए गीता यज्ञ का आयोजन होगा। उन्होंने कहा कि 14 व 15 मार्च को रोजाना श्रद्धा और भक्ति से अलौकिक गीता आरती का आयोजन होगा तथा पवित्र ग्रंथ गीता की शिक्षाओं एवं सांस्कृतिक धरोहर को प्रदर्शित करती एक भव्य प्रदर्शनी का भी आयोजन किया जाएगा।
केडीबी के मानद सचिव उपेंद्र सिंगल का कहना है कि गीता मनीषी स्वामी ज्ञानानंद के सानिध्य में अंतरराष्ट्रीय गीता महोत्सव की तैयारियों शुरू कर दी हैं। इस कार्यक्रम का आयोजन श्री अखिल भारतीय महेश्वरी सेवा सदन में होगा और समाजसेवी और धार्मिक संस्थाओं के सहयोग से इस महोत्सव का सफल आयोजन किया जाएगा। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार कुरुक्षेत्र विकास बोर्ड की तरफ से भी तैयारियों की जा रही हैं।

