Wednesday, January 28, 2026
Homeहरियाणारोहतकरोहतक में रोड के नजदीक पड़ा मिला भ्रूण, डिलीवरी के बाद खाली...

रोहतक में रोड के नजदीक पड़ा मिला भ्रूण, डिलीवरी के बाद खाली जगह में फेंका

रोहतक। रोहतक में लगातार ममता को शर्मसार करते मामले सामने आ रहे हैं। कुछ दिन पहले मिली बच्ची के परिजनों का अभी तक कुछ पता नहीं चला और आज बुधवार सुबह गांव बैंसी में एक भ्रूण पड़ा हुआ मिला है। ईदगाह के पास भ्रूण पड़ा मिलने से हड़कंप मच गया। जब सुबह लोग घूमने के लिए गए तो उन्होंने मेन सड़क से करीब 100 से 150 मीटर की दूरी पर भ्रूण पड़ा देखा। जिसके आसपास खून बिखरा होने से आशंका जताई जा रही है कि डिलीवरी के बाद भ्रूण फेंका गया है। इस घटना की सूचना लाखनमाजरा पुलिस को दे दी। पुलिस ने सूचना मिलते ही मौके पर पहुंचकर जांच आरंभ कर दी।

पुलिस की प्राथमिक जांच के अनुसार भ्रूण की उम्र करीब 4-5 माह लग रही है। वहीं आसपास में खून बिखरा हुआ है। जिसे देखकर लग रहा है कि यहां पर ही महिला ने भ्रूण की डिलीवरी की है। इसके बाद महिला यहां पर ही भ्रूण फेंककर चली गई। मृत भ्रूण गांव बैंसी में ईदगाह के पास मिला है। जो रोड से करीब 100 मीटर दूर खाली जगह में पड़ा हुआ था। गांव बैंसी के सरपंच अमन ने बताया कि उनके गांव में भ्रूण पड़ा होने की सूचना पर वे भी मौके पर पहुंचे थे। वहीं गांव वालों से पूछताछ के बाद पता चला कि रात को किसी महिला के चिल्लाने की आवाज भी आ रही थी।

जिससे अनुमान लगाया जा रहा है कि महिला ने भ्रूण की डिलीवरी भी यहां पर ही हुई है। वहीं मौके के हालात भी ऐसी ही जानकारी दे रहे हैं। हालांकि महिला गांव की नहीं लग रही। अगर गांव की होती तो उसका पता लग जाता। थाना लाखनमाजरा के एसएचओ समरजीत सिंह ने बताया कि गांव बैंसी में भ्रूण मिला है। प्राथमिक जांच के अनुसार उसकी उम्र 4-5 महीने है। पुलिस भ्रूण को यहां फेंकने वाले व इसकी मां की तलाश करने में जुटी है। वहीं अज्ञात के खिलाफ केस दर्ज करके आगे की कार्रवाई की जाएगी। एफएसएल टीम को भी मौके पर बुलाया गया है।

RELATED NEWS

Most Popular